एनआईबीएसएम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का सीधा प्रसारण

रायपुर

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर में आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किसानों को दिखाया गया। गुजरात के बनासकांठा से माननीय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के किसानों के खातों में सम्मान निधि की राशि अंतरित की गई। 

प्रधानमंत्री के संबोधन एवं सीधे प्रसारण कार्यक्रम से पूर्व संस्थान के निदेशक डॉ. पी. के. राय ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्यों एवं किसानों के लिए इसके महत्व की जानकारी देते हुए भारत सरकार द्वारा कृषि एवं किसान कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
बनासकांठा से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने किसानों को विकसित भारत का एक मजबूत स्तंभ बताते हुए कृषि एवं किसान कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि करोड़ों किसान परिवारों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक है।

इस अवसर पर संस्थान के संयुक्त निदेशक डॉ. पंकज शर्मा ने किसानों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने आगामी रबी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती की बेहतर योजना बनाने तथा फसल विविधीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसानों को पारंपरिक फसल पद्धति के साथ दलहन एवं तिलहन फसलों को शामिल करने, फसल प्रणाली में विविधता लाने तथा उपलब्ध कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी। 

परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में आसपास के आठ गांवों से लगभग 270 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें 41 महिला एवं 229 पुरुष किसान शामिल थे। कार्यक्रम में ग्राम बिटिया, कुर्रा, पचरी, बरोदे, बुड़ेरा, बेलटुकरी, मधई, मुर्रा एवं भैंसा के किसानों ने सहभागिता की। इस अवसर पर ग्राम बेलटुकरी के सरपंच  संतोष कुर्रे, ग्राम कुर्रा के  भुवनेश्वर खूंटे तथा ग्राम बिटिया के  दुष्यंत साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में किसानों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। इस आयोजन ने किसानों तक केंद्र सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में संस्थान के वैज्ञानिक, अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. के. सी. शर्मा एवं डॉ. प्रियंका मीना द्वारा किया गया।

More From Author

समुद्री ताकत बढ़ाएगा भारत, नौसेना के लिए बनेंगे 8 नेक्स्ट-जेन कार्वेट, 70% स्वदेशी तकनीक

टोल टैक्स को लेकर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, 12 पंचायतों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14099/197

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.