सेज विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में मंत्री परमार ने विद्यार्थियों से मातृभूमि, परिवार और समाज के प्रति कृतज्ञता एवं संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने का किया आह्वान

भोपाल 

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री  इन्दर सिंह परमार ने कहा है कि विद्यार्थी अपनी शिक्षा, प्रतिभा और सामर्थ्य से जीवन में सर्वश्रेष्ठ अर्जित करने के साथ उसे समाज को लौटाने की वृत्ति भी धारण करें। अपने परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थान और मातृभूमि के प्रति सदैव कृतज्ञता का भाव रखें। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि अर्जित ज्ञान और अनुभव से समाज एवं राष्ट्र के जीवन को बेहतर बनाना है। विद्यार्थी संवेदनशील नागरिक बनकर जरूरतमंदों और निःसहाय लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें।

मंत्री  परमार शनिवार को भोपाल स्थित सेज विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह वर्षों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से अर्जित उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ जीवन की नई जिम्मेदारियों के निर्वहन का शुभारंभ भी है। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार का उपयोग समाज के कल्याण एवं राष्ट्र की प्रगति के लिए करना चाहिए। शिक्षा की सार्थकता तभी है, जब व्यक्ति अपनी उपलब्धियों के माध्यम से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करे।

मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) खेमसिंह डेहरिया ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय ने आपको गढ़ा है, अब आप सामाजिक जीवन में स्वयं को गढ़ें। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन से शिक्षा व्यवस्था में हो रहे व्यापक परिवर्तनों, विद्यार्थियों के लिए विकसित हो रहे नए अवसरों तथा शिक्षा को बहुआयामी, कौशल आधारित और व्यावहारिक बनाने के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. संजीव अग्रवाल ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मेधावी विद्यार्थियों को 23 स्वर्ण एवं 17 रजत पदक

समारोह में विश्वविद्यालय के 13 शैक्षणिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपाधियाँ प्रदान की गईं। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 23 स्वर्ण एवं 17 रजत पदकों से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 17 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। यह सम्मान विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक रहा।

छह विशिष्ट विभूतियों को मानद डी.लिट. की उपाधि

समारोह में पत्रकारिता, पाक-कला, शास्त्रीय संगीत, अभिनय, फार्मास्यूटिकल क्षेत्र एवं समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाली छह विशिष्ट विभूतियों को मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ पत्रकार एवं टाइम्स नाउ नवभारत के वरिष्ठ परामर्श संपादक  सुमित अवस्थी, प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ एवं टर्बन तड़का हॉस्पिटैलिटी के संस्थापक  हरपाल सिंह सोखी, प्रख्यात शास्त्रीय सितार वादक सु स्मिता नागदेव, लोकप्रिय अभिनेता एवं हास्य कलाकार  हेमंत पांडे, फार्मास्यूटिकल विशेषज्ञ एवं एक्सिओम एनालिटिकल सर्विसेज के प्रबंध निदेशक  सचिन कुमार बाथमा तथा प्रख्यात जैन विद्वान, लेखक एवं समाजसेवी  विनोद कुमार जैन शामिल हैं।

अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविदों की गरिमामय उपस्थिति

समारोह में मलेशिया के यूनिवर्सिटी टेक्नोलॉजी मलेशिया के नवाचार केंद्र के निदेशक प्रो. डॉ. हेशम ए. एल. एन्शासी, नीदरलैंड के लीडेन विश्वविद्यालय में फंगल जैव प्रौद्योगिकी के प्रोफेसर डॉ. पीटर जे. पंट तथा जर्मनी के म्यूनिख तकनीकी विश्वविद्यालय में सूक्ष्मजीव प्रणालियों के समूह प्रमुख डॉ. क्रिश्चियन वुर्जबाकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रति-कुलाधिपति डॉ. प्रशांत जैन एवं प्रबंध निदेशक आर्किटेक्ट सु शिवानी अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।

समारोह का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शैक्षणिक शोभायात्रा के पश्चात विश्वविद्यालय का शैक्षणिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों, नवाचारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की जानकारी दी गई। इसके पश्चात मानद उपाधियों, शैक्षणिक उपाधियों एवं पदकों का वितरण किया गया तथा विद्यार्थियों को दीक्षांत प्रतिज्ञा दिलाई गई। कार्यक्रम का समापन कुलसचिव द्वारा प्रस्तुत आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

 

More From Author

जो कल तक चोर थे आज दरोगा बनने का कर रहे ढोंग: सीएम योगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.