पीएम-राहत योजना के तहत धमतरी जिले में 31 प्रकरणों में से 13 दुर्घटना पीड़ितों को मिला निःशुल्क उपचार का लाभ

धमतरी

सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय पीड़ित के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी संवेदनशील समय में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-राहत (प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट) योजना का प्रभावी क्रियान्वयन धमतरी जिले में किया जा रहा है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचते ही कैशलेस एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उपचार में आर्थिक कठिनाई अथवा कागजी औपचारिकता बाधा न बने।
5 मई 2025 से लागू योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती होने के दिन से अधिकतम सात दिनों तक प्रति व्यक्ति 1 लाख 50 हजार रुपए तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना का मूल उद्देश्य दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल व्यक्ति को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना और गंभीर स्थिति में जीवन बचाने की संभावनाओं को अधिकतम करना है।

जिले में 31 प्रकरणों में 13 पीड़ित हुए लाभान्वित

धमतरी जिले में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों और संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में अब तक 31 सड़क दुर्घटना प्रकरणों में योजना के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें 13 दुर्घटना पीड़ितों को योजना का लाभ मिला है। इनमें गंभीर रूप से घायल मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।

सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधा

जिले के सभी संबंधित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों, जिनमें जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) शामिल हैं, के माध्यम से योजना के क्रियान्वयन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जिले के 20 निजी अस्पताल भी योजना से जुड़े हैं। इनमें 19 अस्पताल आयुष्मान भारत के तहत इम्पैनल्ड हैं, जबकि एक निजी अस्पताल पीएम-राहत योजना के तहत विशेष रूप से इम्पैनल्ड है। इस नेटवर्क के माध्यम से दुर्घटना पीड़ितों को उनके निकट उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधा में शीघ्र उपचार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

त्वरित उपचार और मानवीय संवेदना हमारी प्राथमिकता : कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी दुर्घटना पीड़ित को आर्थिक कारणों अथवा औपचारिकताओं के चलते उपचार के लिए इंतजार न करना पड़े। पीएम-राहत योजना जरूरतमंदों को संकट की घड़ी में तत्काल चिकित्सा सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अस्पतालों को योजना के प्रावधानों के अनुरूप संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
 
गोल्डन ऑवर में उपचार से बच सकती हैं कई जानें : सीएमएचओ

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू. एल. कौशिक ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाना गंभीर स्थिति और मृत्यु का एक प्रमुख कारण हो सकता है। पीएम-राहत योजना दुर्घटना के बाद के शुरुआती और महत्वपूर्ण समय में उपचार की बाधाओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गोल्डन ऑवर में त्वरित एवं निःशुल्क उपचार मिलने से मरीज की स्थिति को बिगड़ने से रोकने और जीवन बचाने की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
  नागरिकों के लिए सूचना: सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र अथवा योजना से संबद्ध अस्पताल पहुंचाएं। पीएम-राहत योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए नागरिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, धमतरी से संपर्क कर सकते हैं।

 

More From Author

लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2 का भव्य डिस्ट्रिक्ट इंस्टॉलेशन समारोह सम्पन्न

रक्षाबंधन पर 6 स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बना रहीं बीज और फैंसी राखियां, अब तक डेढ़ लाख रुपये की बिक्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13967/1

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.