CM डॉ. यादव की युवाओं से अपील, बोले- डॉक्टर-इंजीनियर बनने के साथ राजनीति में भी आएं

युवा, डॉक्टर-इंजीनियर बनने के साथ ही राजनीति में आकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

देश के युवाओं को लोकतंत्र, संसदीय परम्परा और नीति निर्माण से जोड़ने की पहल अनुकरणीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संसद यूथ पार्लियामेंट : 2026 को किया संबोधित
12 राज्यों और 58 नगरों के युवा हुए शामिल
विधानसभा भवन स्थित विधान परिषद में हुआ कार्यक्रम

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश के युवाओं को राजनीति में आकर अपनी सक्रिय भागीदारी करनी होगी। युवा, डॉक्टर-इंजीनियर बनने के साथ ही राजनीति में आकर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं। देश की आजादी के लिए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने आईसीएस की परीक्षा पास करने के बाद नौकरी ठुकराकर अंग्रेजों को करारा जवाब दिया था। वे देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए स्वाधीनता के आंदोलन में कूद पड़े। देश के युवाओं को लोकतंत्र, संसदीय परम्परा और नीति निर्माण से जोड़ने की यह पहल अनुकरणीय है। देश का युवा भारत के भविष्य के लिए मंथन करने बैठा है। यह एक सुखद अनुभूति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को विधानसभा भवन स्थित विधान परिषद में आयोजित 'संसद यूथ पार्लियामेंट 2026' के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर तथा दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने “संसद यूथ पार्लियामेंट 2026” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभर से युवा प्रतिभागी संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संसदीय शैली में विचार-विमर्श करेंगे। यह कार्यक्रम साकार दृष्टि सोशल फाउंडेशन और कैलिडोहोप नागपुर द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में अतिथिगण का अंगवस्त्रम और प्रतीक चिन्ह भेंटकर अभिवादन किया गया।

मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता के लिए व्यापक स्तर पर सुझाव लिए गए

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अनेकता में एकता, सबका साथ सबका विकास सबके विश्वास और सबके प्रयास एवं जियो और जीने दो के भाव से आगे बढ़ रहा है। यह केवल शब्दों से नहीं हो सकता है। इसे धरातल पर उतारने के लिए संकल्प शक्ति की आवश्यकता है। हमारे लिए रामचंद्र और रहीम के लिए अधिकार समान है। मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लिए व्यापक स्तर पर सुझाव लिए। सभी जिलों और सभी धर्मों के लोगों ने इस पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। यूसीसी के सर्वे में 76 प्रतिशत मुस्लिम बहनों ने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया। मध्यप्रदेश देश के बड़े राज्यों में अग्रणी है, जिसने यूसीसी लागू करने के लिए विधेयक पारित किया है।

सनातन संस्कृति में मातृसत्ता को सर्वोपरि रखा गया है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का दिल है और भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। 'संसद यूथ पार्लियामेंट 2026' के आयोजन में 12 राज्य और 58 नगरों के युवाओं ने हिस्सा लिया है। सदन कल्याणकारी नीतियों का निर्माण करने वाला पवित्र स्थान है। इस युवा संसद में बेटियों की सक्रिय भागीदारी महिला सशक्तिकरण का प्रभावी उदाहरण है। सनातन संस्कृति में मातृसत्ता को सर्वोपरि रखा गया है। हमारी संस्कृति में वसुधैब कुटुम्बकम का भाव समाहित है। दुनिया हमारे लिए एक परिवार की तरह है। मां परिवार का आधार होती हैं, माता के बिना भगवान भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी न्यायपालिका के निर्णयों का अक्षरश: सम्मान करते हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद अयोध्या में भव्य मंदिर बन पाया है।

युवा संसद का आयोजन लघु भारत की तरह है

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का हृदय प्रदेश होने के साथ सभी विधाओं और संपन्नताओं से समृद्ध है। मध्यप्रदेश देश को नेतृत्व देने के लिए संस्कारधानी के रूप में भी जाना जाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश को आगे बढ़ाने में प्राण-प्रण से जुटे हैं। आज विधान परिषद में युवा संसद का आयोजन लघु भारत की तरह है। युवा अवस्था में व्यक्ति स्वयं के विकास और भारत के भविष्य का निर्धारण करने में अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकता है। आदिगुरु शंकराचार्य ने युवा अवस्था में देश को एकसूत्र में पिरोने के लिए यात्रा की और सनातन मठों की स्थापना की। आजादी के लिए पहली क्रांति 1857 में हुई, जिसका नेतृत्व भी युवाओं ने किया था। चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, अशफाक उल्लाह खां, पं. रामप्रसाद बिस्मिल जैसे अनेक क्रांतिकारियों ने युवा अवस्था में ही भारत को आजादी दिलवाने के लिए सघर्ष किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जेसे चिंतक भी समान नागरिक संहिता के समर्थक थे। इसी क्रम में डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 का विरोध किया और एक देश, एक प्रधान और एक विधान की पैरवी की। आज हम समान नागरिक संहिता की ओर बढ़े हैं। जहां सभी नागरिकों को समान रूप से अधिकार मिलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवा पीढ़ी को स्वच्छता आंदोलन और विकसित भारत के संकल्प के जोड़ा गया है। विकसित भारत में युवाओं की भूमिका का सदैव स्मरण रखा जाएगा।

प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं

दिलीप बिल्डकॉन के सीएमडी दिलीप सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में भारी उद्योगों के साथ-साथ छोटी औद्योगिक ईकाइयों को भी अच्छा निवेश मिल रहा है। इन प्रयासों से रोजगार के अवसर भी बड़े पैमाने पर सृजित होंगे। सूर्यवंशी ने संसद यूथ पार्लियामेंट 2.0 के माध्यम से युवाओं द्वारा की गई पहल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को सेवा और समर्पण के भाव से देश और समाज के लिए कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की नीतियों की युवाओं ने की सराहना

युवा सांसद की भूमिका में आरब सिंह शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव चाहते हैं कि हमारे युवा नौकरी पाने वाले नहीं, रोजगार प्रदाता बनें। मध्यप्रदेश सरकार ने खेल एवं युवाओं के कल्याण के लिए विशेष रूप से प्रयास कर रही है। प्रदेश में 274 सांदीपनि विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, अभी 200 सांदीपनि विद्यालय और बनाए जाने हैं। विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के लिए शिक्षित युवाओं का होना जरूरी है। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य पद्मडॉ. विकास महात्मे और विधानसभा के सचिव अरविंद शर्मा का सम्मान किया गया। उद्घाटन समारोह में आयोजक विश्वजीत चोपड़े, सुदेवयानी चोपड़े, सुवैशाली खोबड़े सहित अनेक युवा सदस्य उपस्थित थे।

 

More From Author

पिछले वर्ष लगभग 1800 करोड़ रुपए का बासमती हुआ निर्यात

फ्लाइट विवाद के बाद एयर इंडिया का बड़ा एक्शन! सभी पायलटों के होंगे Psychoactive Substance Test

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.