44 घंटे तक भक्तो को दर्शन देंगे बाबा महाकाल

उज्जैन 

ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि के लिए मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुलेंगे। इसके साथ ही आम दर्शन का सिलसिला शुरू हो जाएगा। भक्तों को लगातार 44 घंटे भगवान महाकाल के दर्शन होंगे।

भगवान महाकाल की चार प्रहर की पूजा

इस दौरान गर्भ गृह में लगातार भगवान महाकाल की महापूजा का अनुक्रम चलता रहेगा। ज्योतिर्लिंग की पूजन परंपरा के अनुसार भगवान महाकाल की चार प्रहर की पूजा होगी।

मंदिर प्रशासन ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सामान्य, वीआइपी तथा वृद्ध व दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग द्वार से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।

कब-कब आरती पूजा होगी

    मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि 2.30 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भस्म आरती होगी।
    बुधवार सुबह 7.30 से 8.15 बजे तक दद्योदक (बालभोग) आरती होगी।
    सुबह 10.30 से 11.15 बजे तक भोग आरती होगी।
    दोपहर 12 बजे तहसील की ओर से भगवान महाकाल की शासकीय पूजा होगी।
    शाम 4 बजे से होलकर व सिंधिया राजवंश की ओर से पूजा अर्चना की जाएगी।
    शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक कोटेश्वर महादेव का पूजन व सेहरा शृंगार होगा।
    रात 11 बजे से गर्भगृह में महाकाल की महापूजा होगी, जो सारी रात चलेगी।
    गुरुवार सुबह 6 बजे से 10 बजे तक सेहरा दर्शन होंगे।
    दोपहर 12 बजे साल में एक बार दिन में भस्म आरती होगी।
    दोपहर 2 बजे बालभोग व भोग आरती होगी।
    रात 11 बजे शयन आरती के बाद पट बंद होंगे।

यह रहेगी दर्शन व्यवस्था

सामान्य दर्शनार्थी : आम भक्तों को कर्कराज पार्किंग से भील समाज की धर्मशाला, गोंड बस्ती, चारधाम मंदिर, शक्तिपथ, श्री महाकाल महालोक, मानसरोवर फैसिलिटी सेंटर, महाकाल टनल के रास्ते गणेश व कार्तिकेय मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन कराए जाएंगे।

वीआइपी : वीआइपी तथा प्रोटोकाल के तहत आने वाले भक्तों को बेगमबाग मार्ग पर बने नीलकंठ द्वार से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। वृद्ध व दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश की व्यवस्था भी इसी द्वार से रहेगी। दर्शन के बाद इसी मार्ग से बाहर निकलेंगे।

बंद रहेगी शीघ्र दर्शन सुविधा

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने महाशिवरात्रि पर 250 रुपये की शीघ्र दर्शन व्यवस्था को स्थगित करने का निर्णय लिया है। भक्तों को केवल कर्कराज पार्किंग मार्ग से एक समान व्यवस्था से दर्शन कराए जाएंगे।

यहां रहेगी पार्किंग

इंदौर : इंदौर रोड की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग रुद्राक्ष होटल के पास शनि मंदिर परिसर, प्रशांतिधाम, शासकीय इंजीनियरिंग कालेज, हरिफाटक ब्रिज के नीचे, हाट बाजार परिसर, मन्नत गार्डन में रहेगी।

देवास, मक्सी, आगर : इन तीनों मार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए इंजीनियरिंग कालेज तथा प्रशांतिधाम परिसर में रहेगी।

बड़नगर व नागदा : इन शहरो से आने वाले वाहनों की पार्किंग मुल्लापुरा धान उपार्जन केंद्र परिसर, कार्तिक मेला ग्राउंड, बड़नगर रोड आदिनाथ जैन बोर्डिंग, उदासिन व निर्मोही अखाड़ा परिसर बड़नगर रोड पर रहेगी।
निश्शुल्क बस सुविधा मिलेगी

महाकाल मंदिर समिति द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से दूरस्थ पार्किंग स्थलों से भक्तों को मंदिर तक लाने ले जाने के लिए निश्शुल्क बस सेवा संचालित की जाएगी। पार्किंग स्थलों पर बसों की उपलब्धता व अन्य जानकारी के लिए काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।

यहां से लगेंगे लड्डू प्रसाद काउंटर

नृसिंह घाट तिराहा पर एक साथ लड्डू प्रसाद काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जो दर्शन के लिए निर्धारित समय तक लगातार खुले रहेंगे।

यह सुविधा नि:शुल्क मिलेगी

    भील समाज धर्मशाला व झालरिया मठ पर जूता स्टैंड रहेगा।
    महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में भक्तों के लिए फलाहारी की व्यवस्था रहेगी।
    तीन किलो मीटर लंबे मार्ग पर हर 200 मीटर के बाद पेयजल का इंतजाम रहेगा।
    कर्कराज, चारधाम, हरसिद्धि, त्रिवेणी संग्रहालय के स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार होगा।

 

More From Author

ईडी ने राजीव भवन में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह से बंद कमरे में हो रही पूछताछ

नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण मामले में मसूदा और आसपास के इलाकों में बाजार बंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.