स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि योग आज विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बन चुका है। योग ने पूरी दुनिया को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ व्यक्तित्व विकास तथा आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। योग सदियों से हमारी भारतीय जीवन पद्धति का आधार और अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि योग पूरी काया की विश्रांति है। यह सिर्फ़ एक व्यायाम ही नहीं, शरीर, मन और आत्मा को जोड़कर जीवन को संतुलित एवं निरोगी बनाने की पद्धति है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर स्वर्ण जयंती समारोह का विधिवत् शुभारंभ किया। एस-व्यासा सोसायटी द्वारा संचालित इस योग विश्वविद्यालय के संचालकों द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. यादव के जीवन कृतित्व पर प्रकाश डालकर तथा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा, गज प्रतिमा, कर्नाटक की प्रसिद्ध कारीगरी वाली पारम्परिक शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार मध्यप्रदेश को विकास के साथ-साथ संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का भी केंद्र बनाने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के संचालकों को मध्यप्रदेश में अपनी यूनिवर्सिटी का एक कैम्पस (अध्ययन केंद्र) स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं चाहते हैं कि मध्यप्रदेश और प्रशांति कुटीरम के बीच योग, प्राकृतिक चिकित्सा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग के नए रास्ते खुलें। हमारे युवाओं को योग का वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिले। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश में आयुर्वेदिक शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं। हम अपने युवाओं की असीम ऊर्जा और कौशल को एक सूत्र में पिरोते हुए उन्हें नौकरी मांगने वाला नहीं, वरन् नौकरी देने वाला बना रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पद्म डॉ. एचआर नागेंद्र जैसे महान वैज्ञानिक और ऋषि-तुल्य व्यक्तित्व ने नासा जैसी प्रतिष्ठित संस्था का त्याग कर अपना सम्पूर्ण जीवन योग और मानवता की सेवा में समर्पित कर दिया। उनकी दूरदर्शिता ने प्राचीन भारतीय योग विद्या को आधुनिक विज्ञान की कसौटी पर प्रमाणित कर विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। चिकित्सा विज्ञान और योग चिकित्सा के समन्वय में डॉ. आर. नागरत्ना तथा उनके सहयोगी मनीषियों का योगदान अतुलनीय है। इन महापुरुषों के सामूहिक तप से 'प्रशांति कुटीरम्' आज असाध्य रोगों के निवारण और समग्र स्वास्थ्य का वैश्विक केंद्र बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित है। उनका सपना था कि शिक्षा, चरित्र निर्माण और सेवा के माध्यम से एक सशक्त, आत्मविश्वासी और संवेदनशील समाज का निर्माण हो। यह अवसर केवल एक संस्थान के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव ही नहीं है, यह भारतीय ज्ञान परम्परा, योग साधना, आध्यात्मिक चेतना और मानव कलयाण के लिए समर्पित पांच दशकों की तपस्या का अभिनंदन है। प्रशांति कुटीरम ने योग को आध्यात्मिक अभ्यास से इतर आधुनिक विज्ञान और चिकित्सा अनुसंधान से जोड़ने का अभिनव प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. एचआर नागेंद्र और उनके सभी सहयोगियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इन्होंने अपने सामूहिक प्रयासों से योग के क्षेत्र में अनुसंधान, शिक्षा और जनसेवा को एक साथ आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भारत की योग परम्परा को विश्व के प्रत्येक घर तक पहुंचाना है, यही हमारा संकल्प होना चाहिए। स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय ने योग के वैज्ञानिक अध्ययन, अनुसंधान और वैश्विक प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रशांति कुटीरम की बीते 50 सालों की अनवरत यात्रा योग, साधना प्रयोग और मानव सेवा के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिली है। उन्होंने कहा कि चाहे नेचुरोपैथी हो, आयुर्वेद हो, फिजियोथैरेपी हो या प्राकृतिक चिकित्सा की अन्य कोई पद्धतियां हों, इन सभी का अपना विशेष महत्व है। इन चिकित्सा पद्धतियों का मूल उद्देश्य बीमारी का उपचार करने के साथ ही व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली प्रदान करना और समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा को साकार करना है। हमारे पास ज्ञान का एक ऐसा समृद्ध भंडार है, जिसकी जड़ें हजारों-लाखों वर्ष पुरानी भारतीय ऋषि-मुनियों की परंपरा में समाहित हैं। हमारे ऋषि-मुनियों ने जीवन जीने की कला, योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आध्यात्मिक चेतना के ज्ञान को हमारी जीवनशैली और संस्कारों का अभिन्न अंग बनाया था। यह हमारा स्वर्णिम अतीत और गौरवशाली विरासत है, जिसे आज पुनः विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने की जरूरत है। भारतीय ज्ञान परम्परा और चिकित्सा पद्धतियों से आज युवा पीढ़ी न केवल जुड़ रही है, बल्कि अपने सामर्थ्य और परिश्रम के बल पर भारतीय ज्ञान-संस्कृति का ध्वज विश्वभर में बुलंद कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश भौगोलिक क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। प्राकृतिक सम्पदा, समृद्ध वन क्षेत्र, वन्यजीवों की विविधता और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य की दृष्टि से मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। यह का विषय है कि हमारी सरकार ने पिछले दो वर्षों में प्रदेश में नौ नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। हम आयुर्वेद और पारम्परिक चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही औषधीय खेती को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। अश्वगंधा से लेकर सफेद मूसली तक अनेक औषधीय फसलों का उत्पादन मध्यप्रदेश में हो रहा है। विशेष रूप से मंदसौर और नीमच जैसे क्षेत्रों से औषधीय उत्पादों की आपूर्ति पूरे देश में की जा रही है। हमारी सरकार किसानों को तुलसी सहित विभिन्न औषधीय गुणों से युक्त पौधों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि किसानों की आय बढ़े और प्रदेश औषधीय कृषि के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करे। मध्यप्रदेश सरकार ने अपनी पारम्परिक कृषि व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए गौपालन को भी बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इससे न केवल पशुपालन को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि दूध उत्पादन में भी वृद्धि होगी। आज मध्यप्रदेश देश में दूध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है, लेकिन हमारा लक्ष्य यहीं रुकने का नहीं है। हमने संकल्प लिया है कि चरणबद्ध तरीके से मध्यप्रदेश को देश में दूध उत्पादन के क्षेत्र में पहले स्थान पर लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। प्राकृतिक खेती को अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजना के अंतर्गत प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को एक गाय के पालन-पोषण के लिए पूरे वर्ष का खर्च सरकार की ओर से उपलब्ध कराया जा रहा है। हमारा उद्देश्य स्पष्ट है प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, गोपालन को प्रोत्साहित करना, मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखना और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना। हम चाहते हैं कि खेती, पशुपालन और प्राकृतिक संसाधनों का एक ऐसा समन्वित मॉडल विकसित हो, जो किसानों की समृद्धि के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती पर संस्थान से जुड़े सभी योग साधकों, योगाचार्यों और सेवाभावियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सबके निःस्वार्थ परिश्रम ने विश्व भर के लाखों योग अनुयायियों के जीवन में आनंद का नया रंग भर दिया है। समारोह को अन्य विद्वतजनों एवं वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

योग, शिक्षा, शोध और समग्र स्वास्थ्य का अद्भुत केंद्र है यह डीम्ड विश्वविद्यालय

बेंगलूरु में वर्ष 1975 में प्रारंभ हुई एक अनवरत यात्रा आज स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के रूप में अंतर्राष्ट्रीय पहचान बन चुकी है। वर्ष 2002 में इसे डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा प्राप्त हुआ। लगभग 100 एकड़ रकबे में फैले इस विश्वविद्यालय का वृहद परिसर योग, दर्शन, शिक्षा, शोध और समग्र स्वास्थ्य (होलिस्टिक हेल्थ) का एक अद्भुत वैश्विक केंद्र है।

 

More From Author

राजस्थान में वीडीओ और कनिष्ठ सहायक समेत कई पदों पर भर्ती की तैयारी, 2028 तक की रिक्तियां मांगी

यूपी के 26,720 सरकारी स्कूलों का होगा सोशल ऑडिट, योगी सरकार ने उठाया बड़ा कदम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.