दीपोत्सव के दशक पर योगी सरकार की ऐतिहासिक तैयारी, आधुनिक तकनीक से सजेगी रामनगरी

दीपोत्सव-2026

दीपोत्सव के दशक पर योगी सरकार की ऐतिहासिक तैयारी, आधुनिक तकनीक से सजेगी रामनगरी

*25 एलईडी वैन व 20 डिस्प्ले बोर्ड से जीवंत होगा उत्सव, चप्पे-चप्पे पर सूचना व प्रसारण

20 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे एलईडी डिस्प्ले बोर्ड, सीधे देख सकेंगे दीपोत्सव

13 प्रमुख मार्गों और चौराहों पर होर्डिंग-स्टैंडी से स्वागत, सुरक्षा व स्वच्छता के कड़े निर्देश

अयोध्या
 भव्य और दिव्य दीपोत्सव-2026 के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनगरी को तकनीक और आधुनिकता के अनुपम संगम से सजाने की पूरी तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दीपोत्सव के हर दिव्य क्षण का सजीव अनुभव कराने के लिए शहरभर में अत्याधुनिक एलईडी वैन, विशाल एलईडी डिस्प्ले बोर्ड और भव्य होर्डिंग्स-स्टैंडी का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया है। प्रशासन ने इसके लिए सभी महत्वपूर्ण केंद्रों, घाटों, प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों का सूक्ष्मता से चयन कर जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

शहर के 25 महत्वपूर्ण पड़ावों पर प्रचार-प्रसार करेंगी एलईडी वैन

श्रद्धालुओं को उत्सव से निरंतर जोड़े रखने के लिए 25 स्थानों पर विशेष एलईडी वैन तैनात की जा रही हैं। इनमें सूर्यकुण्ड दर्शननगर, हनुमानगढ़ी रिकाबगंज, झूलेलाल मंदिर चौराहा, गुप्तार घाट एवं मंदिर, पूरा बाजार, रामघाट हाल्ट, गोसाईगंज बाजार, बस स्टेशन (सर्किट हाउस), अयोध्या कैंट व अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, मसौधा चीनी मिल, देवकाली, अंगूरी भवन, टेढ़ी बाजार, साकेत पेट्रोल पम्प, शहादतगंज हनुमान मंदिर तिराहा, दिगंबर अखाड़ा, लता मंगेशकर चौराहा, गुरुकुल पार्किंग और भरतकुण्ड जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इन वाहनों के संचालन के लिए बाकायदा वाहन संख्या और नोडल प्रभारियों के संपर्क विवरण जारी किए गए हैं, ताकि व्यवस्था निर्बाध बनी रहे।

20 प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगे विशाल एलईडी डिस्प्ले बोर्ड

दीपोत्सव के मुख्य आकर्षणों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सीधे प्रसारण के लिए शहर के 20 प्रमुख व अति-व्यस्त स्थानों पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनमें रामघाट चौराहा, दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, धर्मपथ बाईपास पेट्रोल पम्प, दिगंबर अखाड़ा/तुलसी स्मारक भवन, अयोध्या पोस्ट ऑफिस, हनुमान मार्केट/सिंह द्वार, हनुमान गुफा, श्रीराम चिकित्सालय, रेलवे स्टेशन अयोध्या धाम, तुलसी उद्यान, हनुमानगढ़ी, अयोध्या कोतवाली, वाल्मीकि भवन, अशर्फी भवन, मीडिया सेंटर, रामकथा संग्रहालय, टेढ़ी बाजार, विद्या कुण्ड, राजघाट और वैक्स म्यूजियम शामिल हैं। इन डिस्प्ले बोर्ड्स के माध्यम से आने वाले श्रद्धालु कहीं से भी दीपोत्सव के मुख्य आयोजनों के साक्षी बन सकेंगे।

13 प्रमुख मार्गों पर होर्डिंग व स्टैंडी से होगा भव्य स्वागत

रामनगरी के प्रवेश द्वारों से लेकर शहर के भीतरी मार्गों तक 13 मुख्य खंडों पर आकर्षक होर्डिंग और स्टैंडी लगाने का खाका तैयार हुआ है। इनमें साकेत पेट्रोल पम्प से रामघाट हाल्ट व नया घाट तिराहा, रामकथा पार्क, शहादतगंज पुलिस चौकी से कलेक्ट्रेट व रिकाबगंज, राम की पैड़ी व भजन संध्या स्थल, आईटीआई कॉलेज से नियावां चौराहा, आबकारी ऑफिस से मकबरा व सुभाष नगर, देवकाली बाईपास से साकेत पेट्रोल पम्प, पुष्पराज चौराहा से फतेहगंज व देवकाली, कलेक्ट्रेट व विकास भवन परिसर, तथा लखनऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर व रायबरेली जाने वाले प्रमुख राज्य मार्गों के दोनों ओर की परिधि शामिल है।

विद्युत व टेलीफोन पोल का नहीं होगा इस्तेमाल

जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि प्रशासन ने सौंदर्य और सुरक्षा के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी फ्लेक्स व फ्रेम को विद्युत, टेलीफोन या अन्य टावर पोल पर नहीं लगाया जाएहा। सभी को अपने स्वयं के गार्डर/ढांचे तैयार कर ही प्रचार सामग्री स्थापित करनी होगी।

भव्य और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां

जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक आयोजन की जानकारी पहुंचाने के लिए 25 एलईडी वैन और 20 डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा। शहर के 13 प्रमुख मार्गों पर आकर्षक होर्डिंग और स्टैंडी भी लगाई जा रही हैं।

More From Author

जिसे सौंपी थी वक्फ संपत्ति की रखवाली, उसी पर जमीन बेचने का आरोप; 40 करोड़ के मामले से मचा हड़कंप

बंगाल व अन्य प्रदेशों के सैकड़ों कारीगर निर्माण कार्य में जुटे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.