NH निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, मौके पर पहुंचे अध्यक्ष-उपाध्यक्ष; काम कराया बंद

अंबिकापुर 

 रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बलरामपुर के नवीन सर्किट हाउस से कलेक्टर कार्यालय तक चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी सहित पार्षदों ने सवाल उठाए हैं। जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और निर्माण में कथित अनियमितता तथा गुणवत्ताविहीन कार्य करने का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया।

निरीक्षण के दौरान डिवाइडर की कंक्रीट में दरारें दिखाई देने, गिट्टी बाहर निकलने तथा सरिया खुले होने की बात जनप्रतिनिधियों ने कही। वहीं नाली के ऊपर शटरिंग के काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है और जल्दबाजी में काम पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी ने मौके पर कहा कि निर्माण कार्य जिस गति से किया जा रहा है, उसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण को लेकर मिलीभगत की स्थिति की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक निर्माण कार्य में आवश्यक सुधार नहीं किया जाता, तब तक काम नहीं चलने दिया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का के साथ पार्षद गौतम सिंह, अमित गुप्ता मंटू, सेवक राम सहित अन्य पार्षद भी मौके पर मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से निर्माणाधीन पूरे पैच की गुणवत्ता जांच कराने तथा रोड सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की है।
घटिया निर्माण का खुलासा

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण में सामने आई कमियों की तकनीकी जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की गई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि लंबी प्रतीक्षा के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग का नवनिर्माण तथा चौड़ीकरण किया जा रहा है।
काम पर लगाई रोक

यह उम्मीदों की सड़क है। इस सड़क के लिए लोगों ने कई सालों से परेशानी झेली है। केंद्र सरकार स्तर से सड़क नवनिर्माण के लिए पर्याप्त बजट का प्रविधान किया गया है, ऐसे में स्तरहीन निर्माण कार्य किसी भी तरह से स्वीकार नहीं किया जाएगा। पूरी गुणवत्ता के साथ सड़क ,नाली का निर्माण होना चाहिए ताकि आने वाले कई वर्षों तक इसका लाभ लोगों को मिलता रहे। 

More From Author

इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखाई दे रही उत्तर प्रदेश की ताकत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

सभी विभागों की सहभागिता से अभियान को बनाएं सफल – अरुण साव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13997/202

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.