प्रदेश में मेट्रो ट्रेन सहित चार ट्रैक पर रेल संचालन से व्यवस्थाओं में क्रांति आई है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रधानमंत्री मोदी ने रेल यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराईं : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्रदेश में मेट्रो ट्रेन सहित चार ट्रैक पर रेल संचालन से व्यवस्थाओं में क्रांति आई है
भोपाल के पास रायसेन के उमरिया गांव में बनेगा रेल कोच निर्माण कारखाना
भोपाल में शीघ्र आरंभ होगी मेट्रो ट्रेन
भोपाल से राजगढ़ होते हुए झालावाड़ के लिए जल्द मिलेगी रेल सुविधा
प्रदेश में संचालित हैं एक लाख करोड़ की रेल परियोजनाएं
इंदौर- मनमाड़ रेल लाइन शुरू होने से गुना-राजगढ़ क्षेत्र मुम्बई से जुड़ेगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर किया एग्जीक्यूटिव लाउंज का शुभारंभ

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देशवासियों को विश्व स्तरीय रेल सुविधा उपलब्ध हुई हैं। पिछले 11 साल में ट्रेनों के समय पर चलने, रेलवे स्टेशनों की व्यवस्थाओं, रेल मार्ग और ट्रेनों के उन्नयन और यात्री सुविधाओं में आया सकारात्मक बदलाव क्रांति के समान है। देश में बुलेट ट्रेन, सेमी हाईस्पीड ट्रेन और मेट्रो ट्रेनों का विस्तार हो रहा है। इसी क्रम में प्रदेश में इंदौर में सबसे पहले मेट्रो ट्रेन की शुरुआत हुई है। अब भोपाल में भी अक्टूबर से मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ होगा। प्रधानमंत्री मोदी को लोकार्पण के लिए आमंत्रण दिया है। प्रदेश में रेलवे एक लाख करोड़ रुपए की योजनाओं का संचालन कर रहा है। भोपाल के पास रायसेन जिले के उमरिया गांव में आगामी दो माह में रेल कोच बनाने के कारखाने का भूमि पूजन होने वाला है, यह कारखाना बीएचईएल के बराबर होगा। दिल्ली-नागदा-रतलाम का चार ट्रैक का होना रेलवे के क्षेत्र में हो रहे विकास का परिचायक है। जल्द ही भोपाल से राजगढ़ होते हुए झालावाड़ के लिए रेल सुविधा आरंभ होने वाली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर एग्जीक्यूटिव लाउंज के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय उपस्थित थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाते हुए अब भोपाल स्टेशन पर स्पेशल और वीआईपी लाउंज का शुभारंभ हो रहा है। यहां मात्र 50 रुपए में यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं एक सौ रुपए में लाउंज में रीफ्रेशमेंट भी मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल को विश्वस्तरीय रानी कमलापति स्टेशन की सौगात मिल चुकी है। रेलवे ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 84 करोड़ की लागत से बीते दिनों नर्मदापुरम, सिवनी, शाजापुर, श्रीधाम और ओरछा सहित प्रदेश के 6 स्टेशनों को आधुनिक बनाने का कार्य किया है। प्रदेश से चल रहीं 4 वंदेभारत ट्रेन 14 राज्यों को कनेक्ट करती हैं। अलग-अलग जिलों में इन स्टेशनों के 18 स्टापेज हैं। वंदेभारत के रखरखाव के लिए 100 करोड़ की लागत से नए कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने बदलते दौर में आत्मविश्वास पाया है, प्रदेशवासियों के जीवन में भी बदलाव आया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन सिंहस्थ के लिए भी रेलवे सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में कार्य जारी है। रेल मंत्रालय ने इंदौर-मनमाड़ और इंदौर-दाहोद रेललाइन के लिए 18.5 हजार करोड़ की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन शुरू होने से गुना- राजगढ़ सीधे मुंबई से जुड़ेंगे। वर्तमान में दिल्ली से मुंबई जाने वाली रेलगाड़ियां ग्वालियर, भोपाल, इटारसी और खंडवा के रास्ते गुजरती है। इंदौर-मनमाड़ रेललाइन शुरू होने पर दिल्ली-मुंबई रूट पर लगभग 200 से 250 किलोमीटर दूरी कम होगी जिससे यात्रियों का समय बचेगा और प्रदेश को विकास की नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हुआ, जिसमें 30 लाख करोड़ का अभूतपूर्व निवेश मिला है। प्रदेश में औद्योगीकरण को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार संभाग स्तर पर हर सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी 27 जून को एमएसएमई डे के अवसर पर रतलाम जिले में उद्योग संवर्धन को समर्पित बड़ा आयोजन होने जा रहा है इससे जनजातीय क्षेत्रों को लाभ होगा। राज्य सरकार आईटी, हेल्थ, फूड प्रोसेसिंग जैसे सभी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए कार्य कर रही है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे व्यवस्था उन्नत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी की स्वच्छता को लेकर प्रतिबद्धता रेलवे संचालन के सभी पक्षों में परिलक्षित होती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी ने कहा कि रेलवे को आधुनिक बनाने और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि भोपाल रेलवे स्टेशन पर 10 हजार स्क्वायर फिट क्षेत्र में लाउंज में यात्रियों के आराम और खान-पान के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में विधायक आतिफ अकील, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, रवींद्र यति तथा समाज सेवी राहुल कोठारी सहित रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

 

More From Author

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 18 करोड़ से निर्मित सर्वसुविधायुक्त स्नेहधाम का किया लोकार्पण

देश में आपातकाल लागू होने की 50 वीं वर्षगांठ को बुधवार को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.