इंडिया ए का धमाकेदार कमबैक, 113 रन पर ऑलआउट होने के बाद दूसरी पारी में ठोके 516 रन

नई दिल्ली
इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेला गया चार दिवसीय मुकाबला अंतिम दिन खराब रोशनी के कारण ड्रॉ पर समाप्त हुआ। यह मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था जहां भारतीय टीम ऐतिहासिक जीत से महज एक विकेट दूर थी। पहली पारी में पूरी तरह पिछड़ने के बाद इंडिया ए ने मैच में जिस तरह वापसी की, उसने सभी का ध्यान खींचा

113 रन पर ऑलआउट हुई थी टीम इंडिया
मुकाबले की शुरुआत इंडिया ए के लिए बेहद निराशाजनक रही थी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पहली पारी में महज 113 रनों पर ढेर हो गई। केएल राहुल (0), यशस्वी जायसवाल (17) और ध्रुव जुरेल (1) जैसे बड़े नाम पहली पारी में फ्लॉप रहे जबकि यश राठौड़ (44*) और देवदत्त पडिक्कल (32) ही कुछ संघर्ष दिखा सके। न्यूजीलैंड ए की ओर से साइमन कीन (5/24) और जैक गिब्सन (3/29) की घातक गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए 317
इसके जवाब में न्यूजीलैंड ए ने अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर 204 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली। न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान रीस मारिउ (76) और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (51) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जबकि क्रिस्टियन क्लार्क ने भी 42 रनों का अहम योगदान दिया। भारत की तरफ से पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने 3-3 विकेट झटके जबकि आकाश दीप को 2 सफलताएं मिलीं।

भारत ने ठोक दिए 516 रन
204 रनों से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में इंडिया ए के बल्लेबाजों ने जबरदस्त पलटवार किया और विशाल 516 रन बना डाले। मैच के असली हीरो रहे देवदत्त पडिक्कल, जिन्होंने 248 गेंदों में 24 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 199 रनों की मैराथन पारी खेली। हालांकि, वह महज 1 रन से अपने दोहरे शतक से चूक गए। उनके अलावा साई सुदर्शन ने धैर्यपूर्ण 91 रन, यश राठौड़ ने आक्रामक 66 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 52 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

आकिब नबी ने छटके 3 विकेट
न्यूजीलैंड ए को जीत के लिए 313 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी कर कीवी बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। आकिब नबी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट (3/28) झटके, जबकि पार्ट-टाइम गेंदबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने भी 2 विकेट चटकाए। इसके अलावा आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी और वॉशिंगटन सुंदर को 1-1 विकेट मिला।

खराब रोशनी ने न्यूजीलैंड को बचाया
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ए का स्कोर 9 विकेट पर 187 रन था और उन्हें जीत के लिए 126 रनों की दरकार थी। कीवी ओपनर कर्टिस हीपी एक छोर संभालकर 90 रन बनाकर नाबाद टिके रहे। भारतीय टीम को जीत के लिए अंतिम 1 विकेट की जरूरत थी लेकिन खराब रोशनी के चलते खेल रोकना पड़ा और मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया। भारत की पहली पारी के खराब प्रदर्शन के बाद यह कमबैक काबिले तारीफ रहा।

More From Author

जयपुर के 35 हजार लोगों के लिए खुशखबरी, 56 कॉलोनियों में जल्द शुरू होगी बीसलपुर जलापूर्ति

पैसा नहीं टिकता तो घर की इन 5 जगहों पर दें ध्यान, वास्तु के अनुसार दूर हो सकती है धन से जुड़ी परेशानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.