नई दिल्ली : भारतीय मुद्रा, यानी रुपए पर अभी महात्मा गांधी की तस्वीर है। जल्द ही कुछ नोटों पर नोबेल विजेता कवि रवींद्रनाथ टैगोर और देश के 11वें राष्ट्रपति मिसाइलमैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की वाटरमार्क तस्वीर देखने काे मिल सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय वित्त मंत्रालय, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) कुछ नोटों की एक सीरीज पर कलाम और टैगोर के वाटरमार्क का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहा है।
टैगोर को उनकी काव्य रचना गीतांजलि के लिए नोबेल पुरस्कार मिला था। वहीं, कलाम देश के महान वैज्ञानिक और व्यक्तित्वों में से एक हैं। अगर इन हस्तियों की तस्वीर नोटों पर छापी जाती है, ताे ऐसा पहली बार हाेगा, जब रिजर्व बैंक रुपए पर महात्मा गांधी के अलावा अन्य हस्तियों की तस्वीर छापेगा।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मीटिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने IIT-दिल्ली के एमेरिटस प्रो. दिलीप टी. साहनी को गांधी, टैगोर और कलाम के वॉटरमार्क के नमूनों के दो अलग-अलग सेट भेजे हैं। साहनी को दो सेटों में से चुनने व उन्हें सरकार द्वारा अंतिम विचार के लिए पेश करने को कहा गया है। वाटरमार्क की जांच करने वाले प्रो. साहनी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंस्ट्रुमेंटेशन के विशेषज्ञ हैं। इसी साल उन्हें पद्मश्री सम्मान मिला।