2027 चुनाव मिशन पर जदयू का फोकस, प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में तैयारियों की हुई समीक्षा

लखनऊ

जदयू की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न; 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा प्रक्रिया प्रारम्भ

जनता दल (यूनाइटेड), उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार, 18 जुलाई 2026 को लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार, सहकारिता भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप सिंह पटेल ने की। बैठक में बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता माननीय श्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों, सभी जिलाध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लिया। संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों तथा वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 2027 चुनाव को ध्यान में रखते हुए मण्डल सम्मेलन, जिला सम्मेलन, विधानसभा सम्मेलन कराने के पश्चात राज्य स्तरीय सम्मेलन कराया जाएगा जिसमे जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय झा शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं बिहार सरकार के मंत्रियों के विधानसभा, जिला एवं मंडल स्तर पर व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के अंतर्गत सभी जिलों एवं प्रदेश पदाधिकारियों से संभावित एवं इच्छुक प्रत्याशियों के नाम समीक्षा हेतु आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही जिला, विधानसभा एवं बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार और उसकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पार्टी उत्तर प्रदेश में किन-किन विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ेगी, इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप सिंह पटेल ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती और संगठनात्मक शक्ति के साथ लड़ेगी तथा प्रदेश में बनने वाली अगली सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्य अतिथि माननीय श्री श्रवण कुमार ने बिहार सरकार, विशेषकर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री माननीय श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास, सुशासन एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बेटियों एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी अनेक योजनाएँ आज अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इन जनहितकारी योजनाओं एवं जदयू की विकासवादी सोच को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें।

More From Author

राज्यपाल की पहल के बाद एसजीपीजीआई ने बनाई टास्क फोर्स, सुधरेंगी छात्र सुविधाएं

भारत की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमता और नवाचार का सशक्त प्रतीक है विक्रम-1 : मुख्यमंत्री साय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.