घर में अचानक भड़क रही आग से दहशत! डबरा में 3 दिन से कपड़े-बिस्तर जलने का सिलसिला

डबरा

भितरवार अनुविभाग की ग्राम पंचायत पुरा बनवार में पिछले तीन दिनों से एक परिवार के घर में अचानक आग लगने की घटनाओं ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया है। घर में रखे कपड़े, बिस्तर, बक्से, साड़ियां और अन्य सामान अचानक आग की चपेट में आ रहे हैं।

परिवार का कहना है कि रोजाना पहनने वाले कपड़ों से लेकर घर में रखे सामान तक में अचानक आग लग रही है। चार माह पहले हुई बेटे की शादी के बाद घर में आई नई बहू की साड़ी भी अचानक आग की चपेट में आ चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार भय और चिंता के माहौल में है।

परिवार को उठाना पड़ रहा है भारी नुकसान

परिवार के अनुसार पुरा बनवार निवासी इंदर कुशवाह के घर में मंगलवार से आग लगने का सिलसिला शुरू हुआ। मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर करीब चार से पांच बार आग लगी। इसके बाद बुधवार को दो बार और गुरुवार को भी तीन से चार बार आग लगने की घटना बताई गई है। खास बात यह है कि आग घर में रखे अलग-अलग सामान में लग रही है, जिससे परिवार के सदस्य लगातार सतर्क रहकर सामान को सुरक्षित करने और आग बुझाने में जुटे हुए हैं। हालांकि इस रहस्यमई आग की घटना में संबंधित परिवार का भारी नुकसान हो चुका है।

ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं

लगातार आग लगने की जानकारी गांव में फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच रहे हैं। लोग अपनी आंखों से घटनाक्रम को देखने का प्रयास कर रहे हैं। आग लगने का कारण सामने नहीं आने से ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम पंचायत सरपंच नीतू परिहार, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला ग्रामीण अध्यक्ष बनवारी सिंह परिहार और पंचायत सचिव भरोसी कुशवाहा, ग्राम पटवारी के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने परिवार के सदस्यों से घटनाओं की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही मामले से प्रशासन को अवगत कराया गया है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारण की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जा सके।

 

More From Author

छत्तीसगढ़ में हजारों वनकर्मियों को बड़ी राहत! 3630 दैनिक वेतनभोगियों के नियमितीकरण का रास्ता साफ

डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की तेज, पारदर्शी और विश्वसनीय डिलीवरी करें सुनिश्चित: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.