कुरूद की ग्राम पंचायतों में योजनाओं और विकास कार्यों का आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने किया निरीक्षण

रायपुर

विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-(ग्रामीण) के संचालक  तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण, अमृत सरोवर एवं पंचायत भवन का निरीक्षण किया। साथ ही ग्राम पंचायत चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बालिका शौचालय निर्माण एवं श्रमिकों से की चर्चा

ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त  सिन्हा ने कार्य में लगे श्रमिकों से बातचीत की तथा उन्हें मजदूरी भुगतान की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों के मजदूरी भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सरोवर से स्व-सहायता समूह द्वारा किए जा रहे मछली पालन की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने समूह की आयवर्धक गतिविधियों, आजीविका के साधनों और कार्यों की प्रगति के संबंध में सदस्यों से चर्चा की तथा ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

क्यू आर कोड स्कैन कर देखी ग्राम पंचायत में हुए कार्यों की जानकारी

आयुक्त  सिन्हा ने ग्राम पंचायत भवन में क्यू आर कोड स्कैन कर पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने क्लार्ट ऐप एवं युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक से ली। उन्होंने पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, समयबद्ध प्रगति तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चरमुड़िया आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण

भ्रमण के दौरान आयुक्त  सिन्हा ने ग्राम पंचायत चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, उपलब्ध सुविधाओं एवं संचालन की स्थिति की जानकारी ली तथा बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया।

कार्ययोजना में स्थानीय जरूरतों को मिले प्राथमिकता

भ्रमण के अंत में जनपद पंचायत कुरूद कार्यालय में कार्यक्रम अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तैयार करने, कार्यों को Secure एवं युक्तधारा पोर्टल में शामिल करने तथा स्वीकृति की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई।

आयुक्त  सिन्हा ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत बारिश के दौरान तथा बारिश के बाद प्राथमिकता के आधार पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्यों का चयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना केवल औपचारिकता न होकर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप उपयोगी, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण का आधार बने। उन्होंने कार्यों की समयबद्ध स्वीकृति, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम पंचायतों में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से कार्यों की स्वीकृति एवं प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का अधिकतम लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

More From Author

बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा और अधोसंरचना के विस्तार से संवर रहा ग्रामीण अंचल

7 सितंबर राशिफल: सोमवार का दिन इन राशियों के लिए रहेगा खास, मां लक्ष्मी की कृपा से मिलेगा आर्थिक लाभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.