गोमाता के साथ हिमाकत करने वाले चेलों को समझाएं, वरना ऐसी दुर्गति होगी कि कई पीढ़ियां याद करेंगीः सीएम योगी

सीएम योगी की दो-टूक, दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं 

मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों एवं पूर्व सैनिकों/ लीजधारकों को वितरित किए भूमिधरी अधिकार पत्र

मौलवी-मौलाना हमें न बताएं, गाय हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है, गाय को पशु बोलने वाले मौलानाओं की बुद्धि पशु वालीः मुख्यमंत्री

गोमाता के साथ हिमाकत करने वाले चेलों को समझाएं, वरना ऐसी दुर्गति होगी कि कई पीढ़ियां याद करेंगीः सीएम योगी

बिजनौर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गाजियाबाद की घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए दो-टूक कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी कतई स्वीकार्य नहीं है। जो अपनी नालायक औलाद को समझा नहीं पा रहा है, वह गलती कर रहा है। कुछ मौलवी-मौलाना बयान दे रहे हैं कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करो। हम उन्हें बता दें कि गाय हमारी माता है, जन्म-जन्मांतर का नाता है। माता-पुत्र के बीच कुछ भी घोषित करने की आवश्यकता नहीं। किसी पुत्र को यह बताने की आवश्यकता नहीं है कि मां का सम्मान करो। हम मां और गाय. दोनों के प्रति एक जैसा सम्मान का भाव रखते हैं। पशुवत तुम्हारी बुद्धि व सोच है, जो हमारी गोमाता को पशु बोलते हो। यह तुम्हारा दोगलापन है, जो गोकशी को प्रश्रय देते हो। सीएम ने कड़ी चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर गोमाता का चित्र लगाकर बकरीद की बधाई देने वाले अपने चेलों को समझा लो कि गोमाता के साथ हिमाकत की तो ऐसी दुर्गति होगी कि कई पीढ़ियां याद करेंगी। यूपी में गोहत्या का मतलब तो तुम जान ही रहे हो।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में कई परिवारों के जीवन में खुशियों की नई रोशनी फैलाई। उन्होंने पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों एवं पूर्व सैनिकों/लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए।

बिजनौर ने इतिहास बनते और बिगड़ते भी देखा
महात्मा विदुर की पावन धरती बिजनौर को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महाभारत की धरती है। महाभारत से हमें प्रेरणा मिलती है कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। जो स्वार्थ के लिए धर्म को नष्ट करता है, धर्म उसे भी नष्ट कर डालता है। यह उद्घोषणा दुनिया में अक्षरशः साबित हो रही है। यह भारत के इतिहास को बनाने वाली धरा है। इसने इतिहास को बनते और बिगड़ते भी देखा है।

पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह का स्मरण किया
सीएम योगी ने पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि उनकी विरासत को कुंवर सुशांत सिंह संभाल रहे हैं। पाकिस्तान से विस्थापित हजारों परिवारों, जिनकी पुश्तैनी संपत्ति पर पाकिस्तान की मजहबी कट्टरता ने 1946, 47 व 48 में जबरन कब्जा कर निर्दोष हिंदुओं व सिखों का कत्लेआम किया था। वर्ष-दशक बीतते गए,  आज चौथी पीढ़ी में यह अवसर आया है, जब हम विस्थापित परिवारों को जमीन पर मालिकाना हक दे रहे हैं। अभी 1645 विस्थापित परिवारों यानी 8-10 हजार लोगों को जमीन के कागज प्राप्त हो रहे हैं। जो शेष हैं, उनके लिए भी कार्यवाही चल रही है। 

कोई आक्रांता हमें न बताए, गाय व गंगा हमारी मां हैं 
सीएम योगी ने कहा कि गोमाता राष्ट्रमाता हैं। इसी तरह हमारी मां गंगा के बारे में परिचय देने की आवश्यकता नहीं है। हम सब गंगा मां की आरती व पूजा करते हैं। अपने को गंगा पुत्र मानकर सम्मानित महसूस करते हैं। हमारे तीर्थ गंगा तट पर हैं, हमारे सभी संस्कार मां गंगा के तट पर संपन्न होते हैं। कोई आक्रांता हमें न बताए, हमारे संस्कार हैं कि हमने गाय व गंगा को माता माना है। 

मजहबी निर्ममता के विरोध में नहीं निकलती मौलाना की आवाज
सीएम ने कहा कि पाकिस्तान में मजहबी निर्ममता के शिकार बने विस्थापितों के बारे में मौलाना व मौलवी की कभी आवाज नहीं निकली। काश, वे बोलते कि इनकी संपत्ति को वहां कट्टरपंथियों ने हड़प लिया। वक्फ के नाम पर यहां हिंदूओं की जमीनों पर कब्जा है। ये लोग इन संपत्तियों को विस्थापितों को फ्री में देने की घोषणा करते तो हम मानते कि इनकी भी कुछ संवेदना है। मुंह में कुछ और पीछे कुछ, यही दोगला चरित्र होता है। 

किसी मौलाना ने हिंदुओं के कत्लेआम पर मुंह नहीं खोला 
सीएम योगी ने खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं के कत्लेआम पर एक भी मौलवी-मौलाना ने कुछ नहीं कहा। बांग्लादेश में हिंदू 22 फीसदी से घटकर 7 और पाकिस्तान में 14 से घटकर महज 2 प्रतिशत रह गया। मौलाना पाकिस्तान या बांग्लादेश की सरकारों की निंदा नहीं करते। ये मौलाना जुमे की नमाज में यही घोषणा कर देते कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन है और घटिया स्तर पर काम कर रहा है। भारत के बहादुर जवान दुश्मन के ठिकाने पर जाकर उन्हें सबक सिखाने का ठीक काम कर रहे हैं। लेकिन, किसी मौलवी-मौलाना ऐसा नहीं किया। 

सरकार सजग थी, वरना पश्चिमी उप्र में हमारे त्योहार सपने हो गए थे
सीएम ने बकरीद पर होने वाली हरकतों पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गनीमत है कि सरकार ने पहले से ही कदम उठाए हैं, तब त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से हो पा रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले रामनवमी, जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा, कांवड़ यात्रा सपना हो गई थी। बेटी स्कूल नहीं जा पा रही थी, जबकि व्यापारी असुरक्षित था। 

अहिंसा व करुणा मानवता के भूषण, किंतु खर-दूषण के सामने शस्त्र उठाना होगा
सीएम ने कहा कि हमारी संवेदना सामान्य नागरिकों के प्रति है। पीएम मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों से बिना मत-मजहब देखे समान रूप से सभी को शासन की योजनाओं का लाभ दिया गया। ऐसे में देश भी अपेक्षा करता है कि उनकी संवेदना दिखाई दे, लेकिन यह गायब है। अहिंसा और करुणा मानवता के भूषण हैं, किंतु शस्त्र उठाना होगा यदि सामने खर-दूषण हैं। सीएम ने भगवान श्रीकृष्ण व श्रीराम का स्मरण कराते हुए कहा कि हम सज्जनों के लिए ही सज्जन बनें, दुर्जनों के लिए नहीं। श्रीराम का भी यही लक्ष्य था कि धरती को राक्षस विहीन कर देंगे। नागरिकों, गरीबों, बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ करने वालों से लड़ना होगा। देश के खिलाफ द्रोह करने वालों के खिलाफ कठोरता व निर्ममता से लड़ने को तैयार होना होगा। 

कई-कई पीढ़ियां चली गईं, आखिर क्या कर रही थीं कांग्रेस व सपा 
सीएम ने कहा कि पाकिस्तान से विस्थापित इन 1645 परिवारों को आजादी से पहले और बाद में भी जबरन निकाल दिया गया। उनकी संपत्तियों पर कब्जा कर लिया गया। सरकार ने पूर्व सैनिकों को जमीन आवंटित की थी, लेकिन जो लीज डीड हुई थी, वह मालिकाना अधिकार का हिस्सा नहीं बन पाया। तीन-तीन पीढ़ी चली गईं, कोई पूछने वाला नहीं। सपा-कांग्रेस व अन्य लोगों के मुंह पर लगाम लगी थी।

पीएम व गृह मंत्री ने पास कराया सीएए, सपा व कांग्रेस ने किया विरोध 
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह ने सिटिजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए) पास कराकर यह सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान में जो भी हिंदू, सिख, बौद्ध व जैन भारत में शरण लेने आए हैं और उन्हें यहां पांच वर्ष से अधिक समय हो गया है तो उन्हें भारत की नागरिकता देंगे। दुनिया में हिंदू, बौद्ध, जैन, सिख पर अत्याचार होगा तो वे भारत में ही आएंगे, लेकिन कांग्रेस-सपा ने कभी इस अत्याचार का विरोध नहीं किया, बल्कि इन लोगों को नागरिकता दिए जाने का विरोध किया। ये बांग्लादेशी घुसपैठियों को नागरिकता देने वाली पापी हैं। भारत के खिलाफ द्रोह करने वाले अपराधियों को सम्मानित करते हैं। मुस्लिम लीग के साथ मिलकर केरल में सरकार बनाते हैं। कांग्रेस के पाप के कारण देश का विभाजन हुआ। हिंदू, सिख, बौद्ध व जैन समाज को मिलने वाले अधिकार पर इन्हें एतराज है। सपा व कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन तक किया कि यह नहीं होने देंगे, लेकिन मोदी जी और हमने ठाना था कि यह जरूर पास कराएंगे। मुसलमान भी बिना वजह इस कानून का विरोध कर रहे थे। 

विकास के पैमाने पर कभी पिछड़ेगा नहीं बिजनौर
सीएम ने मतदाताओं से कहा कि वोट की कीमत समझें। आपने कमल को वोट दिया, तब हम विकास कर पा रहे हैं। बिजनौर विकास के पैमाने पर कभी पिछड़ नहीं पाएगा। जब जनप्रतिनिधियों ने बाढ़ बचाव को लेकर प्रस्ताव रखा तो हमने तत्काल इसे मंजूरी दी। शेष कार्य भी जल्द पूरे होंगे। आज महात्मा विदुर के नाम पर मेडिकल कॉलेज हो गया। रेलवे, हाईवे की सुविधा मिली। अब गंगा एक्सप्रेसवे से भी कनेक्ट करने की तैयारी कर रहे हैं।

बिजनौर के युवाओं को भर्ती होने से कोई रोक नहीं सकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती के नाम पर भाई-भतीजावाद, चेहरा व पैसा देखा जाता था, लेकिन आज यहां के नौजवान को आरक्षी, सब इंस्पेक्टर, डिप्टी एसपी आदि की भर्ती से कोई रोक नहीं सकता। बिजनौर से हजारों जवान यूपी पुलिस में भर्ती हुए। अब नौकरी में सिफारिश या कट-कमीशन नहीं है। मंडी के लिए सुशांत सिंह ने जमीन आवंटित करा दी है, सरकार पैसा देगी। सरकार आपके साथ खड़ी है। शासन के समक्ष गन्ना मूल्य बढ़ोतरी समेत जन प्रतिनिधियों द्वारा जो भी प्रस्ताव आए, सभी स्वीकृत किए गए। यह वर्ष चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती के कार्यक्रम के शुभारंभ का होने जा रहा है। इसे यादगार बनाया जाएगा। पश्चिमी उप्र की चीनी मिलों के विस्तारीकरण, आधुनिकीकरण को सरकार हाथ में लेगी। 

पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देगी ब्रह्मोस 
सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान के मुंह पर तमाचा मारने बिजनौर आया हूं। हम अपने बंधु-बांधवों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे, उन्हें शरण भी देंगे और यदि भारत की सीमा में दुस्साहस करेगा तो लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल से पाकिस्तान का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। सीएम ने जनसमूह को आश्वस्त किया कि वह योजनाओं के शिलान्यास-लोकार्पण के लिए फिर आएंगे।

इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, सुरेंद्र दिलेर, सांसद चंदन चौहान, विधायक कुंवर सुशांत सिंह, अशोक राणा, ओम कुमार, शुचि चौधरी, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, हरि सिंह ढिल्लो, जयपाल सिंह व्यस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह, संगीता अग्रवाल आदि की उपस्थिति रही।

More From Author

लमही में मुंशी प्रेमचंद संग्रहालय और फिरोजाबाद के ग्लास म्यूजियम कार्य में आएगी तेजी

सुशासन तिहार में गूंजी शिकायत, मुंगेली में पंचायत सचिव की नियुक्ति पर उठे सवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.