सरकारी अस्पतालों पर बढ़ा भरोसा, ओपीडी में 12.7 तो आईपीडी में 19.7 फीसदी का उछाल

लखनऊ

उत्तर प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में एक साल के भीतर बड़ा इजाफा हुआ है। हॉस्पिटल इनफॉरमेशन सिस्टम (एचआईएस) के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 2025-26 में ओपीडी मरीजों की संख्या 12.7 प्रतिशत और आईपीडी मरीजों की संख्या 19.7 प्रतिशत बढ़ी है। आमजन को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह कहना है प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का। 
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एचआईएस के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2024-25 में प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में 23,26,92,346 मरीज पहुंचे थे। वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 26,21,86,275 हो गया। यानी एक वर्ष में ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या में 2,94,93,929, करीब 2.95 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई।

भर्ती मरीजों की संख्या में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी

गंभीर एवं जरूरतमंद मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार देने वाली आईपीडी सेवाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में जहां 1,03,06,336 मरीज सरकारी अस्पतालों में भर्ती हुए थे, वहीं 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 1,23,35,444 पहुंच गई। इस तरह एक साल में आईपीडी में 20,29,108, यानी करीब 20.29 लाख मरीजों की वृद्धि हुई। प्रतिशत के लिहाज से आईपीडी सेवाओं में 19.7 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया।

बेहतर इलाज और आधुनिक सुविधाओं पर जोर

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य सरकारी अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में अस्पतालों की सुविधाओं और संसाधनों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से अपग्रेड करने के साथ डायलिसिस, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांच की क्षमता बढ़ाई गई है। मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस सेवाओं को भी बेहतर किया गया है।

योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर फोकस

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार का सीधा लाभ मरीजों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुलभ, सक्षम, आधुनिक एवं मरीज-केंद्रित बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ओपीडी और आईपीडी के बढ़ते आंकड़े प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।

More From Author

हाईकोर्ट से मिला झटका तो राजभर बोले- ‘अखिलेश जी हिजाब पर क्या सोचते हैं, मौलाना जानना चाहते हैं’

कानपुर में स्वाइन फ्लू का खतरा! हैलट-उर्सला में 20-20 बेड आरक्षित, स्वास्थ्य विभाग सतर्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13967/1

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.