सीएम योगी बोले- बाबा विश्वनाथ और मां गंगा ने पीएम मोदी को दिया गरीबों का दर्द दूर करने का सामर्थ्य

बाबा विश्वनाथ व मां गंगा ने पीएम मोदी को दिया गरीबों की पीड़ा समाप्त करने का सामर्थ्यः मुख्यमंत्री

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री, काशीवासियों को दी बधाई 

पहले जिसे कोई पूछता नहीं था, उसे अब सब पूजते हैं, पीएम स्वनिधि योजना में वाराणसी में 60 हजार वेंडर्स को प्रथम, 26,800 को द्वितीय व 5 हजार वेंडर्स को तृतीय किस्त मिलीः मुख्यमंत्री

एक लाचार पीएम कहते थे कि 100 रुपये भेजता हूं तो नीचे केवल 15 रुपये पहुंचते हैं, जबकि मोदी जी 100 रुपये भेजते हैं तो सीधे गरीब के खाते में जाता हैः सीएम योगी

रोपवे के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रहा काशीः सीएम

वाराणसी, 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कोई महान व्यक्तित्व नेतृत्व करता है तो वह देश असुरक्षा, भ्रष्टाचार से मुक्त होकर महान बनता है। देश का नेतृत्व करने वाले महान व्यक्तित्व काशी के सांसद नरेंद्र मोदी हैं। पीएम मोदी ने गरीबी देखी है, इसलिए बाबा विश्वनाथ व मां गंगा ने उन्हें गरीब की पीड़ा समाप्त करने की सामर्थ्य दी है। सीएम ने तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के बाद सपने हकीकत में बदल रहे हैं। जब संवेदनशील व्यक्तित्व नेतृत्व करता है तो संवेदना दिखती है। सीएम ने बाबा विश्वनाथ व मां गंगा से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी का यशस्वी नेतृत्व लंबे समय तक देश को मिलता रहे। 

सीएम योगी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में काशीवासियों से संवाद किया। 

बाबा विश्वनाथ धाम का हर व्यक्ति गौरवान्वित
सीएम ने कहा कि बाबा विश्वनाथ धाम का हर व्यक्ति अभिभूत व गौरवान्वित है, क्योंकि 12 वर्ष पहले नए भारत को नेतृत्व देने के लिए काशी ने सांसद के रूप में मोदी जी का चुनाव किया। सही चुनाव जनमानस को सम्मान दिलाता है। देश मोदी जी के निर्वाचित पीएम के रूप में नए रिकॉर्ड को लेकर उत्साहित है, ऐसे में उनके साथ काशी का नाम भी जुड़ता है। 

सीएम ने 2014 के पहले की दुर्दशा बताई
सीएम योगी ने पीएम मोदी की सफलतम नेतृत्व क्षमता का अभिनंदन करते हुए काशीवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमने मोदी जी के नेतृत्व में बदलते भारत को देखा है। 2014 के पहले की अव्यवस्था व भ्रष्टाचार ने वैश्विक मंच पर भारत की छवि को धूमिल कर दिया था। चारों ओर अविश्वास, आंतरिक-वाह्य सुरक्षा पर खतरा, हर तबके में निराशा व हताशा थी। पिछली सरकारों की गलत नीतियों ने उद्यमियों को श्रमिक बना दिया। श्रमिक पलायन, किसान आत्महत्या करने को मजबूर था। नौजवान के लिए नौकरी, रोजगार व दिशा भी नहीं थी। महिलाएं असुरक्षित थीं। हर योजना लागू होने से पहले ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी। 

नक्सलवाद के शिकार थे देश के 120 जनपद
सीएम ने कहा कि 2014 से पहले देश के 120 जनपद नक्सलवाद के शिकार थे। जब हम सीमा पर घुसपैठ का मुद्दा उठाते थे तो संसद में तत्कालीन सरकार कहती थी कि इस पर अधिक वक्तव्य नहीं देना चाहिए क्योंकि रिश्ते खराब हो जाएंगे। हमारे सैनिकों के साथ क्रूरता होती थी, लेकिन तत्कालीन सरकार मौन रहती थी। 

2014 के बाद हर योजना गरीब, महिला, नौजवान व किसानों को समर्पित
सीएम ने कहा कि 2014 के बाद हर योजना गरीब, महिलाओं, नौजवानों व किसानों के लिए समर्पित है। किसान, कारीगर, हस्तशिल्पी, स्ट्रीट वेंडर्स, नवजात शिशु, अध्ययनरत युवा स्नातक, महिला-पुरुष, बुजुर्ग-नौजवान समेत हर तबके के लिए योजना बनाने और उनके उत्थान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखती है। 

सपा व कांग्रेस के मुंह पर तमाचा 
सीएम ने कहा कि जनधन योजना के तहत हर गरीब का बैंक में खाता खुला। उस समय कांग्रेस व सपा हंसकर कहती थीं कि बेवकूफ बना दिया, लेकिन जब मोदी जी ने सरकारी सहायता में कट/कमीशन रोकने के लिए डीबीटी का इस्तेमाल शुरू किया तो यह सपा व कांग्रेस के मुंह पर तमाचा था। एक लाचार पीएम कहते थे कि 100 रुपये भेजता हूं और नीचे केवल 15 रुपये पहुंचते हैं। एक प्रधानमंत्री मोदी जी हैं, वह कहते हैं कि 100 रुपये भेजता हूं तो सीधे गरीब के खाते में जाते हैं। 

बच्चों की असमय मौत तत्कालीन सरकार को विचलित नहीं करती थी
सीएम ने स्वच्छ भारत मिशन से आए परिवर्तन का जिक्र किया, कहा कि बच्चों की असमय होने वाली मौत तत्कालीन सरकारों को विचलित नहीं करती थी, लेकिन इस मिशन ने बच्चों की मौत पर विराम लगाया और नारी गरिमा की रक्षा की। 12 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनाए गए। 4 करोड़ परिवारों को देश में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला। सीएम ने 2014 के पहले बीमारी से गरीब की तिल-तिलकर होने वाली मौत का दर्द भी बयां किया। कहा कि संवेदनशील व्यक्तित्व जब नेतृत्व करता है तो संवेदना दिखती है। भारत में 60 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना से पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया। जब कोरोना से दुनिया पस्त थी, तब भी मोदी जी ने फ्री में टेस्ट की व्यवस्था की। 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया गया। मोदी जी ने ग्रामीण अभिलेख के माध्यम से घरौनी योजना प्रारंभ की। देश में 3 करोड़ परिवारों को जहां उनका आवास था, वहां उसका मालिकाना अधिकार मिला। इसका सर्वाधिक लाभ महिलाओं को मिला। 3 करोड़ लखपति दीदी, 10 करोड़ महिला स्वयंसेवी समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने का कार्य हुआ। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने का कार्य चमत्कारिक है। 

सीएम ने गिनाए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स
सीएम ने इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ करते हुए कहा कि फोरलेन की कनेक्टिविटी से जाम की समस्या का समाधान हुआ। फ्लाईओवर, ओवरब्रिज आदि का कार्य फटाफट हुआ। जो काम 70 वर्ष में नहीं हुए, मोदी जी ने 12 वर्ष में काशी, प्रदेश व देश में वह करके दिखा दिया। आज देश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरकनेक्टिविटी की बेहतरीन सुविधा हुई है। भारत में जब से वायुसेवा आई होगी, तब से 2014 तक जितने एयरपोर्ट बने, मोदी जी के आने के बाद 12 वर्ष में उससे दोगुने एयरपोर्ट बने। देश में पहले केवल 5 शहरों में मेट्रो थी। आज देश के 20 शहरों और यूपी के 7 शहरों में यह सुविधा है। देश का पहला इनलैंड वाटरवे वाराणसी से हल्दिया के बीच संचालित है। 

रोपवे के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रहा काशी
सीएम ने कहा कि काशी रोपवे के माध्यम से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल दे रहा है। जिसे किसी ने नहीं पूछा, उसे आज सब पूज रहे हैं। पहले स्ट्रीट वेंडर्स की दुर्गति किसी से छिपी नहीं थी। गरीब पर चौतरफा मार थी, लेकिन आज पीएम स्वनिधि योजना में वाराणसी में 60 हजार वेंडर्स को प्रथम, 26,800 को द्वितीय व 5 हजार वेंडर्स को तृतीय किस्त भी मिल गई। नगर निगम, औद्योगिक व सामाजिक संगठन नए वेंडिंग जोन बनाकर उनके व्यवसाय को बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। 

दूरदर्शी है मोदी जी का विजन
सीएम ने कहा कि मोदी जी का विजन दूरदर्शी है। टीम उसे लागू कर रही है। काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट भव्य बन गए। संकरी गलियों के लिए जाने जाने वाले काशी की कनेक्टिविटी फोरलेन की हो गई। काशी व प्रदेश को नई पहचान मिल रही है। पहले लोगों के मन में धारणा थी कि यहां अराजकता, गुंडागर्दी होती थी, परंतु आज काशी व यूपी का नाम लेने पर लोग गले लगाते हैं। अयोध्या में भगवान राम विराजमान हो गए। मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर बन गया। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान एक-डेढ़ महीने तक रोज 15-20 लाख श्रद्धालु काशी आते थे। 

अब रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट की तरह दिखते हैं
सीएम योगी ने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत के नाम पर ट्रेन की अत्याधुनिक सुविधा मिल रही है। रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट की तरह दिखते हैं। आस्था, अर्थव्यवस्था, युवा, महिला, बेटी के जन्म से लेकर विवाह, पढ़ाई से लेकर आत्मनिर्भर बनाने तक की योजनाएं चल रही हैं। अब विधानसभा व लोकसभा में कम से कम 33 फीसदी महिलाएं चुनकर जाएंगी। हर तबके को काम मिला और उनका उत्थान हुआ। 

अमेरिका समेत अन्य देशों की हालत खराब, लेकिन भारत नागरिकों के उत्थान की ओर अग्रसर 
सीएम ने कहा कि ऊर्जा का वैश्विक संकट छाया हुआ है। अमेरिका में महंगाई लगभग चार गुना बढ़ी है। अन्य देशों की हालत भी खराब है, लेकिन प्रधानमंत्री के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट में भी भारत नागरिकों के उत्थान की ओर अग्रसर है। यह तभी संभव होता है, जब नीयत होती है। काशी की गलियों में आमजन, उद्यमियों, स्ट्रीट वेंडर्स, व्यापारियों, खिलाड़ियों, युवाओं से मोदी जी की बातचीत योजना बनाने में सहायक होती है, जिसका लाभ पूरा देश लेता है। 

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महापौर अशोक तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, त्रिभुवन राम, डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी आदि मौजूद रहे।

More From Author

योगी सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मिल रही नई उड़ान

भोपाल में बोले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, 21 जून को होगा NEET री-एग्जाम; TMC पर भी साधा निशाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13944/210

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.