गेंदबाजी के बल पर राजस्थान को हराया लखनऊ सुपर जाएंट्स ने दो रन से हरा

लखनऊ

आवेश खान की घातक गेंदबाजी की दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स ने राजस्थान रॉयल्स को दो रन से हरा  दिया। इसमें आवेश की दमदार बॉलिंग  ने मैच को पलट दिया।

शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने एडेन मार्करम और आयुष बडोनी की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए, लेकिन जवाब में राजस्थान निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 178 रन ही बना सकी। मौजूदा सत्र में यह लखनऊ की पांचवीं जीत है। अब टीम 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, राजस्थान आठ में से छह मैच गंवाने के बाद आठवें पायदान पर खिसक गई।

वैभव और यशस्वी ने दिलाई थी अच्छी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत शानदार हुई थी। यशस्वी जायसवाल और 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बीच पहले विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी हुई। एडेन मार्करम ने सूर्यवंशी को पंत के हाथों स्टंप कराया। वह 20 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपने करियर की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने नीतीश राणा को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ आठ रन बना सके। फिर जायसवाल को रियान पराग का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े।

आवेश खान ने पलटा पासा
आवेश खान ने जायसवाल को 18वें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड किया। वह 52 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर में आवेश ने रियान को भी एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 39 रन बनाकर लौटे। पारी के अंतिम ओवर में टीम को जीत के लिए नौ रनों की जरूरत थी, लेकिन आवेश खान ने शिमरन हेटमायर को आउट कर उनकी यह उम्मीद भी तोड़ दी। ध्रुव जुरेल और शुभम दुबे क्रमश: छह और तीन रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए आवेश ने तीन विकेट लिए जबकि शार्दुल और मार्करम को एक-एक सफलता मिली।

मार्करम-बडोनी के बाद समद गरजे
इससे पहले, इस मैच में लखनऊ की शुरुआत खराब हुई। जोफ्रा आर्चर ने मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद संदीप शर्मा ने निकोलस पूरन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना पाए। वहीं, कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने सिर्फ तीन रन बनाए।

इसके बाद मोर्चा एडेन मार्करम और आयुष बडोनी ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 49 गेंदों में 76 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान मार्करम ने 45 गेंदों में 66 और बडोनी ने 34 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। वहीं, डेथ ओवर्स में अब्दुल समद का बल्ला गरजा और उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से महज 10 गेंदों में 30 रन कूट दिए। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने कुल 27 रन बटोरे। डेविड मिलर सात रन बनाकर नाबाद रहे।

More From Author

अमेरिका में पढ़ रहे तीन भारतीय और दो चीनी छात्रों ने अमेरिकी प्रशासन के किया मुकदमा

दुर्ग जिला अंतर्गत ग्राम जामगॉव (एम) में 110 एकड़ में स्थापित किया जा रहा है प्रसंस्करण ईकाई: वनमंत्री कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.