श्रीगंगानगर रेलवे ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा, गुरदासपुर से लिव-इन कपल गिरफ्तार

श्रीगंगानगर
 रामसिंहपुर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में जांच का दायरा अब पंजाब से लेकर स्थानीय नेटवर्क तक पहुंच गया है। पुलिस की स्पेशल टीम ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी दविंदर सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार किया है। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। जांच में स्थानीय स्तर पर उन्हें मदद उपलब्ध करवाने वाले नेटवर्क की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने तीन स्थानीय सहयोगियों को राउंडअप किया है। अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस पूरी वारदात के पीछे किसी आतंकी संगठन या मॉड्यूल के नेटवर्क के लिए ये आरोपी काम कर रहे थे या नहीं।

जांच एजेसियों की माने तो दोनों आरोपी वारदात से पहले श्रीगंगानगर क्षेत्र में आकर एक होटल में ठहरे थे। इसके बाद उन्होंने रेलवे ट्रैक की रैकी की और 3 नवंबर को रामसिंहपुर के पास विस्फोट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को ठहरने की व्यवस्था करवाने और वाहन उपलब्ध करवाने में कुछ स्थानीय लोगों ने मदद की थी। इसी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों को राउंडअप किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर रेंज आइजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर ने लगातार रामसिंहपुर थाने में डेरा डाले रखा। वहीं, सीओ सिटी आइपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम पंजाब भेजी गई थी। दिल्ली की केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से आरोपियों की पहचान कर दोनों को गुरदासपुर से गिरफ्तार किया गया।

जिले के होटल में ठहरे थे दोनों
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने वारदात से पहले श्रीगंगानगर जिले के एक होटल में ठहरने की व्यवस्था की थी। यहां एक दिन रुकने के बाद रामसिंहपुर की ओर से जाने की प्लानिंग बनाई गई। इस दौरान वे एक कार और एक बाइक को किराए पर लेकर रामसिंहपुर क्षेत्र में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने रामसिंहपुर और 58 जीबी के बीच रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्र की रैकी की। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों के संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल शुरू की। इसी के आधार पर उनके तीन स्थानीय सहयोगियों को राउंडअप किया गया है।

ऐसे मिला पंजाब नेटवर्क का इनपुट
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद पुलिस ने श्रीविजयनगर और रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में करीब 150 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की तब किसी एक ने संकेत दिया कि पंजाब के रहने वाले महिला और पुरुष दोनों रैकी करने आए थे, इसके बाद उनसे संपर्क नहीं किया। इस दौरान बताए गए हुलिए के बारे में एनआइए अधिकारियों से जानकारी सांझा की गई तब इन दोनों के पंजाब के गुरदासपुर एरिया में होने की जानकारी मिली। गिरफ्तार आरोपी दविंदर सिंह गुरदासपुर जिले के चौरा कलां गांव का रहने वाला है। वहीं महकदीप कौर इसी जिले के गांव दोस्तपुर की निवासी है।

आइजी ने की दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि
इस बीच, बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के मामले में दो मुख्य आरोपियों को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा आरोपियों को होटल में पनाह देने और वाहन उपलब्ध करवाने वाले तीन सहयोगियों को राउंडअप किया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हैं।

मोटी रकम डील होने की चर्चा
जांच टीम की कार्रवाई के दौरान यह पहलू भी सामने आया कि इस दंपती को नेटवर्क से मोटी रकम की डील हुई थी लेकिन पुलिस अधिकारियों ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है। हालांकि गिरफ्तार महकदीप कौर के पास से दो हथियार और 46 कारतूस बरामद किए गए है। इसके अलावा उसके पास से 30 हजार रुपए भी मिले है। यह राशि रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट की वारदात को अंजाम देने के लिए दी गई थी। पुलिस अब इस रकम के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत तथा आरोपियों तक उनकी पहुंच की भी पड़ताल की जा रही है।

लोकल स्लीपर नेटवर्क की भूमिका खंगाल रही एजेंसियां
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को किसने पनाह दी, उनके लिए वाहन की व्यवस्था किसने की और स्थानीय स्तर पर उन्हें किस तरह सहायता उपलब्ध करवाई गई। जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों और संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही हैं। आशंका है कि इस वारदात में स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आधी रात को खुलासे की तैयारी, चंद मिनटों में रोक दी प्रेस वार्ता
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट प्रकरण में शनिवार रात पुलिस प्रशासन की ओर से आधी रात 12 बजे प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करने की सूचना दी गई थी। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर की ओर से जारी सूचना में एडीजी एटीएस दिनेश एमएन की अगुवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरी वारदात से जुड़े तथ्यों का खुलासा करने की बात कही गई थी। इसके लिए मीडिया को भी सूचना दे दी गई थी, लेकिन प्रेस वार्ता शुरू होने से चंद मिनट पहले ही अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी गई।

इसके बाद पुलिस प्रशासन की ओर से रविवार दोपहर 12 बजे प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करने की नई सूचना दी गई। आधी रात को प्रस्तावित प्रेस वार्ता अचानक स्थगित किए जाने के पीछे एनआइए, एटीएस, सीआइडी जोन और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय तथा जांच से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को अंतिम रूप देने की चर्चा है। हालांकि प्रेस वार्ता स्थगित करने के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

More From Author

हेडिंग: प्रमोशन की खुशी में पार्टी करने जा रहे पांच दोस्तों की कार धान से भरे ट्रक में घुसी, दो की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल

मध्य प्रदेश में सिंचाई को मिलेगा बढ़ावा, धार-अलीराजपुर के 126 गांवों को होगा फायदा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.