नारी शक्ति वंदन अधिनियम रोकने के लिए कांग्रेस, सपा समेत इंडी गठबंधन के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश: सीएम योगी

पीएम मोदी नए भारत के निर्माता, ‘विरासत से विकास’ को दी नई रफ्तार: योगी

नारी शक्ति वंदन अधिनियम रोकने के लिए कांग्रेस, सपा समेत इंडी गठबंधन के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश: सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने कहा, पीएम मोदी ने नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता किसानों को केंद्र में रखकर लागू कीं जन-लाभार्थी योजनाएं

वाराणसी
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के निर्माता हैं और उनके विजन से देश ‘विरासत से विकास’ की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने के लिए विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के अन्य दलों ने जो प्रयास किए, उसके खिलाफ पूरे देश में आक्रोश है। मुख्यमंत्री मंगलवार को पीएम मोदी की उपस्थिति में बनारस लोकोमोटिव वर्क्स ग्राउंड में आयोजित ‘नारी वंदन सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे।
 
सीएम योगी ने सम्मेलन के दौरान प्रदेश की आधी आबादी और पूरे प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन का ही परिणाम है कि आज हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह नया भारत न केवल भौतिक विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है, बल्कि समग्र विकास की अवधारणा को भी साकार कर रहा है। ‘विरासत से विकास’ की इस नई यात्रा के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना को पूरा कर रहा है। भारत को एक नई पहचान दिला रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि देश में चार ही जातियां हैं- नारी, गरीब, युवा और अन्नदाता किसान। इन चारों में हमारा पूरा समाज समाहित होता है। यह एक विराट विजन है, जिसके अनुरूप ये चारों वर्ग समग्र समाज और राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसीलिए हमने उन्हें भारत की राजनीति का केंद्र बनाकर प्रत्येक योजना का लाभ इन वर्गों तक पहुंचाया है। पीएम मोदी ने इन वर्गों के आर्थिक स्वावलंबन, सम्मान व सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए दूरदर्शी सोच के तहत ‘नए भारत’ और ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करने का अभियान दिया है। 

काशी आज पूरी दुनिया के आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब काशीवासी हैं, लेकिन काशी के बारे में जो धारणा पहले थी, वह पिछले 11–12 वर्षों में बदलती हुई दिखाई दी है। काशी आज पूरी दुनिया के आकर्षण का केंद्र बन गई है। काशी, जो बाबा विश्वनाथ की शाश्वत चेतना का केंद्रबिंदु रही है, वह आज भव्य काशी विश्वनाथ धाम के रूप में पुनः हम सभी के सामने प्रकट हुई है। विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय न केवल काशी, बल्कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश में दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने जिस परिवर्तन की शुरुआत काशी से की, वह आज पूरे देश में स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है। जिसने भारत की सनातन परंपरा को जीवंतता प्रदान की और भारत की आत्मा को अपने भीतर संजोए रखा, वही काशी आज एक नए कलेवर में दुनिया के सामने दिखाई दे रही है। 

नारी सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य किया पीएम मोदी ने
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी लगातार नारी सुरक्षा, सम्मान व सशक्तीकरण के लिए कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को लाभ देने वाली कई योजनाओं को धरातल पर उतारा। इसी क्रम में उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से एक समय-सीमा के भीतर महिलाओं के लिए संसद व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने,  उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन, कांग्रेस व सपा समेत इंडी गठबंधन ने इसमें बाधा डाली और संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने दिया। इससे इन दलों की नारी विरोधी प्रवृत्ति सोच का पता चलता है। देश की बहन व बेटियां इस कृत्य के लिए इन दलों को कभी माफ नहीं करेंगी।

प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व आभार व्यक्त करने उमड़ी बहनें
सीएम योगी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को रोकने के लिए विपक्ष, विशेष रूप से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी ने जो प्रयास किए, उसके खिलाफ देश में आधी आबादी के आक्रोश की प्रतिध्वनि सुनाई दे रही है। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता और आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वागत के लिए उमड़ी बहनें इस बात की गवाह हैं कि प्रधानमंत्री के प्रत्येक मिशन के साथ आधी आबादी पूरी मजबूती के साथ खड़ी है।

आज काशी को विकास की एक नई सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी ने पिछले 11–12 वर्षों में विकास की लंबी यात्रा तय की है। इस दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य हुआ है। इनमें 35,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं काशी के धरातल पर उतर चुकी हैं, जबकि 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं वर्तमान में प्रगति पर हैं। आज प्रधानमंत्री ने 6,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर काशी को विकास की एक नई सौगात दी है। 

प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के दौरे के बाद सीधे काशी पहुंचे
भीषण गर्मी के बावजूद सम्मेलन में दोपहर 3 बजे से ही उपस्थित बहनों का अभिवादन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के दौरे के बाद सीधे काशी पहुंचे हैं। वह यहां नारी शक्ति से संवाद करने, मां गंगा, मां अन्नपूर्णा और बाबा विश्वनाथ को नमन करने आए हैं। इस अवसर पर राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय मंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

More From Author

बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करेंगे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री

जंगल में जुए के अड्डे पर पुलिस का ताबड़तोड़ छापा, 5 आरोपी गिरफ्तार, फिल्मी अंदाज में बड़ी सफलता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13766/145

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.