कोदो-कुटकी उत्पादन करने वाले किसानों को मिले प्रोत्साहन से सिंचाई का रकबा 90 हजार हैक्टेयर तक पहुंचा- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव पर मंडला जिले के किसानों से वर्चुअली संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनीं और खेती-किसानी के साथ कृषि आधारित अन्य कार्यों को करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत एवं समर्पण से ही प्रदेश कृषि के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का स्मरण करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मंडला भगवान परशुराम एवं अन्य ऋषि-मुनियों की तपोभूमि होने के साथ ही राजा शंकरशाह, कुंवर रघुनाथ शाह और वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य एवं पराक्रम की धरती है। माँ नर्मदा का आशीर्वाद जिले को प्राप्त है। यहाँ की प्राकृतिक संपदा और उपजाऊ भूमि जिले को समृद्ध बनाती है। मंडला में धान, अरहर, उड़द, सोयाबीन, मक्का और कोदो-कुटकी जैसी फसलों का अच्छा उत्पादन होता है।

अन्न (मिलेट) और पारंपरिक फसलों को मिल रहा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार कोदो-कुटकी जैसे पारंपरिक अन्न के उत्पादन एवं खरीदी को प्रोत्साहित कर रही है। वीरांगना रानी दुर्गावती अन्न योजना अंतर्गत मंडला जिले के 424 किसानों को लगभग 51 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। मंडला जिले में 17 लाख किसानों को कोदो-कुटकी उत्पादन पर बोनस का लाभ मिला है। सरकार इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंडला जिले में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है और सिंचित रकबा बढ़कर लगभग 85 से 90 हजार हैक्टेयर तक पहुंच गया है। लघु सिंचाई की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कृषि के साथ दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिले, जिससे किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हों।

मत्स्य पालन, पशुपालन और औषधीय खेती में मंडला में मौजूद है संभावनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मंडला जिले में मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हो रहा है। जिले के 65 जलाशयों में मत्स्य पालन की गतिविधियां संचालित हैं। यहां 105 मत्स्य समितियों के माध्यम से लगभग 4 हजार किसानों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मशरूम, मखाना और अन्य औषधीय फसलों के उत्पादन में भी संभावनाएं हैं। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ इन गतिविधियों को अपनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि वितरण का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। प्रदेश में लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी परिवारों तक पहुंच रहा है। मंडला जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं।

66 हजार लोगों को मिलेगी स्वामित्व योजना के तहत निःशुल्क रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में लगभग 66 हजार लोगों को निःशुल्क रजिस्ट्री का लाभ दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मंडला कलेक्टर को निर्देशित किया कि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा पात्र हितग्राहियों तक इसका लाभ पहुंचाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का कार्य भी शीघ्र पूर्ण होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।

किसानों से संवाद कर मुख्यमंत्री ने जानी उनकी सफलता की कहानियां

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के प्रगतिशील किसानों से सीधे संवाद कर खेती एवं उससे जुड़ी आजीविका गतिविधियों के अनुभव सुने। किसानों ने बताया कि किस प्रकार शासन की योजनाओं, विभागीय प्रशिक्षण और अनुदान की मदद से वे अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सबसे पहले ग्राम मुड़ाडीह निवासी कृषक एवं कृषि सखी मती राजकुमारी पन्द्रे से संवाद किया। उन्होंने बताया कि वे प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ पशुपालन और मुर्गी पालन भी कर रही हैं। उनके पास तीन एकड़ भूमि और 05 गाय हैं। उन्होंने बताया कि 40 कड़कनाथ चूजे लगभग 650 रुपये में खरीदकर मुर्गी पालन शुरू किया था। साढ़े तीन माह में उन्हें इससे लगभग 7 हजार रुपये का मुनाफा हुआ। वे जैविक सब्जियों का उत्पादन भी करती हैं तथा कृषि सखी के रूप में 125 किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग कर रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बम्हनी बंजर निवासी  अमृतलाल ने पशुपालन एवं बकरी पालन के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पहले उनके पास तीन गाय थीं। पशुपालन विभाग से 52 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त कर उन्होंने अपने पशुपालन व्यवसाय का विस्तार किया। वर्तमान में उनके पास 13 गाय हैं, जिनमें साहिबान, गिर, अरमाडा एवं अन्य नस्लों की गाय शामिल हैं। उनके यहां गोबर गैस प्लांट भी स्थापित है। परिवार के 11 सदस्य खाना बनाने के लिए गोबर गैस का उपयोग करते हैं। गौमूत्र का भी उपयोग एवं उत्पादन किया जा रहा है।

ग्राम चाबी निवासी कृषक  सुनील झारिया ने बताया कि वे तीन एकड़ भूमि में प्राकृतिक खेती एवं सब्जी उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मोहगांव निवासी कृषक  शैल कुमार ने बताया कि वे मल्टीलेयर फार्मिंग के माध्यम से विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। आत्मा परियोजना के अंतर्गत कृषि विभाग से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने खेती का तरीका बदला है। बीजाडांडी की कृषक मती गीता टेकाम ने प्राकृतिक खेती, मत्स्य पालन एवं पशुपालन की जानकारी दी। साथ ही बताया कि वे पराली प्रबंधन के प्रति अन्य किसानों को भी जागरूक कर रही हैं, जिससे खेतों में पराली जलाने की प्रवृत्ति को कम किया जा सके।

मंत्री  संपतिया उइके ने किसान बंधु विविध कृषि गतिविधियां अपनाने के लिए किया प्रेरित

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री मती संपतिया उइके ने कहा कि मंडला जिले में कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों की व्यापक संभावनाएं हैं। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ मशरूम उत्पादन, मछली पालन, पशुपालन एवं अन्य लाभकारी गतिविधियां अपनानी चाहिए। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

सांसद  फग्गन सिंह कुलस्ते ने कृषि क्षेत्र में नवाचार पर दिया जोर

सांसद  फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक और किसानों को शासन की योजनाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। मंडला जिले के किसान परंपरागत खेती के साथ नई कृषि गतिविधियों को अपनाकर बेहतर परिणाम प्राप्त कर रहे हैं।

अपेक्स बैंक के प्रशासक  महेंद्र सिंह यादव ने किसानों को सहकारिता एवं बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को कृषि एवं संबंधित गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में सहकारी बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने किसानों से बैंकिंग सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं का लाभ लेकर कृषि को और अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष  विनोद कछवाहा, वरिष्ठ समाजसेवी  प्रफुल्ल मिश्रा, कलेक्टर  राहुल नामदेव धोटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

 

More From Author

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर ‘राज्योत्सव’ का करेंगे शुभारंभ

छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 116 नेताओं और मंत्रियों की सुरक्षा होगी कम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.