डीजीपी कैलाश मकवाणा ने लाल परेड ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर परेड में शामिल होगा दल
‘Fight Against Drugs’ के संदेश के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए करेंगे जागरूक

भोपाल
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सहभागिता तथा राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस का 7 सदस्यीय बाइक राइडर्स दल आज भोपाल से रवाना हुआ। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने लाल परेड ग्राउंड, भोपाल में आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के समन्वय में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी बाइक रैली में जोन-2 सेंट्रल के अंतर्गत बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल तथा जोन-4 नॉर्थ ईस्ट के अंतर्गत त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम एवं सिक्किम के प्रतिभागी शामिल हैं। मध्यप्रदेश सहित कुल 14 राज्यों के 146 बाइक राइडर्स लगभग 2,500 किलोमीटर की यात्रा कर भोपाल पहुंचे हैं। यहां से रैली दल निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए 26 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगा और 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित मुख्य राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह एवं परेड में सहभागिता करेगा। रैली का प्रमुख संदेश ‘Fight Against Drugs’ है। प्रतिभागी अपने निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों, विशेषकर युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे।

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त समाज के संकल्प का संदेश लेकर निकली रैली
फ्लैग-ऑफ समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह मोटरसाइकिल रैली केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, साहस और नशे के विरुद्ध जनजागरण का राष्ट्रव्यापी संदेश है। मध्यप्रदेश की धरती से विभिन्न राज्यों की पुलिस के अधिकारी एवं जवान एक साझा उद्देश्य के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर रहे हैं, यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। श्री मकवाणा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के नेतृत्व में दिसंबर 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में पुलिस बलों के साथ समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाइक रैली इस अभियान को और व्यापक जनसमर्थन प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता का उल्लेख होते ही लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का स्मरण होता है। स्वतंत्रता के बाद अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्र के प्रति समर्पण और सामूहिक प्रयासों की प्रेरणा देता है। उनकी जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।

श्री मकवाणा ने कहा कि एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश का हॉक फोर्स कंटिंजेंट और मध्यप्रदेश पुलिस बैंड भी गुजरात में आयोजित परेड में सहभागिता करेंगे। बाइक रैली के प्रतिभागी भी वहां पहुंचकर इस गरिमामयी आयोजन का हिस्सा बनेंगे। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि मादक पदार्थों का अवैध कारोबार समाज और विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बाइक रैली जब विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, तब इसके माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ संदेश के साथ मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और इस दिशा में निरंतर प्रयास की आवश्यकता है।

सड़क सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखने की अपील
पुलिस महानिदेशक ने रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने, हेलमेट का उपयोग करने, पर्याप्त विश्राम लेने तथा अत्यधिक थकान की स्थिति में यात्रा जारी न रखने की अपील की। उन्होंने सभी राइडर्स को सुरक्षित यात्रा और राष्ट्रीय एकता दिवस के गरिमामयी आयोजन में सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मध्यप्रदेश के 7 राइडर्स करेंगे सहभागिता
प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं वाहिनियों से चयनित 7 सदस्यीय दल का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री धनंजय शर्मा कर रहे हैं। दल में सहायक उप निरीक्षक (अ) श्री प्रभांशु सिंह, आरक्षक श्री अरविंद जाटव, आरक्षक श्री शोभित परतेती, आरक्षक श्री हेमंत कुमार परमार, आरक्षक श्री दुर्गेश कुमार एवं आरक्षक श्री गोविंद कटारे शामिल हैं।
 

More From Author

भोपाल में हाउसिंग बोर्ड के जर्जर मकानों का होगा पुनर्निर्माण : मंत्री सारंग

मध्यप्रदेश पुलिस की अवैध मादक पदार्थो के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.