योगी सरकार की नई पहल, अब स्कूलों में लगेगी संविधान की पाठशाला और पढ़ेंगे संवैधानिक मूल्य

योगी सरकार की पहल: विद्यालयों में संविधान की पाठशाला, संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करेंगे विद्यार्थी

– 26 नवंबर को प्रदेश के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में संविधान दिवस पर होंगे विशेष आयोजन 

रचनात्मक गतिविधियों से बच्चे जानेंगे संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा

– प्रार्थना सभा में विद्यार्थी और शिक्षक करेंगे संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

– संविधान सभा के सदस्यों, उनके योगदान और संविधान निर्माण की प्रक्रिया से परिचित होंगे बच्चे

– पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज जैसी गतिविधियों में दिखेगी विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा

– न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति जागरूक किए जाएंगे विद्यार्थी

– विद्यालयों में गतिविधियों के आयोजन के साथ डिजिटल माध्यम से भी दर्ज होगी सहभागिता

लखनऊ
 संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्श जब विद्यालयों की प्रार्थना सभा में बच्चों की सामूहिक आवाज बनेंगे, तो संविधान उनके लिए मात्र पाठ्यपुस्तक का विषय नहीं रहेगा। जीवन के मूल्यों को समझने का आधार भी बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को देश के संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा से जोड़ने की विशेष पहल कर रही है। 

इसी क्रम में 26 नवंबर को प्रदेश के सभी परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में संविधान दिवस पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। विद्यार्थी और शिक्षक संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करेंगे, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान से परिचित होंगे तथा पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संविधान के विचारों को अभिव्यक्त करेंगे। 

इस पहल के माध्यम से योगी सरकार विद्यालयों को संवैधानिक चेतना और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास का सशक्त केंद्र बनाने की दिशा में प्रयासरत है। उद्देश्य है कि विद्यार्थी संविधान को पढ़ें, उसके आदर्शों को समझें, उनका सम्मान करें और अपने व्यवहार एवं जीवन में उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित हों।

प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से होगी संवैधानिक मूल्यों की शुरुआत
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालयों में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा को विशेष रूप दिया जाएगा। इसमें शिक्षक और विद्यार्थी एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगे। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को संविधान के मूल उद्देश्यों और उसमें निहित आदर्शों से परिचित कराया जाएगा। उन्हें यह समझने का अवसर मिलेगा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला हैं और प्रत्येक नागरिक के जीवन में इन मूल्यों का विशेष महत्व है।

संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा से रूबरू होंगे विद्यार्थी
विद्यालयों में संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा की भूमिका और उसके सदस्यों के योगदान पर परिचर्चा एवं अन्य शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को संविधान निर्माण से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों और महत्वपूर्ण प्रसंगों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को संविधान के निर्माण के पीछे की विचारधारा, लोकतांत्रिक विमर्श और सामूहिक प्रयासों से परिचित कराना है।

रचनात्मक गतिविधियों में दिखेगी बच्चों की संवैधानिक समझ
संविधान दिवस को विद्यार्थियों के लिए रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज निर्माण जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चे संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और राष्ट्रीय मूल्यों को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए प्रस्तुत करेंगे। इससे उनमें विषय को समझने, विचार व्यक्त करने और सामूहिक रूप से कार्य करने की क्षमता भी विकसित होगी।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों की समझ विकसित करने पर जोर
संविधान दिवस के आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग बनाना है। बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, विविधता में एकता और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के महत्व से परिचित कराया जाएगा। विद्यालय स्तर पर होने वाली गतिविधियां उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देंगी।

विद्यालयों में आयोजन और सहभागिता का रखा जाएगा विवरण
संविधान दिवस के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के माध्यम से संविधान के मूल विचारों को विद्यालयी वातावरण का हिस्सा बनाने की पहल की जा रही है। डिजिटल माध्यम से कार्यक्रमों की गतिविधियों और सहभागिता का विवरण भी दर्ज किया जाएगा।

कोट:
संविधान दि
वस विद्यार्थियों को देश के संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यालयों में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में संविधान के प्रति सम्मान, अधिकारों एवं कर्तव्यों की समझ और जिम्मेदार नागरिकता का भाव विकसित किया जाएगा।
मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा

More From Author

छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में AI क्रांति, गूगल फॉर एजुकेशन के साथ सरकार ने किया बड़ा एमओयू

उमरिया के छोटे से गांव बरबसपुर से मुंबई तक सत्या तिवारी का सफर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.