WPL Auction: किरण पर बरसा पैसा, उमा ने रचा इतिहास

डब्ल्यूपीएल नीलामी: मोलिन्यूक्स के लिए यूपी ने लगाई बड़ी बोली, भारतीयों में किरण सबसे महंगी, उमा ने रचा इतिहास

कोच्चि  
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 सीजन के लिए कोच्चि में मिनी नीलामी समाप्त हो गई है। 27 उपलब्ध स्लॉट के लिए 150 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन नीलामी में 25 खिलाड़ी बिके जिसमें से सात विदेशी खिलाड़ी और 14 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी में 124 खिलाड़ियों को कोई खरीदार नहीं मिला जिसमें सोफी डंकले और श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू शामिल हैं।

उमा ने किस तरह रचा इतिहास?
डब्ल्यूपीएल नीलामी में 15 साल की उमा काश्वी ने इतिहास रच दिया। उमा को दिल्ली कैपिटल्स ने 10 लाख रुपये के आधार मूल्य पर अपनी टीम में शामिल किया। उमा डब्ल्यूपीएल नीलामी में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। उमा ऑलराउंडर हैं और कर्नाटक की रहने वाली हैं। उमा काश्वी का जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था। अब 15 साल की उम्र में उन्होंने हरियाणा की दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दीया पिछले साल 16 साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनी थीं।

कब होगी डब्ल्यूपीएल 2027 सीजन की शुरुआत
डब्ल्यूपीएल 2027 का सीजन अगले साल जनवरी-फरवरी में होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इसकी तारीख की घोषणा पहले ही कर चुका है। डब्ल्यूपीएल का पांचवां सत्र 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा। इस लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के रूप में पांच फ्रेंचाइजी हिस्सा लेती हैं।

यूपी ने खरीदे सर्वाधिक खिलाड़ी
इसके लिए सभी पांच टीमों ने कमर कस ली है। यूपी वारियर्स ने सबसे ज्यादा आठ खिलाड़ी खरीदे जिसमें तीन विदेशी शामिल हैं। इसके बाद भी उनके पास 1.15 करोड़ रुपये का पर्स शेष है। डब्ल्यूपीएल में प्रत्येक टीमें न्यूनतम 15 और अधिकतम 18 खिलाड़ियों को ही टीम में शामिल कर सकती हैं। गुजरात, मुंबई इंडियंस और यूपी वारियर्स ने अधिकतम खिलाड़ियों का कोट पूरा कर लिया। वहीं, दिल्ली और आरसीबी के पास 17-17 खिलाड़ियों का पूल है।

किस पर लगी सर्वाधिक बोली?
इस मिनी नीलामी में सबसे ज्यादा कीमत पर सोफी मोलिन्यूक्स बिकीं जिन्हें टीम में शामिल करने के लिए यूपी वारियर्स ने 1.10 करोड़ रुपये खर्च किए। मोलिन्यूक्स का आधार मूल्य 50 लाख रुपये था। वह एकमात्र खिलाड़ी रहीं जिन्हें इस नीलामी में एक करोड़ से अधिक कीमत पर खरीदा गया। भारतीयों में किरण नवगिरे सबसे महंगी रहीं जिन्हें टीम में लेने के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये खर्च किए। किरण का आधार मूल्य 40 लाख रुपये था।

इन बड़े नामों को नहीं मिला खरीदार
नीलामी में कुछ बड़े नाम ऐसे भी रहे जिन्हें लेने के लिए किसी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। इनमें श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू और सोफी डंकले का नाम भी शामिल है। डंकले 50 लाख के आधार मूल्य के साथ नीलामी में शामिल हुई थीं, लेकिन अनसोल्ड रहीं। वहीं, अट्टापट्टू का आधार मूल्य 30 लाख रुपये था और उन्हें भी लेने के लिए किसी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। 

More From Author

बच्चों को ब्लैकमेल करने वालों पर पुलिस की नजर, साइबर शिकायतों पर तेज कार्रवाई

मिल्क पाउडर से लेकर यूरिया तक का इस्तेमाल, मंदसौर में सिंथेटिक दूध बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.