गोवर्धन पूजा पर गिरिराज तलहटी में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया दुग्धाभिषेक

– सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में गूंजे गिरिराज महाराज के जयकारे, दूध की धारा से हुआ पर्वतराज का स्नान

– ब्रज के प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट का भोग लगाकर श्रद्धालुओं ने मांगी मनौती, माहौल हुआ भक्तिमय

– श्री कृष्ण जन्मभूमि, बांके बिहारी और इस्कॉन मंदिर में भी आयोजित हुआ भव्य अन्नकूट महोत्सव

– श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मथुरा
गोवर्धन पूजा/ अन्नकूट महोत्सव के पावन अवसर पर गिरिराज की तलहटी में आस्था और भक्ति का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार को गिरिराज महाराज का भव्य दुग्धाभिषेक किया गया। सुबह चार बजे से ही मंदिर दानघाटी, मुकुट मुखारविंद, जतीपुरा मुखारविंद सहित 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर दूध की धारा से पर्वतराज को स्नान कराने का जो क्रम आरंभ हुआ, वह देर रात तक अनवरत चलता रहा।

जयकारों से गूंजा परिक्रमा मार्ग
सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग में लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 'तेरी कट जाएं बाधा जीवन की, कर परिक्रमा गोवर्धन की' जैसे भजनों के साथ महिलाएं व पुरुष परिक्रमा करते नजर आए। हरे कृष्णा-हरे राम के संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह पुष्प सज्जा, झांकियां और भंडारों का आयोजन किया गया था। भक्तजन सिर पर अन्नकूट की टोकरी रखकर गिरिराज प्रभु को समर्पित करते हुए आगे बढ़ रहे थे।

विदेशी भक्तों में भी दिखा भारी उत्साह
इस्कॉन और गौड़ीय संप्रदाय के भारतीय भक्तों के साथ-साथ 40 देशों से आए 10 हजार से ज्यादा विदेशी श्रद्धालुओं ने भी इस आयोजन में भारी उत्साह से सहभागिता की। विदेशी भक्त ढोल-नगाड़ों पर नृत्य और कीर्तन करते नजर आए। राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भक्त समूह छबरियों में सजी अन्नकूट सामग्री लेकर निकले। पर्वतराज का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें 56 भोग समर्पित किया गया।

बरसाना में गोबर से हुआ गोवर्धन पूजन
बरसाना कस्बे में भी गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई। भोर होते ही मंदिरों में जयकारे गूंजने लगे। श्रद्धालुओं ने राधा रानी की चौखट पर माथा टेका। शाम ढलते ही हर घर और मंदिर दीपों से जगमगा उठा। भक्तों ने गोबर से गिरिराज पर्वत का प्रतीक बनाकर दूध, दही और मिठाई का भोग लगाया। राधारानी मंदिर, रंगीली महल और मानगढ़ धाम में विशेष अनुष्ठान हुए।

प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव की धूम
मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर और इस्कॉन में भी गोवर्धन पूजा के साथ भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। बांके बिहारी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की तीन किलोमीटर लंबी कतार लगी रही।

द्वापर युग से जुड़ी है परंपरा
दानघाटी मंदिर के सेवायत मथुरा दास कौशिक ने बताया कि श्रीकृष्ण ने इंद्र की पूजा का विरोध कर गोवर्धन पर्वत की पूजा का प्रारंभ किया था। इंद्र के कोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए भगवान ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर पर्वत को सात दिन तक उठा लिया था। तब से यह पर्व मनाया जाता है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए योगी सरकार के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। मैं हर साल यहां परिक्रमा करने आती हूं। गिरिराज जी के दुग्धाभिषेक के बाद मन को जो शांति मिलती है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। यहां की व्यवस्थाएं भी इस बार बहुत शानदार हैं। – सुमन शर्मा, श्रद्धालु (नोएडा)

इस्कॉन की गौशाला में हमने 2000 किलो सूजी के हलवे से गिरिराज जी का निर्माण किया है। इसमें 250 किलो हलवा मैंने खुद तैयार किया है। ब्रजभूमि आकर भगवान कृष्ण के करीब होने का अहसास होता है, यहां मन को असीम सुकून मिलता है। – गौरा मणि देवी दासी, श्रद्धालु (अमेरिका)

मैं पहली बार गोवर्धन पूजा में शामिल हुई हूं। यहां का माहौल, लोगों की आस्था और कीर्तन की ऊर्जा अद्भुत है। हम विदेशी भक्तों के लिए ब्रज में आना किसी बड़े सपने के सच होने जैसा है। हम यहां घंटों भजन गाकर आनंद ले रहे हैं। – गौराबैनी देवी दासी, श्रद्धालु (पोलैंड)

More From Author

छुईखदान तहसील के सेवा सेतु केंद्र से परिधि साहू को मिला निवास प्रमाण पत्र

महादेव बेटिंग केस में बड़ा अपडेट, 6 हजार करोड़ के सट्टा नेटवर्क की जांच तेज; सौरभ चंद्राकर कल होगा पेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.