अलीगढ़ में 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

विकास की प्रक्रिया रुकेगी नहीं, रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बनेगा अलीगढ़: सीएम योगी 

अलीगढ़ में 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

राजा महेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सीएम स्व. कल्याण सिंह और अलीगढ़ की आध्यात्मिक विरासत को किया नमन

सीएम ने कहा, मोदी जी के विकास व विरासत को साथ लेकर चलने के विजन को प्रभावी रूप से बढ़ाना होगा 

अलीगढ़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की प्रक्रिया न रुकेगी, न थमेगी, बल्कि निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मोदी जी ने अलीगढ़ के लिए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की स्वीकृति देकर जनपद को नई दिशा दी है। अब अलीगढ़ रक्षा उत्पादन व आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। सीएम योगी ने राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

मुख्यमंत्री सोमवार को अलीगढ़ एवं कोल तथा नगर निगम की 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। इस दौरान सीएम योगी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सीएम योगी ने इन विकास योजनाओं के लिए जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद और अलीगढ़ के लोगों को बधाई भी दी।

’बाबूजी’ ने दिलाई अलीगढ़ को नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने, नए विकास कार्यों को स्वीकृत करने तथा वर्तमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हुआ है। बाबा खेरेश्वर महादेव, बाबा अखिलेश्वर महादेव और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े सभी पौराणिक स्थलों ने अलीगढ़ को एक अलग पहचान दी है। राष्ट्रनायक राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने वर्ष 1915 में अफगानिस्तान से भारत की निर्वाचित सरकार का गठन कर आजादी का शंखनाद किया था। सीएम योगी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय कल्याण सिंह (बाबूजी) का स्मरण करते हुए कहा कि एक सामान्य किसान परिवार में जन्म लेकर उन्होंने स्वतंत्र भारत में अलीगढ़ को नई पहचान दिलाने का कार्य किया।

अलीगढ़ अपनी क्षमता का परिचय देने के लिए तैयार 
सीएम योगी ने कहा कि कोल और नगर विधानसभा क्षेत्र को विकास परियोजनाओं का बड़ा उपहार मिला है। कारीगरों व हस्तशिल्पियों के परिश्रम व दूरदर्शिता ने अलीगढ़ को पहले ताला नगरी और बाद में विश्वस्तरीय हार्डवेयर उद्योग केंद्र के रूप में स्थापित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ के लिए डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर की स्वीकृति देकर जनपद को नई दिशा दी है। अब अलीगढ़ रक्षा उत्पादन व आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। देश की सुरक्षा के लिए आवश्यक हथियारों व उपकरणों के निर्माण में अलीगढ़ अपनी क्षमता का परिचय देने के लिए तैयार है। अलीगढ़ में विकास की प्रक्रिया रुकेगी नहीं, थमेगी नहीं, यह अनवरत आगे बढ़ेगी। 

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का कार्य पूरा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है और वहां तेजी से नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए समग्र विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अकेले अलीगढ़ क्षेत्र के लिए लोक निर्माण विभाग की लगभग 2800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा भारत सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से 6-लेन हाईवे का निर्माण तेजी से चल रहा है। रिंग रोड, फ्लाईओवर, पॉलिटेक्निक, अस्पताल, कॉलेज और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के निर्माण कार्य भी प्रगति पर हैं।

योग्य जनप्रतिनिधि चुनने पर संभव होते हैं विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे विकास कार्य तभी संभव होते हैं, जब जनता योग्य जनप्रतिनिधियों को चुनती है, जिनके पास विकास का स्पष्ट दृष्टिकोण होता है। विकास को अपने जीवन का हिस्सा बनाने वाले लोग ही विकास के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर सकते हैं। डबल इंजन सरकार इसी विजन को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। आज अलीगढ़ के दोनों (कोल व नगर) विधानसभा क्षेत्रों में 462 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 85 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है।

विकास व विरासत को साथ लेकर चलने का मोदी जी का विजन 
सीएम ने कहा कि विकास और विरासत, दोनों को साथ लेकर चलने के प्रधानमंत्री मोदी जी के विजन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना होगा। विकास के साथ सुरक्षा व नागरिक सुविधाओं का विस्तार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आज राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के निरीक्षण का भी अवसर प्राप्त हुआ और वहां चल रहे विकास कार्यों को देखने का मौका मिला। मैं जनता को आश्वस्त करने आया हूं कि विकास योजनाएं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार आगे बढ़ती रहेंगी।

इसी दौरान लखनऊ अग्निकांड की सूचना मिलने पर सीएम योगी ने कहा कि वह लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं। विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वह फिर अलीगढ़ का दौरा करेंगे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, मंत्री संदीप सिंह, सुरेंद्र दिलेर, सांसद सतीश कुमार गौतम, अनूप प्रधान, विधायकगण जयवीर सिंह, रविंद्र पाल सिंह, अनिल पाराशर, मुक्ता संजीव राजा, राजकुमार सहयोगी, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, तारिक मंजूर व डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल तथा जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह आदि मौजूद रहे।

More From Author

छत्तीसगढ़ कैबिनेट के अहम निर्णय, ग्रामीण रोजगार की नई योजनाओं समेत बायोगैस नीति को मंजूरी

मध्य प्रदेश में मौसम का डबल अटैक! 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, 4 में हीटवेव; 48 जिले बारिश में पिछड़े

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13814/1

RO No. 13843/161

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.