प्रदेश के शासकीय स्कूलों में मां सरस्वती एवं गुरु वंदना के साथ शुरू हुईं गतिविधियां

भोपाल 

गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा:

प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में 15 से 29 जुलाई 2026 तक मनाए जाने वाले गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का बुधवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मां सरस्‍वती एवं गुरु वंदना की। भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान को केंद्र में रखते हुए आयोजित किए जा रहे इस पखवाड़े का उद्देश्य विद्यार्थियों में गुरु के प्रति सम्मान, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था विकसित करना और विद्यालयों में सकारात्मक एवं संस्कारमय शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है।

पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें गुरु के महत्व पर भाषण प्रतियोगिता, ‘मेरे जीवन में गुरु’ विषय पर निबंध लेखन, संस्कृत श्लोक, गुरु वंदना, भजन प्रस्तुति, योग एवं ध्यान, स्वास्थ्य जागरूकता, कॅरियर मार्गदर्शन, प्रेरक व्याख्यान, ‘एक गुरु–एक वृक्ष’ अभियान, अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम), स्वच्छता एवं जनजागरूकता रैली और  ‘गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद’ प्रमुख रहेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

15 दिन तक स्कूलों में आयोजित होंगी विभिन्न गतिविविधियां

16 से 27 जुलाई तक प्रदेश के हाई स्‍कूल एवं हायर सेकंडरी स्‍कूलों के विद्यार्थियों को निकटवर्ती सांदीपनि विद्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं सांदीपनि विद्यालयों की आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवाचारों, प्रयोगात्मक गतिविधियों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन करेंगे। 24 जुलाई को ‘एक गुरु–एक वृक्ष’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर और आसपास पौधारोपण किया जाएगा। प्रत्येक पौधे को किसी गुरु के नाम समर्पित किया जाएगा और विद्यार्थियों को उसके संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। छोटे बच्चों द्वारा गुरु सम्मान संदेश और नेम-प्लेट तैयार की जाएंगी। 25 जुलाई को पालक-शिक्षक बैठकों (पीटीएम) में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संस्कारों पर चर्चा होगी। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों का सम्मान भी किया जाएगा। 27 जुलाई को स्वच्छता अभियान एवं जनजागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा। 28 जुलाई को ‘गुरु-शिष्य प्रेरणा संवाद’ कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक और पूर्व विद्यार्थी अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का समापन 29 जुलाई को होगा। इस अवसर पर आयोजित समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही जिला स्तर पर 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों एवं शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालय स्तर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों को  भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सभी शिक्षक और विद्यार्थी गुरु सम्मान, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प भी लेंगे।

सांदीपनि विद्यालयों में होंगे विशेष कार्यक्रम

गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान सांदीपनि विद्यालयों में विशेष गतिविधियां होंगी। नजदीकी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के द्वारा सांदीपनि विद्यालयों का भ्रमण किया जायेगा। प्रदेश के सांदीपनि स्‍कूलों में अपने उत्‍कृष्‍ट कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही सांदीपनि विद्यालयों में मुख्‍यत: विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान के प्रयोग एवं प्रोजेक्ट बेस्ड गतिविधियों का प्रदर्शन,  विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा किए गए नवाचारों की जानकारी, विद्यार्थियों द्वारा डिजिटल/ एआई का प्रदर्शन एवं मेधावी विद्यार्थियों का समान जैसे आयोजन किए जाएंगे। गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान प्रत्येक गतिविधि अधिकतम एक घंटे में आयोजित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित न हो। पखवाड़े के सभी कार्यक्रम विद्यालय प्रबंधन समितियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी में सुनिश्चित किए जाएंगे।

 

More From Author

EV, AI-ML, ड्रोन और साइबर सुरक्षा जैसे आधुनिक कोर्स से आत्मनिर्भर बन रहे छत्तीसगढ़ के युवा

भवनों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.