मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में हुए शामिल, फोड़ी मटकी

इकॉनामिक कॉरिडोन बनने से सागर-छतरपुर का सफर होगा आसान
कन्या विवाह एवं सामुदायिक भवन भी बनेगा

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि छतरपुर में 10 करोड़ रुपए की लागत से स्टेडियम बनाया जाएगा। जिले में 30 एकड़ क्ष्रेत्र में गौशाला, एक करोड़ रुपए की लागत से कन्या विवाह भवन और सामुदायिक भवन के निर्माण सहित अन्य कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इसके साथ ही मैडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को गति प्रदान की जाएगी। इसके पास एक चिकित्सालय भी बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि एमपी-यूपी इकॉनामिक कॉरिडोर के अंतर्गत सागर-कबरई फोर लेन का निर्माण हो जाने पर संभागीय मुख्यालय सागर से छतरपुर मात्र दो घंटे में पहुंचा जा सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को छतरपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने माखन से भरी हुई मटकी भी फोड़ी। वे रोड शो में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम उत्तर से दक्षिण और श्रीकृष्ण पूर्व से पश्चिम की तरफ गए। भारतीय संस्कृति को समझना है तो इनका स्मरण कर लीजिए। दुनिया भर में श्रीराम और श्रीकृष्ण से भारत की पहचान है। विश्व में बड़ी-बड़ी ताकतों से लड़ने का साहस दोनों आराध्यों से मिलता है, जिन्होंने आसुरी शक्तियों का अंत उन्हीं के घर में जाकर किया। बुंदेलखंड की धरती, वीरों की धरती है। यहां के पराक्रमी छत्रसाल महाराज और वीर आल्हा-ऊदल ने चंदेल राजाओं के लिए बड़ी लड़ाईयां लड़ीं। छतरपुर का गौरवशाली अतीत रहा है। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो दुनिया में प्रख्यात है। पन्ना में हीरे मिलते हैं। पन्ना अपने टाइगर्स के लिए भी प्रसिद्ध है।

केन-बेतवा लिंक परियोजना का मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने नदी जोड़ो अभियान का संकल्प लिया था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अटलजी और उमा दीदी के सपने को पूरा किया है। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखण्ड के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। खेतों को पानी मिले तो फसल सोने सी हो जाती है। बुंदेलखंड की धरती के लिये यह नदी जोड़ो परियोजना वरदान है। बुंदेलखंड की धरती अनाज उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगी। आजकल तो पर्यटन भी उद्योग की तरह है। आज ग्वालियर रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में 3500 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब मैं उच्च शिक्षा मंत्री था, उस समय छतरपुर के महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाने का कार्य शुरू किया गया था। राज्य सरकार का कोई संकल्प अधूरा नहीं रहेगा। भगवान श्रीकृष्ण के चरण जहां-जहां पड़े, राज्य सरकार उन्हें तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करेगी। श्रीराम के वन-गमन पथ की तरह श्रीकृष्ण पाथेय बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके घर गाय है वो गोपाल हैं। खेती के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना शुरू की गई है। इसमें गोवंश क्रय पर पात्र हितग्राहियों को सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। राज्य सरकार गोपालकों से गाय का दूध खरीदेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में 22 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती के साथ 1 लाख नए पद सृजित किए गए हैं। उद्योगों के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को 1500 रुपए भेजे गए। अब दीवापली के बाद भाईदूज से हर माह लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की सौगात मिलेगी।

वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि महाराज छत्रसाल की नगरी में लोगों के लिए आज का दिन गौरवशाली है। मध्यप्रदेश में श्रीराम वन-गमन पथ, श्रीकृष्ण पाथेय, महाकाल लोक, ओंकारेश्वर लोक बन रहे हैं। विधायक श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छतरपुर को अनेकों सौगात दी हैं। छतरपुर में मैडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य 60 प्रतिशत हो गया है। छत्रसाल महाविद्यालय का कार्य भी प्रगति पर है। छतरपुर को जल्द नए बस स्टैंड और ऑडिटोरियम मिलेंगे। बहुत जल्द छतरपुर को नगर निगम भी बनाया जाएगा, जिससे यहां विकास कार्यों को गति मिलेगी। छतरपुर की ऐतिहासिक विरासत को संजोए रखने के लिए चारों दिशाओं में छत्रसाल- द्वार तैयार करने का सुझाव है।

यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री जगदीश यादव ने कहा कि द्वापर में भगवान श्रीकृष्ण ने वंचित, शोषित, दलित वर्ग के लोगों के लिए कार्य किया, इसी प्रकार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए कार्य कर रहे हैं। छतरपुर की जनता को राज्य सरकार से बहुत उम्मीदें हैं। कार्यक्रम में विधायक श्री राजेश शु्क्ला, विधायक श्री अरविंद पटेरिया, विधायक श्री कामाख्या प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक श्री प्रद्युम्न सिंह लोधी, यादव समाज के पदाधिकारियों सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय जन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया सर्व सुविधा युक्त सेंट्रल ग्रंथालय का शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 5 करोड़ की लागत से छतरपुर सिंचाई कॉलोनी स्थित आधुनिक सेंट्रल ग्रंथालय (लाइब्रेरी) का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय की ज्ञान अर्जन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से चर्चा की और कहा कि इस लाइब्रेरी का पूरा लाभ लें और आगे बढ़ें। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक श्रीमती ललिता यादव, कमिश्नर श्री अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

More From Author

पश्चिम यूपी और बुंदेलखंड में बारिश का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

कंवर समाज ने मुख्यमंत्री साय को दी बधाई, करमा तिहार में आने का न्योता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.