MP के पन्ना-सीधी जिले पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे, यात्रियों का इंतजार खत्म

जबलपुर

स्वतंत्रता के बाद पहली बार आज शनिवार को भारतीय रेल बुंदेलखंड के पन्ना और विंध्य के सीधी जिले तक यात्रियों को लेकर पहुंचेगी। ललितपुर-सिंगरौली रेलखंड के तहत सतना-देवेंद्र नगर और रीवा-चुरहट के बीच नई रेल लाइन बनकर तैयार है।

पश्चिम मध्य रेल ने यात्री ट्रेनें चलाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 24 अक्टूबर को नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर नई लाइन के उद्घाटन समारोह होंगे। इसी के साथ इन पटरियों पर पहली यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

शुभारंभ ट्रेन के लिए उत्तर मध्य रेल (एनसीआर) से विशेष रैक मंगाया गया है, जो सतना पहुंच चुका है। रीवा-चुरहट रेलखंड पर बनी प्रदेश की अब तक की सबसे लंबी रेल सुरंग से भी उद्घाटन के साथ नियमित रेल यातायात शुरू हो जाएगा। सुरंग बनने से विंध्य के दुर्गम क्षेत्र रेल नक्शे पर जुड़ गए हैं।
देवेंद्र नगर-चुरहट-देवेंद्र नगर मेमू सेवा…

    ट्रेन क्रमांक- 61629 देवेंद्र नगर-चुरहट मेमू: देवेंद्र नगर से सुबह 07:00 बजे प्रस्थान, दोपहर 13:15 बजे चुरहट पहुंचेगी।
    ट्रेन क्रमांक- 61630 चुरहट-देवेंद्र नगर मेमू: चुरहट से दोपहर 15:00 बजे प्रस्थान, रात 21:45 बजे देवेंद्र नगर पहुंचेगी।
    15 ठहराव- फुलवारी, नागोद, बरेठिया, करही, सतना, कैमा, सकरिया, हिनौतारामबन, बघाई रोड, तुरकी रोड, रीवा, सिलपरा, गोविंदगढ़, बघवार और रामपुर नैकिन।

(नोट: रविवार छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिनों में संचालन होगा।)

नया रेलवे नेटवर्क…

    167 किमी है देवेंद्र नगर से चुरहट तक रेलमार्ग की दूरी।
    52 किमी का सतना-देवेंद्र नगर तक रेलखंड नया बना है।
    50 किमी का सतना-रीवा तक रेलखंड पहले से चालू है।
    65 किमी का रीवा-चुरहट रेलखंड हाल में निर्मित हुआ है।

ये नई शुरुआत होगी…

    10 नए रेलवे स्टेशन/हाल्ट यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगे।
    05 सतना-देवेंद्र नगर और पांच रीवा-चुरहट के बीच है।
    08 कोच वाली मेमू ट्रेन नियमित रूप से संचालित होगी।
    3.33 किमी लंबी है रीवा-चुरहट रेलखंड में छुहिया घाटी सुरंग।

दोनों जगह दो-दो सांसद रहेंगे, एक जगह डिप्टी सीएम, दूसरी जगह राज्य मंत्री

नागौद में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और सतना सांसद गणेश सिंह उपस्थित रहेंगे। चुरहट में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और सीधी-सिंगरौली सांसद डा. राजेश मिश्रा अतिथि होंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ेंगे। उनके हरी झंडी दिखाने के साथ एक शुभारंभ विशेष ट्रेन देवेंद्र नगर से सतना आएगी और दूसरी चुरहट से रीवा तक चलेगी। 25 अक्टूबर से मेमू के एक रैक के जरिए देवेंद्र नगर-चुरहट के बीच नियमित सेवा शुरू होगी।

अंडरग्राउंड टनल से 10 किमी की दूरी 3.33 किमी हुई
रीवा-चुरहट रेलखंड पर गोविंदगढ़ और बघवार के बीच बनी छुहिया घाटी सुरंग 3.33 किमी लंबी है। इससे घाटी का 10 किमी का घुमावदार और चढ़ाई वाला रास्ता 3.33 किमी में सिमट गया है और रेलमार्ग की दूरी सात किमी कम हुई है। सतना-देवेंद्र नगर के बाद पन्ना और रीवा-चुरहट के बाद सीधी अगला पड़ाव होगा।

दोनों जिला मुख्यालयों तक इस वर्ष के अंत तक ट्रेन पहुंचाने के लक्ष्य पर काम जारी है। नई कनेक्टिविटी से यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सुविधा मिलेगी। धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

More From Author

सस्ता कच्चा तेल भी नहीं दे रहा राहत, बढ़ती ढुलाई लागत से तेल कंपनियों पर दबाव

भारतीय रक्षा निर्यात में 1600% का उछाल, यूरोप के 13 देशों तक पहुंची सप्लाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.