स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में पूर्ण समर्पण और निष्ठा से करें कार्य : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में 415 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की नियुक्ति

भोपाल 
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश के आकांक्षी एवं उच्च प्राथमिकता वाले जिलों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की नियुक्ति से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। आमजन को समय से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नवनियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में पूर्ण समर्पण और निष्ठा से कार्य करें। स्वास्थ्य सेवा एक श्रेष्ठ मानवीय सेवा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कर्तव्य केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं है, अपितु रोगी के जीवन में विश्वास, उम्मीद और राहत का संचार करना भी है। वे अपने दायित्व को सेवा भाव और राष्ट्रहित की भावना से निभाएं।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार व उन्हें और बेहतर किए जाने की दिशा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश द्वारा एक साथ 400 से अधिक सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये नियुक्तियां आकांक्षी और उच्च प्राथमिकता वाले जिलों—सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, डिंडोरी, पन्ना और छतरपुर में की गई हैं। कुल 415 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सेवाएं देंगे, जिससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाली आबादी को अपने निवास स्थान के पास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

समग्र स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की अवधारणा को शामिल किया गया है। इन केंद्रों में गर्भावस्था के दौरान देखभाल, बाल एवं किशोर स्वास्थ्य, संचारी एवं असंचारी रोग प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य, वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल, मुख, दंत, नेत्र, नाक-कान-गला रोग उपचार तथा आपातकालीन चिकित्सा जैसी 12 प्रकार की सेवाएं प्रदान की जाती हैं। यहां 17 प्रकार की पैथोलॉजी जांच और 126 प्रकार की औषधियां नि:शुल्क उपलब्ध हैं, साथ ही योग-पोषण दिवस जैसे स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रदेश में 12,551 आयुष्मान आरोग्य मंदिर क्रियाशील हैं, जिनमें से 90 प्रतिशत से अधिक केंद्रों में ये नियुक्तियां हो गई हैं।

 

More From Author

ट्रंप के फैसले से आज रात निवेशकों की नींद उड़ सकती है, आर्थिक हलचल तय

‘चल हट, भाग यहां से…’ BJP नेता के बेटे की ट्रैफिक सिपाही से बदतमीजी, वीडियो वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.