आधी रात इंदौर में फायरिंग: अर्जुन जोशी घायल, प्रेमिका के घर के बाहर चली गोली

 इंदौर

मध्य प्रदेश के इंदौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला नेता के बेटे को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने का मामला सामने आया है। 31 वर्षीय घायल युवक अर्जुन जोशी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अर्जुन की मां ममता नारायण जोशी पार्षद का चुनाव लड़ चुकी हैं। पुलिस के अनुसार, अर्जुन जोशी शुक्रवार रात खजराना थाना क्षेत्र में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जहां किसी बात को लेकर प्रेमिका के पिता और उसके बीच कहासुनी के बाद गोली चल गई।

घायल अर्जुन ने आरोप लगाया है कि उसकी प्रेमिका के पिता ने ही उस पर हमला कर गोली चलाई है। हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में यह मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस की जांच में पता चला है कि प्रेम प्रसंग के चलते दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। वहीं अर्जुन जोशी ने भी प्रेमिका के घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए प्रेमिका और उसके पिता से मारपीट की है। इसको लेकर दूसरा पक्ष भी शिकायत लेकर थाने पहुंचा था।
अर्जुन पर प्रेमिका के घर जाकर तोड़फोड़ और मारपीट करने का आरोप

खजराना पुलिस के अनुसार, अर्जुन जोशी शुक्रवार आधी रात को अपनी प्रेमिका के घर मिलने पहुंचा था। यहां उसने पहले झगड़ा किया और प्रेमिका को धमकाया, फिर लड़की के पिता पर भी हमला करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, घर में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट भी की गई। इसी बीच, हंगामा इतना बढ़ गया कि अचानक गोली चल गई और अर्जुन जख्मी हो गया। अर्जुन ने अपनी प्रेमिका के पिता पर उसे गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, गोली कैसे लगी इसकी अभी जांच जारी है।

अब तक जांच में सामने आया है कि अर्जुन की प्रेमिका के पिता की पिस्टल से गोली चली है। पुलिस इसकी जांच कर रहे है पिस्टल लाइसेंसी है या अवैध। फिलहाल अर्जुन जोशी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि मामला संदिग्ध है। दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, अर्जुन ने भी प्रेमिका के घर तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। जांच के बाद ही तय होगा कि गोली किसने चलाई।
असफल मॉडलिंग करियर और बिगड़ैल रवैया

अर्जुन जोशी के बारे में जानकारी मिली है कि कुछ साल पहले वह मॉडलिंग का सपना लेकर मुंबई गया था, लेकिन वहां से उसे निराशा हाथ लगी। नाकाम होने पर वह इंदौर वापस लौट आया और यहां आकर दबंगई करने में लग गया। उसका नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। उसके परिवार में कई लोगों के पास भी लाइसेंसी हथियार हैं।
लूट का आरोपी रहा है छोटा भाई

घायल अर्जुन जोशी का भाई कान्हा जोशी लूट का आरोपी रहा है। इस मामले में उसे जेल की हवा भी खाना पड़ी थी। इसके अलावा कान्हा जोशी कांग्रेस के पूर्व कद्दावर मंत्री के पोते से भी झगड़ा कर चुका है। पलासिया क्षेत्र के आनंद बाजार में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। हालांकि, बाद में इस मामले में राजीनामा हो गया था।

More From Author

मुरैना को मिलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे शिलान्यास, अध्यक्ष तोमर होंगे उपस्थित

रूस में जोरदार भूकंप के झटके, सुनामी की आशंका को लेकर अमेरिका-चीन सतर्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.