सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी करने वालों को सीएम की कड़ी चेतावनी, मामला संज्ञान में आते ही कराई गई एफआईआर

आजमगढ़

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी करने वालों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पिछले दिनों कुछ लोगों ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ गलत टिप्पणी की थी। जैसे ही यह मेरे संज्ञान में आया, मैंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्प्णी स्वीकार नहीं होनी चाहिए। हर बेटी का सम्मान होना चाहिए। हम उन संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी-बहन, सबकी बेटी-बहन। अखिलेश यादव दूसरों को उपदेश देते हैं, वह अपने चेलों-चपाटों को भी उपदेश दें कि भाषा संयमित कर लें। उनके लोग बहन-बेटियों, बुजुर्गों, दिवंगत लोगों व वरिष्ठ नेताओं के प्रति कैसी टिप्पणी करते हैं, उन्हें अपने लोगों को संस्कारित करने की आवश्यकता है। अच्छा होगा कि उन्हें समझाएं, नहीं समझा सकते तो हमारे हवाले कर दें, हम समझा देंगे। 

सीएम योगी शनिवार को आजमगढ़ में 955 करोड़ से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम ने घोषणा की कि महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में उनकी भव्य अश्वारोही प्रतिमा लगेगी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को पुरानी जेल को कन्वेंशन सेंटर के रूप में तैयार करने के लिए कार्ययोजना बनाने का भी निर्देश दिया। 

बार-बार वोट पाने वाले भी आपके हितैषी नहीं 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजमगढ़ का गौरवशाली इतिहास रहा है। ऋषि-मुनियों की साधना से पवित्र यह धरती साहित्यिक साधना का केंद्रबिंदु रही है। देश को स्वतंत्र कराने का जज्बा इस जनपद में रहा है। जिस जनपद में हस्तशिल्प, कारीगर, किसान, ऊर्जावान युवा हैं, वह जनपद पहचान के लिए क्यों मोहताज हुआ। यह प्रश्न/पीड़ा लेकर मैं बार-बार आजमगढ़ आता हूं। जिन्होंने हमें बांटा और विभाजित किया, वे लगातार आपका समर्थन पाते थे, लेकिन वे कभी आपके हितैषी नहीं थे।

पहचान को मोहताज था आजमगढ़, आज सबका सम्मान

सीएम ने कहा कि 2017 के पहले आजमगढ़ पहचान के लिए मोहताज था। तब यहां विश्वविद्यालय, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय नहीं था। एयरपोर्ट भी ठीक से काम नहीं कर पा रहा था। आजमगढ़ की साड़ी और मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी को मंच नहीं मिल पा रहा था। अभी प्रदर्शनी में सबने अपने नई कहानी सुनाई। ब्लैक पॉटरी और साड़ी से जुड़े कारीगरों ने कहा कि जबसे यूपी में डबल इंजन की भाजपा सरकार आई,  तबसे हमारा कारोबार कई गुना बढ़ा है। हम भी पैसा कमा रहे हैं, परिवार और हमसे जुड़े लोग भी सम्मान का जीवनयापन कर रहे हैं।

2014 के पहले भ्रष्टाचार था भारत की पहचान 

सीएम ने कहा कि नया भारत दुनिया को लोहा मनवा रहा है, जबकि 2014 के पहले भारत की पहचान भ्रष्टाचार के नाम पर होती थी। दुनिया में सम्मान नहीं था। लोग देश की सुरक्षा में सेंध लगाते थे, सरकार मौन रहती थी और दुश्मन आंख दिखाता था। नक्सलवाद था, गरीब की सुनवाई नहीं थी लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी पीढ़ी नए भारत का दर्शन कर रही है।

महाराजा सुहेलदेव ने आक्रांताओं को नाकों चने चबवाए

सीएम ने कहा कि राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रांताओं को नाकों चने चबाने पर मजबूर कर दिया था। भयभीत आक्रांता भारत की धरती पर नहीं आते थे,  लेकिन जब हम जाति, क्षेत्र, भाषा व परिवारवाद के नाम पर बंटने लगे तो मोहम्मद गोरी का हमला हुआ। महाराजा पृथ्वीराज चौहान ने उस कायर आक्रांता को 17 बार परास्त किया, वह हर बार माफी मांगता था। एक बार चूक हुई तो उसने धोखे से पृथ्वीराज चौहान को बंधक बना दिया, फिर उनके साथ जो व्यवहार किया, वह सबके सामने है।

विश्वविद्यालय में महाराज सुहेलदेव की लगेगी अश्वारोही प्रतिमा 

सीएम ने चेताया कि हम वह गलती बार-बार करते थे, जिसका परिमार्जन महाराज सुहेलदेव ने 1000 वर्ष पहले किया था, लेकिन बाद की पीढ़ी उनसे प्रेरणा नहीं ले पाई। बहराइच में आक्रांता सालार मसूद गाजी मियां के नाम पर आयोजन होता था, लेकिन हमने कहा कि किसी विदेशी आक्रांता को सम्मान नहीं मिलना चाहिए। आयोजन महाराजा सुहेलदेव के नाम पर होना चाहिए। नया भारत गुलामी के किसी भी प्रतीक को स्वीकार नहीं करेगा। अब बहराइच में महाराजा का भव्य स्मारक बन गया है। जब आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की बात आई तो मैंने कहा कि यह जरूर बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आजमगढ़ में महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय बने तो अति उत्तम होगा। मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम ने कहा कि विश्वविद्यालय में महाराज सुहेलदेव की भव्य अश्वारोही प्रतिमा भी लगेगी। 

जितनी तेज गति, उतनी तेज प्रगति

सीएम योगी ने कहा कि आजमगढ़ में आज एयरपोर्ट, पूर्वांचल एक्सप्रेस है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज कहीं भी जाना हो फोरलेन की कनेक्टिविटी है। आज आजमगढ़ से एक घंटे में गोरखपुर, डेढ़ से दो घंटे में वाराणसी और ढाई घंटे में लखनऊ पहुंचते हैं। प्रगति का आधार गति होती है, जितनी तेज गति, उतनी तेज प्रगति। आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी व वाराणसी की साड़ी को एक जनपद-एक उत्पाद के माध्यम से मंच मिला है। 

हरिहरपुर का संगीत घराना बढ़ा रहा शास्त्रीय संगीत की परंपरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिहरपुर का संगीत घराना शास्त्रीय संगीत की परंपरा को फिर से मंच प्रदान कर रहा है। निरहुआ जैसे कलाकार भोजपुरी की मिठास को दुनिया में पहुंचा रहे हैं। इस धरा पर वीर कुंवर सिंह ने 1857 में अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए थे। यह साहित्यकार अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ की धरती है। 

हर गलत काम के लिए बदनाम किया जाता था आजमगढ़

सीएम ने पूछा कि हर आतंकी घटना में क्यों संजरपुर का नाम आता था। हर गलत काम के लिए आजमगढ़ को क्यों बदनाम किया जाता था, क्योंकि तब सरकार नकारात्मक सोच रखती थी, स्वार्थ के लिए युवाओं का दुरुपयोग करती थी। गरीब के लिए स्वास्थ्य, आवास, शौचालय, राशन की सुविधा नहीं थी। युवाओं की नौकरी को लेकर सौदेबाजी होती थी। बेटी की सुरक्षा, पढ़ाई, शादी के लिए सरकार की कोई स्कीम नहीं थी। निराश्रित महिलाओं, बुजुर्गों व दिव्यांगजनों को महज 300 रुपये पेंशन मिलती थी। वह भी छह महीने में एक बार आती थी और उसमें आधा पैसा कमीशनखोरी में चला जाता था। आज सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर स्नातक की पढ़ाई के लिए व्यवस्था की है। 

हर विभाग नया कार्य कर विकास से जोड़ रहा

सीएम ने कहा कि श्रम विभाग गरीब बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय भी बना रहा है और उनके उन्नयन के लिए नई स्कीम लाकर कार्य भी कर रहा है। हर विभाग नया कार्य करके खुद को विकास से जोड़ रहा है। पहले इच्छाशक्ति न होने के कारण एक्सप्रेसवे, विश्वविद्यालय, नर्सिंग कॉलेज, नौजवानों को नौकरी, अच्छी कनेक्टिविटी नहीं थीं। आज हम हर बेटी-व्यापारी को सुरक्षा, शासन की योजना का लाभ देंगे। यदि किसी ने गरीब की जमीन को हड़पा, बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाई और व्यापारी से जबर्दस्ती की तो हम ऐसा करने वाले की सलामती की गारंटी नहीं ले पाएंगे।

भारतवासियों को मोदी जी के नेतृत्व पर गर्व

सीएम ने अपील की कि नए भारत के साथ नए उत्तर प्रदेश को भी आगे बढ़ना होगा। दुनिया त्रस्त है, लेकिन नए भारत ने वैश्विक संकट में भी ऊर्जा संकट से देश को बचाया है। भारत के लोगों को मोदी जी पर गौरव की अनुभूति होती है। एनडीए ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और पीएम मोदी के निर्वाचित पीएम के रूप में सर्वाधिक कार्यकाल पर दिल्ली में बड़ा कार्यक्रम रखा था। इसमें देश भर से लोग आए थे। सभी ने अपने यहां की नई कहानी भी सुनाई। नया भारत सिर उठाकर चलता है और मांद में घुसकर दुश्मन को ठिकाने लगाता है। 

कांग्रेस व सपा व्यवस्था के लिए बोझ, इन्हें सिर पर न ढोएं 

सीएम ने कहा कि महाराज सुहेलदेव होते तो अयोध्या मे राम मंदिर कभी नहीं टूटता। वह नहीं थे और हम विभाजित थे तो मंदिर टूटा। हम संघर्ष करते रहे, पीढ़ी दर पीढ़ी, वर्ष दर वर्ष, लेकिन मोदी जी के आने के बाद डबल इंजन सरकार ने 500 वर्ष की समस्या का समाधान किया और राम मंदिर का निर्माण हुआ। आजाद भारत में तत्काल राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए था, लेकिन यह काम कांग्रेस नहीं कर पाई। सपा भी यह काम नहीं कर पाती। सीएम ने आजमगढ़वासियों से कहा कि यदि ये लोग आस्था, पूर्वजों, देवी-देवताओं का सम्मान नहीं कर सकते, गरीब कल्याण, विकास, युवाओं को नौकरी नहीं दे सकते तो आप इस बोझ को क्यों ढोते हैं। 

भाजपा का कोई नहीं जीता, फिर भी किया आजमगढ़ का विकास

सीएम ने कहा कि वर्तमान को सुधारने के साथ उज्ज्वल भविष्य के लिए डबल इंजन सरकार के साथ आइए। यहां 10 विधानसभा व 2 लोकसभा क्षेत्र हैं, भाजपा से यहां कोई नहीं जीता। फिर भी हमने आजमगढ़ का विकास किया, इस उम्मीद के साथ अगली बार निरहुआ जीतेंगे। वह यहां फिल्मों की शूटिंग कर और हरिहरपुर के साथ जुड़कर नवोदित कलाकारों को भी आगे बढ़ाएं। 

विपरीत मौसम में आए लोगों का सीएम ने जताया आभार

सीएम ने कहा कि हरिहरपुर, ब्लैक पॉटरी, साड़ी उद्योग, किसानों, नौजवानों को मंच मिलना चाहिए। आज केवल दो विधानसभा क्षेत्रों में विकास योजनाओं के लिए आया हूं। आजमगढ़ को सुरक्षित और समृद्ध बनाने के लिए बार-बार आऊंगा। विपरीत मौसम में भी उमड़ी भीड़ के प्रति सीएम ने आभार जताया। सीएम ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब तक मैं हूं, टेंट नहीं उड़ेगा। यदि सेना अडिग है तो सेनापति भी मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।  

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, रामसूरत राजभर, विक्रांत सिंह ‘ऋशु’, पूर्व सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, आजमगढ़ के भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, लालगंज के जिलाध्यक्ष विनोद राजभर, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या आदि उपस्थित रहे।

More From Author

नैनो उर्वरकों से बढ़ रहा उत्पादन, मिट्टी संरक्षण को भी मिल रही मजबूती

रतलाम के डायल-112 हीरोज ट्रेन से गिरकर घायल हुए युवक को त्वरित सहायता देकर पहुँचाया अस्पताल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.