राजस्थानी स्टाइल उड़द दाल कढ़ी-पकोड़ा, बिना तले बनाएं स्वादिष्ट और सॉफ्ट पकोड़े

कढ़ी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है. इसे अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग तरीकों से बनाया जाता है. ज्यादातर घरों में कढ़ी के पकोड़े बेसन से बनाए जाते हैं लेकिन राजस्थान में इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग है. यहां कढ़ी के पकोड़े बेसन की जगह उड़द दाल से तैयार किए जाते हैं. खास बात यह है कि इन पकोड़ों को अलग से तलने की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि इन्हें सीधे उबलती हुई कढ़ी में पकाया जाता है. इससे पकोड़े कढ़ी का खट्टा स्वाद और मसालों का फ्लेवर अच्छी तरह सोख लेते हैं और खाने में बेहद सॉफ्ट लगते हैं.

यह राजस्थानी स्टाइल कढ़ी चावल, रोटी या गरमागरम पूरियों के साथ सर्व की जा सकती है. इसे बनाने में थोड़ी तैयारी जरूर करनी पड़ती है लेकिन इसका स्वाद आपको बेहद पसंद आएगा. तो आइए जानते हैं उड़द दाल से राजस्थानी कढ़ी पकोड़ा बनाने की आसान रेसिपी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
पकोड़े के लिए
1 कप धुली उड़द दाल
आधी छोटी चम्मच नमक
¼ छोटी चम्मच हींग
पानी जरूरत के अनुसार
कढ़ी के लिए:
1 कप दही
4 कप पानी
2 बड़े चम्मच घी
¼ छोटी चम्मच मेथी दाना
10 से 15 काली मिर्च
3 लौंग
1 टुकड़ा दालचीनी
½ छोटी चम्मच राई
½ छोटी चम्मच जीरा
2 तेजपत्ता
10 से 12 करी पत्ते
2 हरी मिर्च
2 मीडियम साइज प्याज
¼ छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
¼ छोटी चम्मच हींग
1 छोटी चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
आधा कप पानी

नमक स्वादानुसार
तड़के के लिए
2 बड़े चम्मच घी
3 से 4 लहसुन की कलियां
थोड़ा सा अदरक
3 सूखी लाल मिर्च
½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
थोड़ा सा हरा धनिया

उड़द दाल से कढ़ी पकोड़ा कैसे बनाएं?

  • सबसे पहले उड़द दाल को 4 से 5 बार साफ पानी से धो लें. इसके बाद दाल को करीब 2 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें. अगर जल्दी बनाना चाहते हैं तो दाल को हल्के गुनगुने पानी में भिगो सकते हैं. दाल अच्छी तरह भीग जाए तो उसका पानी निकालकर इसे मिक्सर जार में डालें.
  • दाल को पीसते समय एक साथ ज्यादा पानी न डालें. पहले 1 बड़ा चम्मच पानी डालकर पीसें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते जाएं. दाल को गाढ़ा और स्मूद पीसना है. दाल पीसने के लिए करीब 4 से 5 बड़े चम्मच पानी की जरूरत पड़ सकती है लेकिन यह दाल के हिसाब से कम-ज्यादा हो सकता है.
  • अब पिसी हुई दाल को एक बाउल में निकाल लें. इसमें आधी छोटी चम्मच नमक और ¼ छोटी चम्मच हींग डालें. इसके बाद दाल को 3 से 4 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें. इससे बैटर हल्का और फ्लफी हो जाएगा.
  • बैटर तैयार हुआ है या नहीं, यह चेक करने के लिए एक बाउल में पानी लें. इसमें थोड़ा सा बैटर डालें. अगर बैटर पानी के ऊपर तैरने लगे तो समझिए यह अच्छी तरह फेंट चुका है.
  • कढ़ी बनाने के लिए एक बाउल में 1 कप दही और 4 कप पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें. आप चाहें तो इसकी जगह तैयार छाछ का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
  • अब कड़ाही में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें. इसमें मेथी दाना, काली मिर्च, लौंग, दालचीनी, राई, जीरा और तेजपत्ता डालें. इसके बाद करी पत्ता और बड़ी कटी हुई हरी मिर्च डाल दें.
  • अब इसमें लंबाई में कटे हुए प्याज डालकर हल्का पकाएं. प्याज को ज्यादा ब्राउन नहीं करना है. इसके बाद हल्दी, हींग और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं. इसमें आधा कप पानी डालें और मसालों को अच्छी तरह पकने दें.
  • जब मसाले अच्छी तरह पक जाएं और घी अलग दिखाई देने लगे, तब इसमें तैयार दही का मिश्रण डालें. इसे डालते समय लगातार चलाते रहें. कढ़ी में उबाल आने तक इसे लगातार चलाना जरूरी है, वरना दही फट सकता है. ध्यान रखें कि इस समय नमक न डालें.
  • जब कढ़ी में अच्छी तरह उबाल आने लगे तो आंच थोड़ी कम कर दें लेकिन कढ़ी को लगातार उबलने दें. अब उड़द दाल के बैटर से छोटे-छोटे पकोड़े तैयार करें. इसके लिए हाथ को हल्का गीला करके बैटर लें और छोटे आकार के पकोड़े बनाकर सीधे उबलती हुई कढ़ी में डालते जाएं. आप चाहें तो चम्मच की मदद से भी पकोड़े डाल सकते हैं.
  • पकोड़े बहुत बड़े न बनाएं, क्योंकि उड़द दाल के पकोड़े पकने के बाद फूल जाते हैं. पकोड़े डालते समय कढ़ी का उबलना बंद नहीं होना चाहिए. करीब 4 से 5 मिनट तक पकोड़ों को कढ़ी में पकाएं. इसके बाद 1 छोटी चम्मच नमक डालें और आंच को धीमा-मीडियम कर दें.
  • अब कढ़ी को लगभग15 मिनट तक पकने दें. इस दौरान पकोड़े अच्छी तरह पक जाएंगे और कढ़ी भी थोड़ी गाढ़ी हो जाएगी.
  • कढ़ी को और टेस्टी बनाने के लिए एक छोटे पैन में 2 बड़े चम्मच घी गर्म करें. इसमें कटी हुई लहसुन की कलियां डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद बारीक कटे अदरक और 3 सूखी लाल मिर्च डालें. आखिर में आधी छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर डालकर गैस बंद कर दें.
  • इस तड़के को तुरंत कढ़ी के ऊपर डाल दें. तड़के वाले पैन में थोड़ा सा कढ़ी का पानी डालकर उसे भी कड़ाही में डालें. अब कढ़ी को ढककर लगभग 5 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि तड़के का स्वाद अच्छी तरह कढ़ी में मिल जाए.
  • आखिर में ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डालें. अगर आपने साबुत मसाले नहीं डाले हैं तो आखिर में थोड़ा गरम मसाला भी डाल सकते हैं.
  • आपकी राजस्थानी स्टाइल उड़द दाल कढ़ी तैयार है. इसे गरमागरम चावल के साथ सर्व करें.

More From Author

गणेश चतुर्थी पर इंदौर-उज्जैन में भव्य आयोजन, खजराना गणेश पहनेंगे 7 करोड़ के गहने; महाकाल का गणेश स्वरूप में श्रृंगार

मोदी सरकार के मुरीद हुए यशवंत सिन्हा, जमकर की तारीफ; चीन के सामने भारत को लेकर दिया बयान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.