1912 शिकायतों का होगा समाधान, लापरवाही पर अधिकारियों को मिलेगी सजा

लखनऊ
 मध्यांचल विद्युत निगम के एमडी संदीप भागिया ने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता बिजली बिल, खराब मीटर, नए कनेक्शन या बिजली चोरी से जुड़ी कोई भी शिकायत टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज कराता है, तो संबंधित अधिकारी को उसका समाधान करना ही होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी ने फर्जी तरीके से शिकायत का निस्तारण दिखाया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि निगम में कुछ अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का भी समाधान नहीं किया, जिसकी जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को मध्यांचल निगम मुख्यालय पर आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को गलत बिलिंग और खराब मीटर की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए विभाग रोजाना समीक्षा कर रहा है। सोलर कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की तकनीकी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र की बिजली सुधार कार्य योजना का प्रस्ताव स्वीकृत कराने और बिजली चोरी रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने की बात कही। इसके तहत नए उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही जर्जर तारों और खंभों को बदलने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जाएगा。

एमडी मुख्यालय पर लगेगा विशेष शिविर
बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए एलडीए और नगर निगम की तर्ज पर हर महीने मध्यांचल निगम मुख्यालय पर विशेष शिविर लगाया जाएगा। एमडी ने कहा कि जल्द ही शिविर की तारीख घोषित की जाएगी। इस शिविर में उपभोक्ता नए बिजली कनेक्शन, गलत बिलों में सुधार, लोड बढ़वाने और खराब मीटर बदलवाने जैसी तमाम शिकायतों का सीधा समाधान पा सकेंगे। उन्होंने अमौसी जोन में मोहनलालगंज और मलिहाबाद में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कार्यालय खोलने पर भी विचार करने की बात कही।

इन जिलों के पीड़ित सुना सकेंगे व्यथा
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत आने वाले लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के उपभोक्ता मुख्यालय पर लगने वाले शिविर में अपनी समस्याएं रख सकेंगे।

बिजली चोरी के खिलाफ चलेगा संयुक्त अभियान
बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए लेसा और विजिलेंस की संयुक्त टीम शहर के बिजली चोरी बहुल इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, हॉस्टल, नर्सिंग होम और इंडस्ट्रीज जैसे व्यावसायिक परिसरों की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा कटिया लगाकर ई-रिक्शा चार्ज करने वालों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

 

 

More From Author

प्रशासन पूरी तैयारी के साथ किसानों की सहायता के लिए तत्पर रहे

’नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित फेथ कांक्लेव 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

RO No. 13910/15

city24x7.news founded in 2021 is India’s leading Hindi News Portal with the aim of reaching millions of Indians in India and significantly worldwide Indian Diaspora who are eager to stay in touch with India based news and stories in Hindi because of the varied contents presented in an eye pleasing design format.