डीडी मध्यप्रदेश पर शुरू हुआ बुंदेली समाचार, अब रोज़ दोपहर 12 बजे होगा प्रसारण

बुंदेली समाचार प्रतिदिन दोपहर 12 बजे डीडी एमपी पर होगा प्रसारित

डीडी मध्यप्रदेश पर समाचार एकांश बुंदेली समाचार का शुभारंभ

भोपाल

क्षेत्रीय बोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डीडी न्यूज़ मध्यप्रदेश पर आज समाचार एकांश 'बुंदेली समाचार' का शुभारंभ किया गया। महानिदेशक, डीडी (न्यूज़) सुममता वर्मा ने दूरदर्शन केंद्र, भोपाल में आयोजित समारोह में इस विशेष समाचार बुलेटिन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त महानिदेशक, डीडी न्यूज़ (पीबी-शब्द) सुऋतु शुक्ला, निदेशक एवं क्षेत्रीय समाचार प्रमुख, डीडी न्यूज़ मध्यप्रदेश श्रीमती पूजा पी. वर्धन, वरिष्ठ बुंदेली साहित्यकार एवं पद्मसे सम्मानित कैलाश मड़वैया, वरिष्ठ अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि बुंदेली जैसी समृद्ध लोकभाषा में समाचार प्रसारण क्षेत्र के लोगों को उनकी अपनी बोली में विश्वसनीय समाचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का प्रभावी माध्यम बनेगा।

महानिदेशक, डीडी (न्यूज़) सुममता वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक प्रसारक के रूप में प्रसार भारती भारतीय भाषाओं, बोलियों तथा सांस्कृतिक विविधता के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। अतिरिक्त महानिदेशक, डीडी न्यूज़ (पीबी-शब्द) ऋतु शुक्ला ने कहा कि क्षेत्रीय बोलियों में समाचार प्रसारण से दर्शकों की सहभागिता बढ़ेगी तथा उनके साथ विश्वास का संबंध और अधिक सुदृढ़ होगा।

निदेशक एवं क्षेत्रीय समाचार प्रमुख, डीडी न्यूज़ मध्यप्रदेश श्रीमती पूजा पी. वर्धन ने कहा कि 'बुंदेली समाचार' डीडी न्यूज़ मध्यप्रदेश का पहला बोली आधारित समाचार बुलेटिन है, जो प्रतिदिन दोपहर 12 बजे आधे घंटे (30 मिनट) प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दूरदर्शन की भारत की समृद्ध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन की प्रतिबद्धता का एक ऐतिहासिक पड़ाव है। बुंदेली मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की सबसे व्यापक रूप से बोली जाने वाली बोलियों में से एक है। लंबे समय से साहित्यकारों, कलाकारों, सांस्कृतिक संस्थाओं और आमजन द्वारा बुंदेली में समर्पित समाचार बुलेटिन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। 'बुंदेली समाचार' के शुभारंभ के साथ यह लंबे समय से चली आ रही जन-आकांक्षा आज साकार हुई है।

'बुंदेली समाचार' का शुभारंभ क्षेत्रीय बोलियों को प्रोत्साहन देने तथा बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में डीडी न्यूज़ मध्यप्रदेश की एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

More From Author

पीआईबी भोपाल द्वारा अनूपपुर में आयोजित हुआ वार्तालाप कार्यक्रम

सोना हुआ और महंगा! गोल्ड रेट ₹1.50 लाख पर पहुंचा, खरीदारी से पहले जानें ताजा भाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.