बड़ा चार धाम यात्रा: जानें भारत के चारों दिशाओं में स्थित पवित्र तीर्थों का महत्व

 उत्तराखंड के चार धाम की यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो चुकी है, जो कि हिंदू धर्म में बहुत पवित्र मानी जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि 'बड़ा चार धाम' भी होता है? यह भारत के चार अलग-अलग दिशा में स्थित प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा है, जो व्यक्ति को आध्यात्मिक शांति और मोक्ष की ओर ले जाती है. इस यात्रा की स्थापना 8वीं सदी में आदि शंकराचार्य ने की थी. उनका उद्देश्य पूरे भारत को आध्यात्मिक रूप से एकजुट करना था.

इसके लिए उन्होंने देश के चार दिशाओं में चार प्रमुख धाम स्थापित किए-
उत्तर में बद्रीनाथ
दक्षिण में रामेश्वरम
पश्चिम में द्वारका
पूर्व में पुरी

किन देवताओं से जुड़े हैं ये चार धाम?
बड़ा चार धाम यात्रा में भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों की उपासना का महत्व है.

बद्रीनाथ- भगवान विष्णु को समर्पित
रामेश्वरम- भगवान शिव का ज्योतिर्लिंग
द्वारका- भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर
पुरी- भगवान जगन्नाथ (विष्णु अवतार)

बद्रीनाथ धाम (उत्तर भारत)
बद्रीनाथ उत्तराखंड के हिमालय क्षेत्र में अलकनंदा नदी के किनारे स्थित है. यह भगवान विष्णु का प्रमुख धाम है. मान्यता है कि यहां भगवान विष्णु ने तपस्या की थी और माता लक्ष्मी ने उन्हें बद्री वृक्ष बनकर बचाया था. महाभारत से भी इसका संबंध बताया जाता है, कहा जाता है कि पांडव स्वर्ग जाते समय यहां से गुजरे थे.

घूमने की जगहें: तप्त कुंड, वसुधारा फॉल्स, हेमकुंड साहिब, वैली ऑफ फ्लावर्स
जाने का सही समय: मई से अक्टूबर

रामेश्वरम धाम (दक्षिण भारत)
रामेश्वरम तमिलनाडु में समुद्र के बीच स्थित एक पवित्र स्थान है. यहां का रामनाथस्वामी मंदिर बहुत प्रसिद्ध है. मान्यता है कि भगवान राम ने लंका जाने से पहले यहां शिवलिंग की स्थापना कर पूजा की थी. यही जगह राम सेतु से भी जुड़ी मानी जाती है.

घूमने की जगहें: धनुषकोडी, राम सेतु, पंबन ब्रिज
जाने का सही समय: अक्टूबर से अप्रैल

द्वारका धाम (पश्चिम भारत)
द्वारका गुजरात में समुद्र किनारे बसा एक पवित्र शहर है. इसे भगवान श्रीकृष्ण की नगरी कहा जाता है. यहां का द्वारकाधीश मंदिर बहुत भव्य है और इसे मोक्ष प्राप्ति का स्थान भी माना जाता है.

घूमने की जगहें: बेट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, रुक्मिणी मंदिर
जाने का सही समय: अक्टूबर से मार्च

जगन्नाथ पुरी (पूर्व भारत)
पुरी ओडिशा में स्थित है और यहां भगवान जगन्नाथ का प्रसिद्ध मंदिर है. यह भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है. यहां हर साल भव्य रथ यात्रा निकलती है, जिसमें लाखों लोग शामिल होते हैं.

घूमने की जगहें: पुरी बीच, चिलका झील, गुंडिचा मंदिर
जाने का सही समय: अक्टूबर से जुलाई

क्यों खास है बड़ा चार धाम यात्रा?
बड़ा चार धाम यात्रा सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि जीवन को समझने और आत्मिक शांति पाने का मार्ग है. ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति श्रद्धा से इस यात्रा को पूरा करता है, उसे पापों से मुक्ति और मोक्ष की प्राप्ति होती है. यह यात्रा हमें भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का सही संतुलन सिखाती है.

चार धाम यात्रा और बड़ा चार धाम यात्रा में अंतर
छोटा चार धाम, जिसे उत्तराखंड चार धाम भी कहा जाता है. इसमें बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा शामिल होती है. यह यात्रा लगभग 1600 किलोमीटर की होती है और आमतौर पर हरिद्वार या ऋषिकेश से शुरू होती है। वहीं बड़ा चार धाम पूरे भारत में फैला हुआ है, जिसके उत्तर में बद्रीनाथ, दक्षिण में रामेश्वरम, पश्चिम में द्वारका और पूर्व में पुरी शामिल हैं. यह यात्रा करीब 6000 से 7000 किलोमीटर तक की होती है और भारत के चारों दिशाओं को जोड़ती है.

दोनों यात्राओं में बद्रीनाथ धाम समान रूप से शामिल है, क्योंकि यह भगवान विष्णु का अत्यंत महत्वपूर्ण धाम माना जाता है और मोक्ष का धाम भी माना जाता है. छोटा चार धाम यात्रा प्रकृति से जुड़ा हुआ है, जहां आप पहाड़, नदियां और हिमालय की सुंदरता का आसानी से दीदार कर सकते हैं. वहीं बड़ा चार धाम यात्रा पूरे भारत की धार्मिक एकता को दर्शाती है, जहां भगवान विष्णु, भगवान शिव, भगवान कृष्ण और जगन्नाथ जी की उपासना की जाती है.

बड़ा चार धाम यात्रा के लिए जरूरी ट्रैवल टिप्स
1. पहले से प्लान करें
यह यात्रा लंबी और लोकप्रिय है, इसलिए टिकट और होटल पहले ही बुक कर लें क्योंकि बड़ा चार धाम में पूरे साल भीड़ रहती है.

2. सही समय चुनें
रामेश्वरम, द्वारका और पुरी जाने का सही समय अक्टूबर से मार्च के बीच का है. वहीं, बद्रीनाथ धाम मई के आसपास जाना सही होता है.

3. जरूरी पेपर रखें
बड़े चार धाम की यात्रा पर जाने के लिए आईडी प्रूफ साथ रखें. जो होटल और मंदिर दर्शन के लिए जरूरी होता है.

4. हल्का और जरूरी सामान ही पैक करें
इस यात्रा पर जाने के लिए कॉटन कपड़े, हल्के ऊनी कपड़े, आरामदायक जूते और रेनकोट जरूर रखें.

5. लोकल गाइड लें
इस यात्रा पर जाने के लिए लोकल गाइड की मदद जरूर ले सकते हैं. आपको जगह की सही जानकारी और इतिहास समझने में मदद मिलेगी.

6. कैश साथ रखें
हर जगह डिजिटल पेमेंट नहीं चलता, इसलिए थोड़े पैसे कैश में रखें.

More From Author

एटीएस की कमी के चलते मैनुअल फिटनेस पर फिर से मिली छूट

मेष राशि में बुध का प्रवेश, वृषभ-कन्या-मकर पर पड़ सकता है नकारात्मक असर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.