चिकित्सा केवल पेशा नहीं, मानव सेवा का पुनीत माध्यम : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंदों को मिल रहा निःशुल्क उपचार

प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ चिकित्सा शिक्षा को मिल रहा बढ़ावा, एमबीबीएस की सीटें बढ़कर हुईं 3,025

रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उत्तम स्वास्थ्य ही जीवन का वास्तविक धन है। जब छत्तीसगढ़ का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का हमारा संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का पुनीत माध्यम है। एक चिकित्सक का सेवाभाव, संवेदनशीलता और आत्मीय व्यवहार मरीज को स्वस्थ होने का विश्वास और संबल प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री साय आज राजधानी रायपुर के मोवा स्थित बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में आयोजित ‘तरंग 2.0 स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट-2026’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय समाज में चिकित्सकों को ईश्वर के बाद सबसे अधिक सम्मान दिया जाता है। यह सम्मान उनके ज्ञान और कौशल के साथ-साथ मानव जीवन की रक्षा के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भावी चिकित्सकों से कहा कि मरीज के उपचार में दवाइयों और चिकित्सा तकनीक के साथ चिकित्सक का आत्मीय व्यवहार भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। कई बार चिकित्सक के मधुर व्यवहार और सकारात्मक संवाद से ही मरीज को बड़ी मानसिक राहत मिलती है।

जरूरतमंदों का उपचार कराना सदैव रही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों ने अनेक जटिल बीमारियों का उपचार संभव बनाया है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि 26 वर्ष की आयु में पहली बार विधायक बनने से लेकर सांसद और मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा करते हुए जरूरतमंद एवं बीमार लोगों को उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उपचार मिलना और उसका स्वस्थ होकर लौटना उनके लिए आत्मसंतुष्टि का विषय है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से उपचार के लिए रायपुर आने वाले जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से उन्होंने ‘कुनकुरी सदन’ की स्थापना की है। यह सदन लोगों के लिए सहयोग और सहायता के केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान से दूरस्थ अंचलों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण निर्मित हो रहा है। नक्सलवाद से प्रभावित रहे दूरस्थ क्षेत्रों में अब शासन की योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर अब तक लगभग 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। इस अभियान के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों के निःशुल्क उपचार और आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को प्रथम चरण में ही एम्स की सौगात मिली थी। आज यह संस्थान प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मेडिकल हब के रूप में उभर रहा छत्तीसगढ़ : स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को देश के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अस्पतालों को उद्योग का दर्जा देने के साथ ही पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या बढ़कर 3,025 हो गई है। इसके साथ ही नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा का भी व्यापक विस्तार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने से मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के फलस्वरूप उपचार के लिए राज्य से बाहर जाने वाले मरीजों की संख्या में लगभग 80 प्रतिशत तक कमी आई है।

श्री जायसवाल ने मेडिकल छात्र-छात्राओं से कहा कि एक सफल चिकित्सक बनने के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को जीवन में बहुमुखी प्रतिभा विकसित करने और मानव सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

 

More From Author

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को दे रहे धन्यवाद, कहा हर साल हो यह क्विज

बीरगांव नगर निगम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों का किया सम्मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO NO. 14175/31

RO No. 14151/1

RO No. 14159/77

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.