गिल पर भारी पड़े पंत, लखनऊ ने गुजरात को उनके घर में हराया

अहमदाबाद

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के मैच नंबर-64 में गुजरात टाइटन्स (GT) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से हुआ. 22 मई (गुरुवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 33 रनों से जीत हासिल की. मुकाबले में गुजरात टाइटन्स को जीत के लिए 236 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन वो 9 विकेट पर 202 रन बना सकी. लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने शतकीय पारी (117 रन) खेली, जबकि तेज गेंदबाज विलियम ओरोर्के ने 3 विकेट लिए.

मौजूदा सीजन में गुजरात टाइटन्स की ये 13 मैचों में चौथी हार रही. हालांकि गुजरात टाइटन्स पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और वो अंकतालिका में पहले नंबर पर कायम है. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स की 13 मैचों में ये छठी जीत रही. अंकतालिका में छठे स्थान पर काबिज लखनऊ सुपर जायंट्स का प्लेऑफ से पत्ता कट चुका है.

टारगेट का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स की शुरुआत अच्छी रही. 'इम्पैक्ट सब' साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने मिलकर 27 गेंदों पर 46 रनों की पार्टनरशिप की. तेज गेंदबाज विलियम ओरोर्के ने सुदर्शन (21 रन, 16 गेंद, 4 चौके) को आउट करके इस पार्टनरशिप को ब्रेक किया. सुदर्शन के आउट होने के बाद जोस बटलर संग शुभमन गिल की 39 रनों की साझेदारी हुई. शुभमन ने सात चौके की मदद से 20 बॉल पर 37 रन बनाए और उनका विकेट आवेश खान ने लिया. शुभमन के बाद जोस बटलर भी चलते बने, जिन्हें 'इम्पैक्ट सब' आकाश सिंह ने एक बेहतरीन इनस्विंगर पर बोल्ड किया.

जोस बटलर ने 18 बॉल पर 33 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे. बटलर के आउट होने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड और शाहरुख खान के बीच चौथे विकेट के लिए 86 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने गुजरात टाइटन्स की मैच में वापसी कराई. इस पार्टनरशिप को विलियम ओरोर्के ने तोड़ा, जिन्होंने 17वें ओवर की पहली गेंद पर रदरफोर्ड को आउट किया. रदरफोर्ड ने 3 छक्के और एक चौके की मदद से 22 गेंदों पर 38 रन बनाए.

रदरफोर्ड के आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई. 17वें ही ओवर में विलियम ओरोर्के ने राहुल तेवतिया (2 रन) को भी पवेलियन रवाना कर दिया. फिर 18वें ओवर में अरशद खान (1) को शाहबाज अहमद ने चलता किया. इसी बीच शाहरुख खान क्रीज पर डटे रहे और उन्होंने 22 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. शाहरुख खान को 19वें ओवर में आवेश खान ने आउट किया. शाहरुख ने 29 गेंदों पर 57 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. पारी के आखिरी ओवर में आयुष बदोनी ने कगिसो रबाडा (2 रन) और आर. साई किशोर (1 रन) को आउट करके लखनऊ को शानदार जीत दिलाने में मदद की.

More From Author

प्लेऑफ क्वीलाफाई करने के बाद भी हैदराबाद के खिलाफ मैच जीतना चाहेगी RCB, लीग चरण में शीर्ष दो में बनाना चाहेगी जगह

नरसिंहपुर में 26 मई को कृषि उद्योग समागम का आयोजन होगा, उपराष्ट्रपति धनखड़ करेंगे शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.