‘99 बार क्वालिटी टेस्ट में फेल’, राहुल गांधी के बयान पर शिवराज चौहान का तंज

भोपाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट’ नजदीक आने के बयान पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। शिवराज ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, “99 बार जो अपनी लॉन्चिंग के क्वालिटी चेक में ही फेल हो गए, वो बीजेपी की एक्सपायरी डेट बता रहे हैं।” उन्होंने भाजपा को केवल राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महायज्ञ बताया। शिवराज ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को भी रेखांकित किया।

राहुल ने क्या कहा था, जिस पर शिवराज ने दिया जवाब?
राहुल गांधी ने 18 अक्टूबर को गोवा के मडगांव में सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि वोट चोरी की योजना मोदी बनाते हैं, अमित शाह उसे लागू कराते हैं और ज्ञानेश कुमार उसे अंजाम देते हैं।

इसी राजनीतिक हमले के दौरान राहुल ने भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट’ नजदीक आने की बात कही थी। उनका बयान भाजपा के भविष्य और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्रित था। राहुल के आरोपों पर भाजपा नेताओं की ओर से पलटवार किया जा रहा है।

शिवराज बोले भाजपा सिर्फ पार्टी नहीं राष्ट्रीय पुर्ननिर्माण का महायज्ञ है
शिवराज ने राहुल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मुझे तो हंसी आती है। 99 बार जो अपनी लॉन्चिंग के क्वालिटी चेक में ही फेल हो गए, वो बीजेपी की एक्सपायरी डेट बता रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पुनर्निर्माण का महायज्ञ है। भाजपा गरीब कल्याण का संकल्प है और माताओं-बहनों, युवाओं तथा किसानों के सशक्तिकरण का आंदोलन है।

शिवराज ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोगों ने भाजपा को खत्म करने के बारे में सोचा और देश को जेलखाना बना दिया, लेकिन अंततः जनता ने चुनावों में उन्हें बार-बार धराशायी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आगे बढ़ती रहेगी और देश की सेवा करती रहेगी।

ट्वीट में ‘रिजीम चेंज गैंग’ पर निशाना
शिवराज ने अपनी बाइट से पहले सोशल मीडिया पोस्ट में ‘रिजीम चेंज गैंग’ पर हमला बोला था। उन्होंने लिखा कि इस गैंग की दाल इसलिए नहीं गल रही, क्योंकि देश के युवाओं, किसानों और माताओं-बहनों को अपने नेतृत्व पर भरोसा है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता को उस नेतृत्व पर विश्वास है, जिसने दुनिया के सामने भारत का मस्तक ऊंचा किया और देश को आत्मविश्वास के साथ चलना सिखाया।

शिवराज ने लिखा कि आज का भारत न झूठे नैरेटिव से बहकता है, न षड्यंत्रों से डरता है और न ही देश को कमजोर करने वाली सोच के सामने झुकता है। उनके मुताबिक, जनता का विश्वास किसी नैरेटिव का मोहताज नहीं होता, बल्कि काम, संकल्प और नेतृत्व की ईमानदारी से बनता है।

बाइट में मोदी के नेतृत्व और जनता के भरोसे का जिक्र
अपने बयान में शिवराज ने कहा कि देश के युवाओं, किसानों, माताओं-बहनों और गरीबों को देश के नेतृत्व पर भरोसा है। उन्होंने कहा, “मोदी जी करोड़ों-करोड़ जनता के दिलों में बसते हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है और आज भारत स्वाभिमान के साथ दुनिया में खड़ा है। शिवराज ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का उल्लेख करते हुए आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा देश की प्रगति का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि देश की जनता 140 करोड़ भारतीयों का बेहतर भविष्य, देश का मान-सम्मान और स्वाभिमान चाहती है। शिवराज के मुताबिक, जनता के विश्वास की दीवार से टकराकर ‘रिजीम चेंज गैंग’ के सपने बार-बार बिखर जाते हैं।

राजनीतिक संदेश: राहुल के बयान के जवाब में भाजपा के नेतृत्व और संगठन पर जोर
राहुल गांधी ने भाजपा की राजनीतिक विदाई की बात कही, तो शिवराज ने जवाब में राहुल की राजनीतिक लॉन्चिंग पर तंज कसा। उन्होंने इसके साथ भाजपा को गरीब कल्याण, राष्ट्रीय पुनर्निर्माण और सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़ा आंदोलन बताया। उनके ट्वीट और बाइट में साझा संदेश यही रहा कि भाजपा के प्रति जनता का भरोसा ही विपक्ष के सत्ता परिवर्तन के दावों का जवाब है।

More From Author

दशहरे पर क्यों जलाए जाते हैं रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले? जानें विजयादशमी का महत्व और मुहूर्त

​सपा में न कोई नीति है और न नैतिकता, सिर्फ कुर्सी के लिए परिवारवादी छलावा: असीम अरुण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.