‘दिलजीत दोसांझ के शो में होगा धमाका’, धमकी भरे मेल से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

ग्वालियर
 मध्य प्रदेश के ग्वालियर में धमकी भरे ईमेल ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। इस बार धमकी किसी आम व्यक्ति को नहीं बल्कि देश की चर्चित हस्ती को निशाना बनाकर दी गई है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए संदेश में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट के दौरान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया
ईमेल में 15 नवंबर की तारीख का जिक्र होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। धमकी की सूचना मिलते ही ग्वालियर और भोपाल की साइबर टीमें सक्रिय हो गईं। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन व्यक्ति या नेटवर्क काम कर रहा है।

हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर आया मेल
जानकारी के मुताबिक यह संदिग्ध ईमेल करीब तीन दिन पहले हाईकोर्ट की आधिकारिक मेल आईडी पर पहुंचा था। शुरुआती स्तर पर इसकी तकनीकी जांच शुरू की गई। साइबर विशेषज्ञ ईमेल के आईपी एड्रेस और प्रॉक्सी सर्वर से संबंधित डिजिटल जानकारियां खंगाल रहे हैं। मामले की सूचना इंदौर पुलिस को भी भेजी गई है।

यूपी ATS ने संदिग्ध को पकड़ा, लैपटॉप में मिले कई धमकी भरे ई-मेल
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यूपी एटीएस की कार्रवाई के बाद मामले में नया मोड़ आया है। संदिग्ध के लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के दौरान कई धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें ग्वालियर हाईकोर्ट को भेजा गया धमकी भरा संदेश भी शामिल बताया जा रहा है।

शुरुआती पूछताछ में संदिग्ध ने ई-मेल बेचने की बात कही है। ऐसे में जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हाईकोर्ट को धमकी भरा संदेश उसी ने भेजा था या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके ई-मेल अकाउंट का इस्तेमाल किया। फिलहाल उसकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हाईकोर्ट के साथ दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी धमकी
दरअसल, ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। ई-मेल में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।

संदेश में कॉन्सर्ट के मंच को आईईडी से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद ग्वालियर पुलिस और भोपाल एसटीएफ सक्रिय हो गई थीं। एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर के साथ जजों के बंगलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।

ग्वालियर पुलिस एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में
यूपी एटीएस की कार्रवाई के बाद ग्वालियर पुलिस ने भी मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। एसपी जयराज कुबेर के मुताबिक, हाईकोर्ट के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जानी थी।

पुलिस अब धमकी भरे ई-मेल के स्रोत, संदिग्ध के ई-मेल नेटवर्क और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी भेजने के पीछे क्या मकसद था और क्या इसके लिए किसी नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया। 

जांच एजेंसियों के सामने कई सवाल
ग्वालियर हाईकोर्ट और इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं। यूपी एटीएस की गिरफ्त में आए संदिग्ध से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि धमकी भरे संदेश भेजने में संदिग्ध की सीधी भूमिका थी या उसके ई-मेल अकाउंट का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति ने किया। 

हाईकोर्ट की सुरक्षा में अतिरिक्त बल तैनात
इस घटनाक्रम का असर ग्वालियर में भी देखने को मिला है। हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परिसर में आने-जाने वाले क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाने के साथ आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त भी तेज कर दी गई है।

गौरतलब है कि हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस जीएस अहलूवालिया के निर्देशों के बाद सुरक्षा व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। हालांकि धमकी का सीधा संबंध ग्वालियर से सामने नहीं आया है लेकिन जिस संस्थान की आधिकारिक ईमेल आईडी पर यह संदेश आया उसकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

More From Author

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवराज सिंह चौहान की मां को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

नर्मदा तट पर मिला दांतों वाला प्राचीन पत्थर, मेमथ के अवशेष होने की आशंका से मचा हड़कंप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.