39 साल के जलज सक्सेना का कमाल, 35वीं बार झटके 5 विकेट; केरल ने ओडिशा को पारी से हराया

नई दिल्ली
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में केरल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को पारी और 36 रन से हरा दिया है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अनुभवी ऑलराउंडर जलज सक्सेना जीत के सबसे बड़े हीरो रहे. उन्होंने दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर ओडिशा की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी के एक खास रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.

जलज सक्सेना ने की बेदी के रिकॉर्ड की बराबरी
39 साल के जलज सक्सेना ने ओडिशा के खिलाफ दूसरी पारी में 18 ओवर गेंदबाजी करते हुए 34 रन देकर 5  विकेट हासिल किए. इसमें सात मेडन ओवर भी शामिल रहे. यह रणजी ट्रॉफी में उनका 35वां पांच विकेट हॉल था.

इसके साथ ही वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा पांच विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की सूची में बिशन सिंह बेदी के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गए.

हालांकि, इस सूची में सबसे ऊपर पूर्व भारतीय स्पिनर राजिंदर गोयल हैं, जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में 59 बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया था.

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने दिलाई केरल को जीत
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए केरल ने अपनी पहली पारी में 404 रन बनाए. टीम की ओर से मोहम्मद अजहरुद्दीन ने नाबाद 139* रन की शानदार पारी खेली, जबकि सचिन बेबी ने 112 रन बनाकर अहम योगदान दिया.

इसके जवाब में ओडिशा की पहली पारी 225 रन पर सिमट गई. इस तरह केरल को 179 रन की बढ़त मिली. केरल ने ओडिशा को फॉलोऑन दिया और दूसरी पारी में भी ओडिशा टीम को संभलने का मौका नहीं मिला.

ओडिशा की दूसरी पारी 143 रन पर ऑल आउट हो गई. सलामी बल्लेबाज गौरव चौधरी ने 53 रन बनाए, जबकि कप्तान सुभ्रांशु सेनापति ने 30 रन का योगदान दिया. लेकिन जलज सक्सेना की शानदार गेंदबाजी के सामने बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके. केरल ने यह मुकाबला पारी और 36 रन से जीत लिया.

केरल को मिले सात अंक
इस जीत के साथ केरल को रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप सी में 7 अंक मिले. टीम ने शुरुआती मुकाबले में झारखंड के खिलाफ केवल एक अंक हासिल किया था, लेकिन ओडिशा के खिलाफ दमदार वापसी की. जलज सक्सेना 39 साल की उम्र में भी लगातार विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर रहे हैं.

More From Author

12 जोड़ियां, 24 सिंगर्स और हिमेश रेशमिया का अंदाज, क्या दिल जीत पाएगा Indian Idol – Legends Return?

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस, खराब 108 एम्बुलेंस वाहनों को बदलने का आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.