डिजिटल सुशासन से बदली तस्वीर, अब सरकारी सेवाएं पहुंच रहीं घर-द्वार

रायपुर

छत्तीसगढ़ में सुशासन की नई सोच और डिजिटल तकनीक के विस्तार से आम नागरिकों की जिंदगी आसान हो रही है। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी प्रक्रियाओं से गुजरने की पुरानी व्यवस्था के स्थान पर अब नागरिकों को घर बैठे जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। धमतरी जिले के नगरी निवासी  राज साहू की सफलता की कहानी डिजिटल सुशासन के इसी बदलाव का प्रेरक उदाहरण है।

*एक क्लिक ने दूर की सरकारी दफ्तरों की दूरी*    

धमतरी जिले के नगरी निवासी  राज साहू को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए विवाह प्रमाण पत्र की जरूरत थी। शुरुआत में उन्हें चिंता थी कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार सरकारी कार्यालय जाना पड़ेगा। आवेदन, दस्तावेजों की जांच और प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया में समय तथा धन खर्च होने की आशंका भी थी। लेकिन छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल ने उनकी इस चिंता को दूर कर दिया।

नगरी पंचायत कार्यालय से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा की जानकारी मिलने के बाद  साहू ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया। उन्होंने आवश्यक जानकारी दर्ज कर संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किए। आवेदन के बाद उसकी प्रगति की जानकारी भी उन्हें मोबाइल के माध्यम से मिलती रही। कुछ ही दिनों में उनका विवाह प्रमाण पत्र तैयार हो गया, जिसे उन्होंने बिना किसी भागदौड़ के घर बैठे डाउनलोड कर लिया।

*न दफ्तरों के चक्कर, न लंबा इंतजार*

राज साहू के लिए यह अनुभव किसी बड़ी राहत से कम नहीं था। जिस काम को लेकर उन्हें कई दिनों की भागदौड़ और परेशानी की आशंका थी, वह डिजिटल सुविधा के माध्यम से आसानी से पूरा हो गया।  साहू बताते हैं कि सेवा सेतु पोर्टल से विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया बेहद सुविधाजनक रही। इससे न केवल उनके समय और धन की बचत हुई, बल्कि अनावश्यक श्रम से भी राहत मिली। अब आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध होने से शासकीय योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों की प्रक्रिया भी उनके लिए आसान हो गई है।

*तकनीक से बढ़ी सुविधा, सुशासन पर मजबूत हुआ विश्वास*

राज साहू की यह सफलता केवल एक व्यक्ति को विवाह प्रमाण पत्र मिलने की कहानी नहीं, बल्कि शासन और नागरिकों के बीच बढ़ती डिजिटल पहुंच तथा विश्वास की मिसाल है। सेवा सेतु पोर्टल जैसी पहल से सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों के करीब लाने में मदद मिल रही है। स्थानीय स्तर पर सही मार्गदर्शन और ऑनलाइन सुविधाओं की उपलब्धता से ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के लोगों के लिए शासकीय प्रक्रियाएं पहले की तुलना में अधिक सहज हो रही हैं।

*शासन की जनहितैषी व्यवस्था के प्रति नागरिकों का भरोसा हुआ मजबूत* 

सरकार की डिजिटल सुशासन की अवधारणा का मूल उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। नगरी के राज साहू का अनुभव इस दिशा में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन को रेखांकित करता है। यह कहानी बताती है कि जब तकनीक का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है, तो न केवल सरकारी कामकाज आसान होता है, बल्कि शासन की जनहितैषी व्यवस्था के प्रति नागरिकों का भरोसा भी मजबूत होता है।

सेवा सेतु से मिली यह सुविधा डिजिटल छत्तीसगढ़ की उस बदलती तस्वीर को सामने लाती है, जहां अब नागरिकों को सेवाओं के लिए सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने के बजाय सरकारी सेवाएं उनके घर तक पहुंच रही हैं।

More From Author

बस्तर के अनिमेष का दुनिया में बजा डंका, भारत के स्टार धावक को IG-SSP ने किया सम्मानित

ग्वालियर में त्योहार से पहले बड़ी बरामदगी, 600 किलो विस्फोटक सामग्री पकड़ी; कार्बाइड गन पर पहले ही लग चुका है बैन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.