युवक की हत्या के मामले में 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

सिरोही

सरूपगंज थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

सरूपगंज थानाधिकारी कमल सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के निर्देश पर हत्या जैसे जघन्य अपराध के मामले में त्वरित जांच कर कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभुदयाल धानिया और पिंडवाड़ा वृताधिकारी भंवरलाल चौधरी के सुपरविजन में टीम ने कोटडाफली, अचपुरा (सरूपगंज थाना क्षेत्र) निवासी लाडूराम पुत्र छोगाराम गरासिया को गिरफ्तार किया। उसके पास से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। कार्रवाई में कांस्टेबल पुखराज, दिनेश कुमार, बाबूलाल और तेजाराम की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि लाडूराम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने वाला दूसरा आरोपी सोमा उर्फ साबला फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 25 जून को वह अपने गांव में कुएं पर खेती के काम में व्यस्त था। रात करीब 9 बजे उसके काका का फोन आया कि उसके बेटे का शव नागपुरा से नागबावसी जाने वाले रास्ते पर पड़ा हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि उसका बेटा मोवाराम लहूलुहान हालत में मृत पड़ा था और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान थे।

परिजनों को पता चला कि दोपहर करीब 1 बजे मोवाराम कोटड़ा गांव गया था, जहां कुछ युवक शराब पी रहे थे। वहीं लाडूराम और सोमा उर्फ साबला के साथ उसका झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी और तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

More From Author

भारत ने ‘कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन’ के फैसले को पूरी तरह किया खारिज, पाकिस्तान को सिंधु जल समझौते पर दिया झटका

Jiwaji University रिजल्ट में भारी गड़बड़ी, टॉपर्स को किया फेल, छात्राओं का हंगामा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.