गोरखपुर में योगी संग युवाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा, दिखा राष्ट्रभक्ति का जोश

गोरखपुर
हाथों में तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे…। सोमवार को गोरखपुर की सड़कों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे-आगे तो पीछे-पीछे युवाओं का हुजूम दिखाई दिया। सीएम की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू हुई यात्रा में युवाओं के साथ व्यापारी, विभिन्न धर्म-समुदायों के लोग और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तिरंगा क्रांतिकारियों और स्वाधीनता सेनानियों के त्याग और बलिदान की अमिट पहचान है। राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना हर नागरिक का दायित्व होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली। मंगल पांडेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और गोरखपुर के वीर बंधू सिंह तक अनेक क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। काकोरी और चौरीचौरा की घटनाओं ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का काम किया।

काकोरी को सिर्फ डकैती कहना गलत
योगी आदित्यनाथ ने काकोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि क्रांतिकारियों ने अंग्रेजी शासन का धन कब्जे में लेकर उसे देश की आजादी के संघर्ष में इस्तेमाल किया था। ऐसे में काकोरी की घटना को केवल डकैती के रूप में देखना क्रांतिकारियों के योगदान को कम करके आंकना है। राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी समेत तमाम क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। इन वीरों को सम्मान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

जाति-पाति से ऊपर था क्रांतिकारियों का राष्ट्रभाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के क्रांतिकारियों ने जाति-पाति से ऊपर उठकर राष्ट्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। तिरंगा यात्रा उसी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और अमर बलिदानियों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान नहीं, बल्कि उनका सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने का आह्वान किया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
तिरंगा यात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू होकर टाउनहॉल, गोलघर और यातायात तिराहा होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंची। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया। महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

युवाओं में दिखा खास उत्साह
तिरंगा यात्रा में युवाओं की भागीदारी खास रही। हाथों में तिरंगा लेकर युवा पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। यात्रा में शामिल लोगों में देशभक्ति और आजादी के अमर नायकों के प्रति सम्मान का भाव साफ दिखाई दिया। महाराणा प्रताप की प्रतिमा के सामने माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन हुआ।

More From Author

लखनऊ-आगरा के नौ होटल बने ट्रेनिंग पार्टनर, युवाओं को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण

3 किलोवाट सोलर रूफटॉप प्लांट से पूरन दास का 5000 से घटकर 1000 हुआ बिजली बिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.