जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जन भागीदारी से हो रहे है कार्य

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश में 30 मार्च से निरंतर जल संरचानाओं के संरक्षण और सफाई के कार्य निरंतर जारी है। इन कार्यों में समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग मिल रहा है। अभियान के दौरान उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें सफाई और गहरीकरण के बाद पर्यटन के रूप में विकसित किया जाना है।

ग्वालियर में पृथ्वी तालाब को पर्यटन के रूप में किया जायेगा विकसित
जल गंगा संवर्धन अभियान में ग्वालियर के पृथ्वी तालाब को पर्यटन के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। तालाब के सौंदर्यीकरण की शुरूआत क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह और महापौर डॉ. शोभा सिकरवार की उपस्थिति में भूमि-पूजन से हुई। सांसद श्री कुशवाह ने बताया कि पृथ्वी तालाब के लिये अमृत योजना में 3 करोड़ रूपये की राशि प्राप्त हुई है। महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने जानकारी दी कि तालाब के चारों और सघन वृक्षारोपण किया जायेगा। इससे तालाब का जल स्तर बढ़ेगा।

सिंगरौली के चितरंगी की कन्या शाला में हुई भाषण प्रतियोगिता
सिंगरौली जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में जल स्रोतों की सफाई के साथ जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। चितरंगी शासकीय कन्या विद्यालय में जल के महत्व पर भाषण प्रतियोगिता हुई। छात्राओं ने जलवायु परिवर्तन को देखते हुए अपने विचार रखे। छात्राओं ने कहा कि जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना होगा।

धार में रामतलाई तालाब की साफ-सफाई की गई
धार जिले में नगर के रामतलाई तालाब की साफ-सफाई का कार्य किया गया। इस कार्य में जिला आयुष कार्यालय से जुड़े अधिकारी और कर्मचारियों ने तालाब की सफाई का कार्य किया। आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 80 त्रिमूर्ति नगर की कार्यकर्ता और सहायिका ने आयुर्वेद से जुड़े चिकित्सकों से पोषण आहार के बारे में जानकारी प्राप्त की। तालाब के सफाई कार्य में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।

 बड़वानी के पानसेमल में वाटरशेड मिशन की शुरूआत
बड़वानी जिले में जन भागीदारी से जल संवर्धन के कार्य किये जा रहे है। जनपद पंचायत पानसेमल के ग्राम राखी बुजुर्ग में विधायक श्री श्याम बर्डे के उपस्थिति में वाटर शेड मिशन में कार्य की शुरूआत की गई। क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि पानी के बगैर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने बताया कि राखी बुजुर्ग के निकट सुसरी नदी पर बांध बनाये जाने की स्वीकृति मिली है। जनपद क्षेत्र में जल बचाव और पौध संरक्षण पर बच्चों की चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता हुई।

बुरहानपुर में नेपानगर परिषद द्वारा सीतानहानी के पवित्र कुंडों की हुई सफाई
बुरहानपुर जिले के नेपानगर परिषद द्वारा ऐतिहासिक सीतानहानी धार्मिक पर्यटन स्थल के पवित्र कुंडों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई की गई। नेवा नगर के सीएमओ ने बताया कि सीतानहानी की अविरल बहने वाली जल धारा से वार्ड क्रमांक 22 में जल प्रदाय किया जाता है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती भारती पाटील पार्षदगणों और नागरिकों ने जल संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम के समापन पर गंगा मैया की आरती की गई।

कटनी के रीठी में छात्र-छात्राओं ने रैली निकाल कर जल बचाने का दिया संदेश
कटनी जिले के रीठी में जल संवर्धन अभियान में जल स्रोतों के साफ-सफाई का अभियान निरंतर जारी है। रीठी में जन अभियान परिषद के सहयोग से छात्र-छात्राओं ने जल जागरूकता के लिये नगर के मुख्य मार्गों से रैली निकाली। इस मौके पर बाजार में नुक्कड नाटक के माध्यम से नदी, तालाब और हेंडपंप के आसपास साफ-सफाई रखने का संदेश जल सामान्य को दिया गया। जनता को सामुहिक शक्ति के महत्व के बारे में बताया गया।

टीकमगढ़ में चंदेल कालीन तालाब करमारई में हुआ सामुहिक श्रमदान
टीकमगढ़ जिले में ग्राम पंचायत करमारई में जल गंगा संवर्धन अभियान में चंदेल कालीन प्राचीन तालाब की साफ-सफाई का कार्य सामुहिक श्रमदान से किया गया। इस मौके पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था सुदर्शन फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने जनसामान्य को दिन-प्रतिदिन भू-जल के गिरते स्तर पर जनता को अगाह किया। जन सामान्य को जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदारी करने की शपथ दी लाई गई। टीकमगढ़ जिले में जिला प्रशासन द्वारा महेन्द्र सागर तालाब स्थित अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 8.50 एकड भूमि पर से अतिक्रमण हटाया गया।

 

More From Author

हलाली डेम के वन क्षेत्र में गिद्ध संरक्षण एवं प्रजनन सेंटर केरवा भोपाल के 6 केप्टिव ब्रीडिंग गिद्धों को छोड़ा गया

बायोमास के उपयोग के लिये वर्तमान में स्थापित तथा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की समयबद्ध कार्य-योजना उपलब्ध करायें : प्रमुख सचिव कोठारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.