सच्ची महानता पद-प्रतिष्ठा, सम्पत्ति में नहीं, त्याग, तपस्या और परोपकार में : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

परमपूज्य 108 आचार्य श्री विद्यासागर महाराज ने साधना का मार्ग चुना, जियो और जीने दो के भाव को चरितार्थ किया
मुख्यमंत्री और केंद्रीय संचार मंत्री ने किया आचार्य विद्यासागर की स्मृति में स्मारक डाक टिकिट का विमोचन
 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यासागर महाराज के चित्र का भी अनावरण किया

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महानता यूं ही अर्जित नहीं होती, इसके लिए निःस्वार्थ भाव से सम्पूर्ण जीव-जगत के हित में प्राण-प्रण से जीवन साधना करनी पड़ती है। सच्ची महानता किसी पद-प्रतिष्ठा या सम्पत्ति के वैभव प्रदर्शन में नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और परम ज्ञान से जीवों के कल्याण (परोपकार) में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परमपूज्य संत शिरोमणि 108 आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज तप, त्याग, संयम और करुणा की साक्षात् प्रतिमूर्ति थे। दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन मूल्यों का स्मरण करते हुए उनकी स्मृति में भारतीय डाक विभाग ने स्मारक डाक टिकट जारी किया है। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज ने सूर्य के समान हम सभी को आशीर्वाद प्रदान किया। सूर्य के प्रकाश में सप्त रंग शामिल होते हैं, लेकिन वे दिखाई नहीं देते हैं, इसके लिए प्रिज्म की आवश्यकता होती है। उसी प्रकार आचार्य श्री विद्यासागर जी भौतिक शरीर से हमारे साथ नहीं हैं, लेकिन वे वायु और सूर्य के सप्त रंगों के समान हमारे आसपास मौजूद हैं। उनका आशीर्वाद आज भी हम सभी को मिल रहा है। श्री विद्यासागर महाराज ने अपना घर-परिवार त्यागकर तपोसाधना, भक्ति और जनकल्याण का मार्ग चुना था। उन्होंने अमीर हों या गरीब, समाज के हरेक व्यक्ति के जीवन में 'जियो और जीने दो' के भाव को चरितार्थ कर दिखाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भोपाल के एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में केंद्रीय संचार मंत्रालय द्वारा आचार्य विद्यासागर जी महाराज की स्मृति में स्मारक डाक टिकट विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने पांच रुपए मूल्य के इस स्मारक डाक टिकट (मिनिएचर शीट) के विमोचन (प्रथम दिवस आवरण विवरणिका) के लिए केन्द्र सरकार और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्मारक डाक टिकट के विमोचन में सहभागिता की। समारोह में मौजूद पूज्य संत श्री समय सागर जी महाराज के सानिध्य में डाक विभाग द्वारा परम पूज्य 108 विद्यासागर महाराज के स्मारक डाक टिकिट का विमोचन किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूज्य संत श्री समय सागर जी महाराज के पाद प्रक्षालन किये। तत्पश्चात आयोजकों द्वारा तैयार किए गए आचार्य विद्यासागर जी महाराज के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर चित्र का अनावरण भी किया।

इस अवसर पर दिगम्बर जैन पंचायत समिति के पदाधिकारियों ने दिगंबर जैनाचार्य श्री विद्यासागर महाराज के जीवन-दर्शन, पशु कल्याण, सामाजिक कार्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक श्री आशीष शर्मा, विधायक श्री देवेन्द्र जैन, म.प्र. हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम जैन, भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, श्री अशोक पाण्डे, मध्यप्रदेश के मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल श्री विनीत माथुर, दिगम्बर जैन पंचायत समिति के अध्यक्ष श्री पंकज जैन सुपारी, श्री अशोक पाटनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

 

More From Author

केरोसिन अंत्योदय व प्राथमिकता राशनकार्डधारियों के लिए

छत्तीसगढ़ की स्मार्ट बिजली व्यवस्था दूसरे राज्यों के लिए अनुकरणीय : राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.