iPhone 18 आते ही बदला बाजार, iPhone 17 की कीमत में ₹17 हजार का उछाल

टेक वर्ल्ड की यह पुरानी रवायत रही है कि जब भी Apple अपना नया iPhone लॉन्च करता है, तो पुराने मॉडल की कीमतें झटके से गिर जाती हैं. लोग इंतजार करते हैं कि नया फोन आए और वे पिछला iPhone कुछ किफायती दामों में खरीद सकें. लेकिन इस बार हवा का रुख बिल्कुल उलट है.

iPhone 18 सीरीज़- iPhone 18 Pro और Pro Max के बाज़ार में आते ही, ओपन और ऑनलाइन मार्केट में एक ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. जो iPhone 17 कल तक ₹82,900 में आसानी से उपलब्ध था, उसकी आधिकारिक शुरुआती कीमत Apple की वेबसाइट पर रातों-रात 21 फीसदी उछलकर ₹99,900 पहुंच गई. यानी सीधे-सीधे ₹17,000 का फटका!

ई-कॉमर्स पोर्टल्स पर कुछ ही घंटों के भीतर 'सोल्ड आउट' का बोर्ड लटक गया. ऐसे में हमने हकीकत जानने के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े स्टोर और मोबाइल बाजारों का रुख किया. जो तस्वीर सामने आई, उसने कई सवाल खड़े कर दिए. एक दिन पहले तक जिन दुकानों पर iPhone 17 उपलब्ध बताया जा रहा था, लॉन्चिंग के कुछ ही घंटों बाद वहां स्टॉक खत्म होने की बात सामने आने लगी.

जमाखोरी और बुकिंग का खेल
सबसे पहले हम गाजियाबाद के एक नामी मॉल' पहुंचे. यहां एक बड़े मल्टी-ब्रांड स्टोर पर सूरज नाम के सेल्समैन से मुलाकात हुई. जब हमने पूछा कि क्या iPhone 17 मिल पाएगा? उसने बेझिझक कहा-"हां, मिल जाएगा, लेकिन नए रेट पर!" हमने सवाल दागा कि नया iPhone 18 तो अभी बाजार में पूरी तरह डिलीवर भी नहीं हुआ, फिर पुराने फोन पर नया रेट क्यों? सूरज ने तुरंत पलटी मारी और बात संभालते हुए बोला- "अभी तो हमारे पास फोन उपलब्ध नहीं है, लेकिन हम नए रेट्स पर एडवांस बुकिंग ले रहे हैं. 5 दिन बाद डिलीवरी मिल जाएगी."

जब हमने पूछा कि शोरूम में मौजूद पुराना स्टॉक कहां गया, तो उसने रटा-रटाया जवाब चिपका दिया कि कंपनी ने पूरा स्टॉक वापस मंगवा लिया है. लेकिन उसकी झिझक यह ऐसा बयां कर रही थी कि बैकग्राउंड में स्टॉक को होल्ड (जमाखोरी) करके जबरन किल्लत बनाई जा रही है.

बाजार से भी गायब हुए पुराने फोन
हमारी अगली पहली मंजिल थी ईस्ट दिल्ली स्थित एक नामी मॉल का नामी इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर. हमने आम ग्राहक बनकर काउंटर पर खड़े सेल्समैन से iPhone 17 की उपलब्धता पूछी. सेल्समैन ने मुस्कुराते हुए कहा-"फोन तो मिल जाएगा सर, लेकिन इसके साथ ₹8,500 का एक साल वाला कंपलसरी एक्सटेंडेट वॉरंटी लेनी होगी." हालांकि यह बात स्टोर मैनेजर ने तुरंत खारिज कर दी और बताया कि एक्सटेंडेट वॉरंटी बिल्कुल भी अनिवार्य नहीं है.

जीएसटी बिल के मुद्दे पर स्टोर मैनेजर ने बाजार का एक कड़वा सच उजागर करते हुए बताया, "बाज़ार में इस वक्त iPhone 17 की भारी ब्लैक मार्केटिंग (होर्डिंग) चल रही है. कुछ बड़े डीलर्स अपने लोगों को आम ग्राहक बनाकर भेज रहे हैं और स्टॉक उठाकर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं. इसलिए हम सिर्फ जेनुइन (वास्तविक) खरीदारों को ही जीएसटी बिल पर फोन दे रहे हैं."  यह एकमात्र ऐसा स्टोर रहा जहां ग्राहकों को पुरानों दरों पर iPhone 17 बेचा जा रहा था और यहां भी जल्द ही iPhone 17 का स्टॉक सोल्ड आउट हो गया.

स्थानीय बाज़ार और ग्राहकों का दर्द
मॉल का चक्कर काटने के बाद हम ईस्ट दिल्ली के एक लोकल मोबाइल मार्केट पहुंचे, जहां छोटी-बड़ी दर्जनों दुकानें थीं. हर दुकान के काउंटर पर एक ही जवाब सुनने को मिला- 'iPhone 17 मिल ही कहा रहा है भैया!'

हालांकि, दुकान के बाहर हमारी मुलाकात कुछ ऐसे परेशान ग्राहकों से हुई जो कई घंटों से फोन की तलाश में भटक रहे थे.  एक ग्राहक ने दर्द बयां करते हुए बताया- 'अंदर दुकानदार कह रहे हैं कि ऑफिशियल स्टॉक नहीं है, लेकिन अगर आप कैश में  वही ₹82,900 वाला iPhone 17 अभी ₹95,000 तक में चुपके से दिया जा रहा है. यह खुलेआम ब्लैक मार्केटिंग है.'

आम तौर पर नया iPhone आते ही पुराना मॉडल इसलिए सस्ता होता है क्योंकि कंपनियों को अपना बचा हुआ पुराना स्टॉक खाली करना होता है. लेकिन इस बार का परिदृश्य पूरी तरह अलग है. iPhone 18 Pro सीरीज की अत्यधिक ऊंची कीमतों और iPhone 17 की रातों-रात बढ़ी ऑफिशियल प्राइस ने भारतीय बाज़ार में एक अजीब सा पैनिक पैदा कर दिया है.

रिटेलर्स और बड़े डीलर्स को यह अच्छी तरह समझ आ गया है कि कस्टमर अब iPhone 18 के बजाय iPhone 17 को एक बेहतर और किफायती विकल्प मान रहे हैं. इसी भारी मांग का फायदा उठाने के लिए बाज़ार में 'कमी'  पैदा की जा रही है, ताकि पुराना स्टॉक भी एमआरपी या उससे ऊंचे दामों पर ब्लैक में खपाया जा सके.

नई सीरीज लॉन्च होते ही बढ़ी कीमत
 आपको बता दें कि Apple ने iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लॉन्च कर दिया है. नए Pro मॉडल्स में कैमरा, प्रोसेसर और AI को लेकर कई बड़े अपग्रेड किए गए हैं. हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा इनकी कीमत को लेकर हो रही है. भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये, जबकि iPhone 18 Pro Max की कीमत 1,79,900 रुपये रखी गई है. Apple के अनुसार, दोनों मॉडल्स की प्री-बुकिंग 12 सितंबर से शुरू होगी और बिक्री 18 सितंबर से शुरू की जाएगी. इसके अलावा, कंपनी ने अपना पहला फोल्डेबल iPhone भी लॉन्च किया है. iPhone Duo नाम के इस फोन की शुरुआती कीमत 2,99,900 रुपये है.

More From Author

राजस्थान SET 2026: 13 सितंबर को परीक्षा, सुबह 10 बजे बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

युवा पुस्तक नहीं पढ़ना चाहता, यह धारणा उसके साथ अन्याय : मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.