चेन्नई सुपर किंग्स से अलग हुए स्टीफन फ्लेमिंग, खत्म हुआ सुनहरा सफर

नई दिल्ली
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. इसके साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास की सबसे सफल और लंबे समय तक चली साझेदारियों में से एक का अंत हो गया.

यह फैसला फ्लेमिंग और CSK प्रबंधन के बीच कई दौर की खुली और ईमानदार बातचीत के बाद आपसी सम्मान और आभार के साथ लिया गया.

स्टीफन फ्लेमिंग 2008 में IPL के पहले सीजन में खिलाड़ी के रूप में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे. इसके बाद 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली. अगले 17 वर्षों में फ्लेमिंग के नेतृत्व में CSK फ्रेंचाइजी क्रिकेट की सबसे सम्मानित और सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल हो गई.

फ्लेमिंग के कोच रहते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 IPL खिताब और 2 चैम्पियंस लीग टी20 ट्रॉफियां जीतीं. उनकी कोचिंग में टीम ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 IPL फाइनल खेले.
 
टीम मालिक रूपा गुरुनाथ ने क्या कहा?
चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा,'स्टीफन फ्लेमिंग लगभग पूरी फ्रेंचाइजी यात्रा के दौरान हमारी कोचिंग इकाई की धड़कन रहे हैं. करीब दो दशकों तक उन्होंने हमारी पहचान, सोच और उत्कृष्टता की संस्कृति को आकार दिया.'

उन्होंने आगे कहा, 'सुपर किंग्स परिवार की ओर से हम उनके अटूट समर्पण, जुनून और नेतृत्व के लिए दिल से आभार व्यक्त करते हैं. मैदान पर हमारी साझेदारी भले खत्म हो रही हो, लेकिन वह हमेशा इस टीम की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहेंगे.'

एमडी केएस विश्वनाथन का बयान
CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा, 'शुरुआती दिनों से ही फ्लेमिंग ने सिर्फ हमारी खेलने की शैली नहीं, बल्कि इस फ्रेंचाइजी की पहचान भी तय की. उन्होंने निरंतरता, विनम्रता और टीम को सर्वोपरि रखने वाली संस्कृति बनाई. खिलाड़ियों को समझने और उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की उनकी क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है.'

उन्होंने कहा कि फ्लेमिंग का प्रभाव मैदान की सीमाओं से कहीं आगे तक रहा है और उनके साथ यह शानदार सफर साझा करना फ्रेंचाइजी के लिए गर्व की बात है.

स्टीफन फ्लेमिंग ने क्या कहा?
स्टीफन फ्लेमिंग ने भावुक होते हुए कहा,'खेल की दुनिया में 18 साल एक पूरा जीवनकाल होते हैं. मैं यहां से सिर्फ आभार की भावना के साथ जा रहा हूं. चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा सम्मान रहा है.'

उन्होंने आगे कहा, 'हमने साथ मिलकर यादगार जीत का जश्न मनाया, कठिन दौर का सामना किया और ऐसी यादें बनाई जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी. CSK हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा और मैं आने वाले वर्षों में भी इस टीम का समर्थन करता रहूंगा.'

More From Author

विजय की जन नायकन को मिला ए सर्टिफिकेट, यूके में अनकट रिलीज

भाला फेंक में आनंद सिंह का कमाल, भारत ने जीते तीन गोल्ड पदक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.