मध्य प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम! 14 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट, भोपाल में हल्की बारिश की संभावना

भोपाल 
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है। पूर्वी हिस्से में निम्न दाब क्षेत्र और मानसून की द्रोणिका सक्रिय रहने से कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। शनिवार को तेज बारिश का दौर रहा। नदी-नाले उफान पर हैं। अब रविवार को प्रदेश के 14 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सबसे ज्यादा असर जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में रहने की संभावना है। राजधानी भोपाल में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम केंद्र ने श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और सीधी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम केंद्र (IMD) भोपाल ने अगले 24 घंटे के दौरान श्योपुर, मुरैना, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, डिंडौरी और सीधी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, मंडला, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होगी।

सीधी में बारिश से 104 करोड़ की सड़क बही
इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का दौर बना रहा। बारिश के बीच सीधी में करीब छह महीने पहले बनी 104 करोड़ रुपए की सड़क का बड़ा हिस्सा पानी के तेज बहाव में बह गया। पन्ना में उफनती नदी में डंपर बह गया, जबकि सतना में बाइक समेत तीन लोग नाले में बह गए। इनमें दो लोग तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन एक व्यक्ति लापता है।

पन्ना के धरमपुर थाना क्षेत्र में कालिंजर से अजयगढ़ आ रहा डंपर शहपुरा नदी के तेज बहाव में बह गया। चालक सनी उर्फ रोहित सिंह ने तैरकर अपनी जान बचा ली। सतना जिले के नागौद क्षेत्र के ललचहा-इटमा नाले में शुक्रवार देर रात तेज बहाव के दौरान बाइक समेत तीन लोग बह गए। बालेंद्र सिंह और दीपू पांडेय तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीसरा व्यक्ति बहकर लापता हो गया।

छतरपुर जिले के महाराजपुर के हरपई पुरवा में बारिश के दौरान कुम्हेड़ नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 250-300 लोगों की परेशानी बढ़ गई। पुल नहीं होने से ग्रामीणों का महाराजपुर से संपर्क मुश्किल हो जाता है। अभिभावक बच्चों को कंधे पर बैठाकर नदी पार कराते हैं। बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को भी इसी रास्ते से जाना पड़ता है।

नरसिंहपुर में लगातार बारिश और बरगी बांध के गेट खुले होने से नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरमान के रेतघाट पर बना पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। वहीं नरसिंहपुर-जबलपुर को जोड़ने वाला झांसीघाट पुल भी जलमग्न होने की कगार पर पहुंच गया है।

बारिश ने बढ़ाई परेशानी,नदियां उफान पर
लगातार बारिश का असर अब सड़क और आवागमन पर भी दिखाई देने लगा है। बालाघाट में नैनपुर के पास भीमा नाला उफान पर आने से रास्ते पर आवागमन रोकना पड़ा। नरसिंहपुर में बरगी बांध के गेट खुले होने और लगातार बारिश के कारण नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बरमान का रेतघाट पुल पानी में डूब गया है, जबकि नरसिंहपुर-जबलपुर मार्ग का झांसीघाट पुल भी जलमग्न होने की स्थिति में पहुंच गया है। सतना के नागौद में 24 घंटे के दौरान करीब 6.4 इंच बारिश दर्ज की गई।

26 अगस्त तक बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 21 और 22 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा। अब 23 से 26 अगस्त के बीच भी कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। 

40 जिलों में अब भी बारिश का आंकड़ा कम
प्रदेश में लगातार बारिश के बावजूद कई जिलों में सामान्य से कम पानी गिरा है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश का आंकड़ा करीब 19 प्रतिशत तक कम है। वहीं 40 जिलों में बारिश 1 से 51 प्रतिशत तक कम दर्ज की गई है।पश्चिमी हिस्से के भी कई जिलों में सामान्य से 2 से 47 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। इसके उलट अनूपपुर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

जुलाई में कोटा पूरा, फिर भी मौसम का हिसाब बराबर नहीं
जून में प्रदेश में सामान्य से करीब 14 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। जुलाई में मानसून सक्रिय होने के बाद बारिश ने रफ्तार पकड़ी और महीने का कोटा पूरा हो गया। हालांकि बीच में मानसून के दो ब्रेक आने से बारिश का सिलसिला प्रभावित हुआ। अगस्त के दौरान दोबारा मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय होने के बावजूद प्रदेश में अब भी कुल बारिश  सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम है। प्रदेश में सामान्य मानसूनी बारिश करीब 37.3 इंच मानी जाती है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में सामान्य बारिश का आंकड़ा करीब 38 से 39 इंच के आसपास है। 

More From Author

Shubman Gill का कोलंबो में कमाल! सचिन-सहवाग के एलीट क्लब में एंट्री, बनाया बड़ा रिकॉर्ड

कुबरेश्वर धाम में कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 3 दिन सीहोर रोड बंद; जानें वैकल्पिक रास्ते

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13967/1

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.