अब तक इन 18 राज्यों में मॉनसून ने दे दी है दस्तक, यूपी-बिहार में कब पहुंचेगा? IMD का क्या पूर्वानुमान

नई दिल्ली
इस साल निर्धारित समय से पहले चल रहे मॉनसून ने ना केवल केरल में दस्तक दी है बल्कि अब तक यह देश के 18 राज्यों में पहुंच चुका है। इनमें से 14 राज्य तो मॉनसून से सराबोर हैं। वहां खूब बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अब तक मॉनसून केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा और आंध्र प्रदेश और पूर्वेत्तर के सभी सात राज्यों को पूरा कवर कर चुका है, जबकि यह महाराष्ट्र के करीब आधे हिस्से में पहुंच चुका है। इसी तरह मॉनसून 29 मई की शाम तक छत्तीसगढ़ और ओडिशा के दक्षिणी भागों और पश्चिम बंगाल के ऊत्तरी पहाड़ी इलाकों में दस्तक दे चुका है।

किस राज्य में मॉनसून पहुंचने का क्या है निर्धारित समय?
केरल में आमतौर पर एक जून को मॉनसून दस्तक देता है लेकिन इस साल यह करीब 12 दिन पहले ही वहां पहुंच चुका है। इसी तरह 5 जून के आसपास मॉनसून कर्नाटक और आंध्र प्रदेश पहुंचता है लेकिन वहां भी समय से पहले यानी 26 मई को ही मॉनसून ने दस्तक दे दी है। तेलंगाना में भी 26 मई को दस्तक देने वाला दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पूरे राज्य में छा गया है। यहां अमूमन हर साल 10 जून के आसपास मॉनसून दस्तक देता है लेकिन इस साल 15 दिन पहले ही मॉनसून पहुंच चुका है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 28 और 29 मई को महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक के सभी हिस्सों, आंध्र प्रदेश के भी शेष सभी हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों तथा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।

पूर्वोत्तर राज्यों में क्या स्थिति?
पूर्वोत्तर के भी सात राज्यों में जून के पहले सप्ताह में झूमकर बरसने वाला मॉनसून समय से एक सप्ताह पहले पहुंच चुका है। वहां के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, नागालैंड में पिछले एक सप्ताह से मूसलाधार बारिश हो रही है। गुरुवार की शाम यानी 29 मई तक सिक्किम के पूरे इलाके को भी मॉनसून ने कवर कर लिया है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाकों दार्जीलिंग में भी मॉनसून ने दस्तक दे दी है।

अगले 24 घंटों का क्या पूर्वानुमान?
मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने भारी निम्न दबाव के कारण तटवर्ती कुछ राज्यों खासकर पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है।

यूपी-बिहार में कब दस्तक देगा मॉनसून?
अभी मॉनसूनी रेखा बिहार के प्रवेश द्वार पर सिक्किम और पश्चिम बंगाल की सीमा पर पहुंच चुकी है। IMD के मुताबिक इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसलिए एक-दो दिन के अंदर यह बिहार में भी दस्तक दे सकता है, जबकि बिहार में मॉनसून के प्रवेश करने का निर्धारित समय 10 से 12 जून है। 15 जून तक यह आगे बढ़ते हुए अमूमन पटना और रांची तक पहुंचते हुए करीब आधा बिहार और झारखंड को कवर कर लेता है और करीब 20 जून के आसपास मॉनसून यूपी की पूर्वी सीमा, उत्तराखंड और गुजरात में भी प्रवेश कर जाता है।

दिल्ली-NCR, हरियाणा-पंजाब में कब तक दस्तक?
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हर साल 15 जून के आसपास मॉनसून मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी प्रवेश कर जाता है लेकिन इस साल यह छत्तीसगढ़ में दस्तक दे चुका है। पश्चिमी यूपी, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान में यह 25 जून और 30 जून के आसपास राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक पहुंचता है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल मॉनसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि देश के बाकी हिस्सों में भी समय से पहले मॉनसून दस्तक दे सकता है।

 

More From Author

तेज अंधड़ और बारिश से मिली नौतपा को ठंडी राहत

लाइफ में आप आगे नहीं बढ़ने देगी ये आदतें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13783/138

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.